Showing posts with label खाप पंचायत. Show all posts
Showing posts with label खाप पंचायत. Show all posts

Thursday, October 11, 2012

सोलह में शादी की आजादी



देखिये साहब हमारा मुल्क रंगरंगीला परजातंतर है। इस बात को नित साबित करती खबरें हमारी मीडिया पेश करती रहती है। हालिया मामला है खाप पंचायत द्वारा लड़कियों को बलात्कार से बचाने, सोलह साल में उनकी शादी करने का फ़तवा। इस पर चारों ओर बवाला मचा हुआ है , हर कोई ऐसी भूरी भूरी आलोचना कर रहा है कि क्या कहा जाये। लेकिन इस फ़ैसले से कुछ लोगो को सहमत होना चाहिये। सबसे पहले संघ समर्थक जो बेचारे लव जेहाद से बेहद घबराये हुये रहते है कि मुसलमान हिंदु लड़कियो को पटा-पटा कर भारत को मुस्लिम राष्ट्र बनाने में तुले हुये हैं। अब लव जेहाद से हिंदु लड़कियो को बचाने का इससे बढ़िया रास्ता क्या हो सकता है कि उनके हाथ सोलह बरस की उम्र मे पीले कर दिये जाये। न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी।दूसरी ओर मुल्लाओ को भी टीवी में दिखाना चाहिये, आखिर उनके अनुसार भी मुस्लिम लड़किया इस उम्र में ब्याही जा सकती है, कानूनन ब्याही जा भी रही है। लेकिन इन मुल्लाओं को टीवी पर दिखाने का कष्ट हमारी मीडिया नही करती। आखिर धर्मनिरपेक्षता भी तो कोई चीज है कि नहीं।

चलिये अब और आगे चले "तू सोलह बरस की मै सतरह बरस का" बाबी फ़िल्म के इस गाने और ऐसे हजारो फ़िल्मी गानो और फ़िल्मो पर भी बोलना नही चाहिये। आखिर प्रेम संवैधानिक वस्तु है। किसी भी उम्र में प्रेम करना, करने के लिये उकसाना संविधान सम्मत है। अब पढ़ा लिखा समाज किस तरह प्रेम के लिये मना कर सकता है।  लिंग वर्धक यंत्र का इश्तेहार अखबार में छपे या जापानी तेल का विज्ञापन एफ़ एम रेडियो पर।  यह तो पढ़े लिखे लोगो के लिये है। वो थोड़े इतने बेवकूफ़ है कि इन बातो मे आयेंगे। वैसे विज्ञापन तो बहुत ही गजब है।
पहली दूसरी से कहती है - "क्या बात है आशा जी आज बड़ी खिली खिली नजर आती है।"
दूसरी कहती है "क्या बताउं सखी, मेरे पति थके बुझे से रहते थे, राते बोझिल कटती थी। जब से उन्होने जापानी तेल लगाना शुरू किया है तब से मेरी राते रवां दवां हो गयी है।"

जिस वक्त खाप पंचायत के फ़ैसले को चैनल में कोसा जा रहा था। उसी वक्त ब्रेक में मैनफ़ोर्स कंडोम के विज्ञापन में उत्तेजक हाव भाव वाले लड़की लड़का अलग अलग स्वाद वाले कंडोम में जीवन का मजा चखने की दावत दे रहे थे।‘

अब वापस आ जाईये खाप पंचायत के फ़ैसले पर। उसको लेने के पीछे कारण क्या थे? तर्क क्या थे? इसकी जहमत किसी ने नही उठाई। इन बढ़्ती बलात्कार की घटनाओ के पीछे सबसे बड़ी वजह इश्क मुहब्बत का ग्रामीण परिवेश में चढ़ता बुखार है। प्यार में फ़ंसा कर बिगड़ैल लड़के, लड़कियो से संबंध स्थापित कर रहे है। और अतिरेक की घटनाओ में जिसमे कुछ अभी हरियाणा में हुई है। वे अपने मित्रो को भी एश करने की सामूहिक दावत दे रहे हैं। फ़िल्मो विज्ञापनो के बाजारवाद ने सुदूर अंचलो तक अपनी पैठ बना ली है। शिक्षित परिवार के युवक युवती और ग्रामीण अंचल के अनपढ़ या कम पढ़े लिखे युवाओ पर इसके असर में बड़ा अंतर है। इस बाजारवाद के प्रभाव से ग्रामीण अंचलो या शैक्षिक रूप से पिछड़े इलाको मे दूरगामी असर हो रहे है। बलात्कार से भी आगे गरीब लड़कियो को प्रेम के जाल मे फ़सा कर ही वेश्यालयो तक पहुंचाया जाता है। ऐसा नही है कि ऐसी लड़कियो का प्रेम हरदम असफ़ल होता है  लेकिन तुलनात्मक रूप से असफ़लता और बुरी संभावनाओ की दर इनमे बहुत ज्यादा है।

किसी भी संगठित समाज का अपने में आई खामियो और खतरो से निपटने का एक सामाजिक तरीका होता है। खाप इसी का एक उदाहरण है। हम आरामदेह कुर्सियो में बैठ इनके फ़ैसले को जरूर कोस सकते हैं।  सोलह या पंदरह की उम्र मे शादी निश्चित ही एक अनुचित कदम भी होगा। पर हमें खाप पंचायतो के सम्मुख खड़ी समस्याओं और आशंकाओ पर भी तो चर्चा करनी चाहिये। सभ्यता तो लिव इन रिलेशन तक भी ले जाती है, पर एक नौकरीशुदा उच्चशिक्षित जोड़े के लिव इन और खेतों, कारखाने में काम करते अल्पशिक्षित जोड़े लिव-इन रिलेशन में अंतर होगा कि नही। बाजारवाद की शक्तियां ही किसी भी देश के संविधान और व्य्वस्था को निर्धारित करती है। सो इस समस्या का कोई समाधान तो हो ही नही सकता। न खाप का निर्णय माना जा सकता है और न ही फ़िल्मो और विज्ञापनो के बढ़ते असर को रोका जा सकता है। पर कम से कम टीवी में बैठ खाप को सिर्फ़ कोसने के बजाये पूरे हालात पर निष्पक्ष चर्चा करना तो चाहिये। 

Wednesday, July 18, 2012

बेटियों को पटने दो गांव वालो

देखिये साहब इस तरक्की शुदा इंडिया के उपर ये पिछड़ी सोच के गांव वाले किसी कलंक से कम नही। आदर्श इंडिया की राह में हिंदुस्तान रोड़े अटका रहा है। अचानक  इंडिया कैसा हो यह नजारा मेरी आंखो के सामने तैर गया। चार पड़ॊसी आपस मे बात कर रहे थे।

शर्मा जी दमकते चेहरे से बोले- " भाई आज मै चिंता मुक्त हो गया।  लड़की को एक लड़के ने आई लव यू कह दिया।  बेचारा पुरानी सोच वाले खानदान का था,  तीन महिने से आगे पीछे हो रहा था।  वो तो मैने  कहा, डरो मत बेटा कह दो, तब कही जा कर उसने कहा।

पीटर साहब बोले- "आज कल आई लव यू कहने वाले लड़के आसानी से मिलते कहा हैं।

खान साहब बोले - " मेरी बेटी को तो हमारी ही जात का लड़के का आई लव यू पसंद आ गया था। वो तो मैने तड़ फ़ड़ दूसरी बिरादरी वाले लड़के को खोज खाज,  दहेज दे आईलवयू कहलवाया। वरना शहर में नाक कट जाती कि देखो ये खान साहब कितना पिछड़ा है अपनी बिरादरी में निकाह करवा दिया।

सतनाम सिंग बोले  - मै तो परेशान हो गया हूं भाई,  बड़ी  बेटी को जो आई लव यू कहे वो उसे पसंद नही आता।  भले अपनी जात का आई लव यू कहे, पर मामला निपटे तो सही।  अरेंज मैरिज करनी पड़ गयी तो मेरी छोटी लड़की को आई लव यू कौन कहेगा। 


ऐसा स्वर्णिम सपना देख आंखे खोली ही थी कि सामने टीवी पर प्राईम टाईम नजर आया। सब पानी पी पी कर कोस रहे थे - "सरकार सो रही है नेताओ को डूब मरना चाहिये।" एक बेचारा खाप पंचायत वाला गिड़ गिड़ा रहा था- "हमारा रिवाज है, एक गोत्र में शादी करने की इजाजत नही है। तभी एक मोटी ताजी महिला नेता ने टोका- " पांच सौ साल पहले रह रहे हो क्या साहब, मेरा बस चले तो इन घटिया लोगो को एक दिन मे ठीक कर दूं।" फ़िर सारे के सारे एक साथ बोलने लगे। शोर गुल से घबरा हमने टीवी ही बंद कर दिया।



ये जो काल्पनिक सीन मैने बताया वह आज का सच है।  ये पढ़ लिख खा पी कर मोटाये,  मानवाधिकार वाले ऐसी आदर्श परिस्थिती की बाते करते है कि जाने माने लड़का, लड़की गैजुयेट है। लड़का खा कमा रहा है लड़की को रानी बना कर रखेगा। अरे भाई गांव मे झांक कर तो देखो, शहर की गरीब बस्तियों में ही झांक कर देखो। लड़का लड़की कितने पढ़े लिखे होते हैं। विवाह के बाद कैसी कैसी समस्याएं आती है। खुद इनके घरो का आंकड़ा पूछिये, कितनो के बच्चो ने प्रेम विवाह किया है।

 ये खाप वाले भी कोई अलगू चौधरी, जुम्मन शेख की औलाद नही है। इनका हुक्म और फ़जीहत  गरीबो को ही झेलनी पड़ती है। प्रेमी जोड़े बर्बरता का शिकार होते है। आनर किलिंग के नाम पर सैकड़ो हत्याये होती ही हैं। गांव की औरतो को अकेले बाजार न जाने देने की घोषणा करने वाले को जेल होना ही चाहिये। पर सामाजिक परंपराओ का सम्मान भी होना चाहिये, हर समाज सैकड़ो सालो मे विकसित हुआ है उनकी मान्यताये विकसित हुई है। जातीवाद को ही देख लीजिये हिंदुओ से शुरू हुआ, मुसलमान तो भी जातीवाद बरकरार है। यह धर्म की नही समाज की देन है।

मुद्दे पर संतुलित चर्चा होनी चाहिये, परंपराओ का सम्मान करते हुये चर्चा होनी चाहिये। कोई समाज अपने नियमो का उल्लघंन करने वाले को समाज से बाहर कर दे तो किसी के सवाल उठाने का प्रश्न नही। क्या लड़का लड़की को प्यार के पहले नही पता था कि समाज इसे स्वीकार नही करता। गांव से, संपत्ती से बेदखल करने का विरोध होना चाहिये, सुरक्षा, कानूनी सहायता मिलनी चाहिये । चर्चा ऐस     हो जिस पर चर्चा हो रही हो वह उससे कुछ सीखे, समझे सोच विकसित करें। टीवी पर गला फ़ाड़ कोसने उस पर उल्टा ही असर होगा।

खैर साहब इन मोमबत्ती ब्रिगेड वालो का धंधा कभी मंदा नही होगा, हिंदुस्तान इंडिया भी बन जाये, खाप पंचायत वाले कन्या बचाओ की तरह प्रेम विवाह बचाओ का नारा भी लगाने लगे। तो ये समलैंगिकता का नया बवाला खड़ा होने ही वाला है। फ़िर इनका दाल रोटी चल निकलेगा।