Sunday, February 26, 2012

दवे जी ये "सेक्सी" क्या होता है

नुक्कड़ पर कालू गरीब हमें देख बोला - "दवे जी,  ये ’सेक्सी’ किस बला का नाम है उस पर बवाल क्यों मचा हुआ है।"  हमने महिला आयोग की अध्यक्षा की राय उसे बताई  - "मियां कालू सेक्सी का अर्थ सुंदर होता है, और ये लड़कियो पर लागू होता है।" इतना कहते ही हम ठिठक गये, तकनीकी रूप से हम सही नही थे। आजकल समलैंगिकता का लफ़ड़ा जोरो पर है। हर दिन फ़ेस बुक पर हमें कोई न कोई बंदा  सेक्सी और हैंडसम करार देता है। पता करने वाली बात सिर्फ़ इतनी बाकी है कि भाईयो को हम आगे से सेक्सी नजर आते हैं कि पीछे से।खैर इस तकनीकी मामले का बोझ कालू पर न डालते हुये, हमने आगे कहा -  "किसी लड़की को सुंदर कह दो, खा वो बुरा मान जायेगी या खुश भी हो सकती है। अब मियां यह तो ऐसा मामला है कि ठीक ठीक कहा नही जा सकता। सो कई लोग हाय तौबा मचा रहे हैं।

कालू मानने को खाली न हुआ, बोला- " भईया सेक्सी का हिंदी अर्थ, बताओ पहेलियां न बुझाओ। हमने टरकाने के उद्देश्य से कहा- " भाई कालू,  सेक्सी का कोई ठीक ठीक मतलब नही है। सुंदर लड़कियो को सेक्सी कहते हैं।"
लेकिन कालू यूपी चुनाव के बाद अपनी ताकत पहचान चुका था। भड़क कर जोर से बोला- हां भैया, ब्राह्मण हो हम दलितो, अल्पसंख्यको, पिछड़ो तक जानकारी पहुंचने क्यों दोगे। बहन जी,  कहती ही हैं कि मनुवादी, सामंतवादी सोच वाले हमको पिछड़ा रखना चाहते है। " हमने माथा ठोक लिया, वाह रे राजनीती सेक्सी तक को घसीट लिया। अब हमने कालू को गुस्से से घूरा- "अबे सुन, बाबा रामदेव को कालाधन सेक्सी लगता है कांग्रेस को राहुल बाबा और भाजपा को हिंदु तन मन हिंदु जीवन। अब समझा सेक्सी का मतलब कि नही।" लेकिन साहब पूंजिवादियो के शब्दो में कहा जाये तो,  कालू समझदार ही होता तो गरीब क्यों रहता। सो कालू ने इंकार में सर हिला दिया। हमने दूसरी तरीके से समझाने की कोशिश की-  " देख भाई सेक्सी ऐसा शब्द है जो बजरंग दल की नजर में संस्कृति विनाशक,  जमाते इस्लामी की नजर मे कुफ़्र,  भाजपा की नजर में बेशर्मी है। रही कांग्रेस की बात, तो जब तक प्रियंका पर इसका उपयोग न किया जाये।  उन्हे इस शब्द से कुछ खास दिक्कत नही है।"

हमने फ़िर कालू की तरफ़ देखा, घोंचू फ़िर भी इंकार में सर हिला रहा था। हम और भड़क गये कहा -"अबे बात तो पूरी होने दे क्या विपक्षी पार्टियो की तरह हर बार मुंडी हिला दे रहा है। ध्यान से सुन,  दिल्ली के मिरांडा कालेज यह शब्द आम है,  खालसा कालेज मे खास। मदरसो में इस शब्द के प्रयोग पर जूते पड़ सकते है।  होटल ताज में मिलने वाला हर युवा "बड़े सेक्सी नजर आ रहे हो" जुमले का प्रयोग करता है। वहां पर,  यह शब्द इतना इज्जतदार है कि भाई अपनी बहन पर भी इस जुमले का इस्तेमाल कर लेता है। अपने छत्तीसगढ़ी में सेक्सी को "ठांय, ठांय़" कहा जाता है। तो बाम्बे के मिडल क्लास में सेक्सी को "झकास" कहा जाता है।"

"और सुन,  अलग अलग लोगो को अलग अलग चीज सेक्सी लगती है।  नेताओ को मंत्री पद,  अफ़सरो- ठेकेदारो को सूखा,  बाढ़ राहत से सेक्सी कुछ नही दिखता।  मियां यह सेक्सी शब्द ईश्वर की तरह सर्वव्यापी है। भैस, गधा, घोड़ा चिडिया सब को अपना साथी टाईम, टाईम पर सेक्सी दिखता है। और इंसान को टाईम, बेटाईम भी सेक्सी  देखने में कोई गुरेज नही है। अंतर सिर्फ़ इतना है कि यह सेक्सी दिखना, जब बंद कमरे मे होता है तो सभी धर्मो की पताकाये आसमान में लहराने लगती है।  और खुले में धोखे से भी नजर आ जाने पर सारे, धर्म धार्मिक शोक की घोषणा कर झंडा आधा झुका लेते हैं।

  कालू दुखी था,  इतना समझाने पर भी न समझ पाने का मलाल उसके चेहरे पर साफ़ देखा जा सकता था।  हमने कहा -"गलती तेरी नही है भाई कालू।  बड़े बड़े रिषी मुनी भी इस ’सेक्सी’ को समझ नही पाये रे भाई । देख मामला ऐसा है कि कम कपड़े पहनने वाली लड़कियो को सेक्सी कहा जाता था।  पर अब जमाना बदल रहा है,  आजकल हाई सोसाईटी के लोग पूरा श्रंगार की हुयी दुलहन को भी उसके होने वाले पति के सामने सेक्सी कह देते हैं।"  कालू ने प्रश्न किया- "भैया ये सेक्सी बनना तो बहुत खतरनाक काम है। कम कपड़े पहनेंगे तो गुंडे पीछे नही पड़ जायेंगे।" हमने सर हिलाया, "  सारा लफ़ड़ा चालू वही से हुआ है रे भाई।  बीच में विश्व भर में माडर्न लड़कियो ने प्रदर्शन किये है,  कि हम कपड़े पहने,  कम पहने,  न पहने पर हमारे पीछे मत पड़ो।" कालू ठठा कर हसा - "वाह रे मूर्खन की बुद्धी,  अब कोई बोर्ड लगायेगा कि चोरी मत करो तो क्या चोर मान जायेगा।"  हमने कालू को गले से लगा लिया- "वाह अब बात तेरे समझ मे आ ही गयी,  बधाई हो।" कालू ने फ़िर झटका दिया- "सेक्सी का मतलब कहा बताये हो अभी।"

हमने कहा-  "मिया कालू  इस ’सेक्सी’ शब्द से अपने हिंदुस्तान का  कोई लेना देना नही है।हां विदेशो में या इंडिया में जहां स्त्री का अर्थ सिर्फ़ उसके तन से हो सेक्सी कहा जा सकता है।"  कालू को बड़ी देर बाद यह बात समझ में आई कि जिससे वह ’सेक्सी’ का अर्थ पूछ रहा है उसे खुद ही नही मालूम। उसने हमारा दिल रखने के लिये कहा -"भैया मै  समझ गया" और हमसे विदा ली। हमने भी चैन की सांस ली। जब से ये मुआ टीवी गांव गांव में पहुंच गया है  नुक्कड़ में बैठना खतरे से खाली नही।  पता नही कब क्या पूछ बैठे।
Comments
8 Comments

8 comments:

  1. लेकिन कालू युपी चुनाव के कारण अपनी ताकत पहचान चुका था। भड़क कर जोर से बोला- हां भैया, ब्राह्मण हो हम दलितो, अल्पसंख्यको, पिछड़ो तक जानकारी पहुंचने क्यो दोगे। बहन जी, कहती ही हैं कि मनुवादी, सामंतवादी सोच वाले हमको पिछड़ा रखना चाहते है। इसिलिये आप सेक्सी का मतलब नही बता रहे हो।"
    ...... व्यंग की पंच लाईन है ये सटीक निशाना ... जय हो ऐश करो :):)

    ReplyDelete
  2. बहुत सुन्दर प्रस्तुति!
    घूम-घूमकर देखिए, अपना चर्चा मंच
    लिंक आपका है यहीं, कोई नहीं प्रपंच।।
    --
    आपकी इस प्रविष्टी की चर्चा आज बुधवार के चर्चा मंच पर लगाई गई है!

    ReplyDelete
  3. क्या कहने हैं तेल देख तेल की धार देख व्यंग्य वाही जो सर चढ़के बोले .सेक्सी बोले तो कूल .बोले तो फेशनेबुल इनडेट .हा हा हा !

    ReplyDelete

आपकी टिप्पणियों का स्वागत है..
अनर्गल टिप्पणियाँ हटा दी जाएगी.