Showing posts with label रामदेव बाबा. Show all posts
Showing posts with label रामदेव बाबा. Show all posts

Monday, June 20, 2011

भाजपाइयों आम खाओ पेड़ क्यों काटते हो

नुक्कड़ पर दीपक भाजपायी बेचैनी से टहल रहे थे टहलते टहलते बड़बड़ा भी रहे थे । "अब किस बाबा को आगे करूं  कैसे अन्ना के पीछे लगूं  रामदेव बाबा कब तक वापस तगडे होंगे उनको कैसे तगड़ा करूं मै क्या करूं " । इतने मे किसी ने उनको समझाया भाई किसी से सलाह लेते क्यो नही बात दीपक भाजपायी को जम गयी सीधे मेरे और आसिफ़ भाई के पास पहुंच गये और व्यथा बताई कहने लगे राह बताओ भाई मै क्या करूं तीन साल काटना बड़ा मुश्किल हो रहा है । मैने मुस्कुराकर कहा इतनी जल्दी क्या है प्यारे जब जीना है बरसो दीपक जी भड़क गये बोले दवे जी हर वक्त मजाक अच्छा नही लगता अभी मामला गंभीर है  । मैने कहा भाई तुम लोगो की मुसीबत तुम लोग खुद हो । खुद ही खुद को ठीक कर सकते हो यहा वहां घूमने का कोई जरूरत नही है ।


देश की जनता वैसे ही कांग्रेस से त्रस्त है उसको सत्ता से निकाल बाहर करना चाहती है । बाबा रामदेव ही लाईन मे ले आते खामखा तुम लोग उन के साथ जुड़ गये साध्वी को बैठा दिया वो अलग । आम खाने का इंतजार करते काहे पेड़ ही काट दिया । दीपक भाजपायी फ़िर भड़क गये हद करते हो लोकतांत्रिक देश है हर किसी को हक है आंदोलन मे भाग लेने का हमने भाग लिया तो दोषी और बाकी सब ले लेते तो ठीक लालू और नायडू बाबू आते ते कोई कुछ न कहता साध्वी चली गयी तो गुनाह हो गया । दवे जी आप तो छदम धर्मनिरपेक्ष मीडिया और कांग्रेस टाईप बात करते हो ।

मैने मुस्कुराते हुये कहा भाई तुम लोग अकेले कहीं कहां जाते हो साथ तुम्हारे साथ मुसीबत भी आती है पहली मुसीबत अभी जनता की लड़ाई भ्रष्टाचार से है और तुम लोग भी बराबर से खा पी रहे हो ऐसे मे कांग्रेस बाबा को छोड़ तत्त्काल तुम्हारा चेहरा सामने ले आती है ।  अब जनता एक चोर के खिलाफ़ लड़ाई मे दूसरे चोर का साथ दे तो कैसे । इतने मे आसिफ़ भाई बोल पड़े दूसरी मुसीबत तुम्हारे पुछल्ले हैं जहा जाते हैं  धार्मिक नारे लगाने लगते हैं । वैसे मे मेरे जैसे अल्पसंख्यक वर्ग के लोग उस आंदोलन से दूर हो जाते है । भाई हिंदुओ की कोई समस्या है तो कोई मांग है तो संविधान के अंदर रह कर उसके लिये लड़ो  । देश का मुसलमान आज कांग्रेस से त्रस्त है इसने लालीपाप दिखा दिखा कर पचास साल से उनका शोषण लिया है । तुम एक कदम आगे तो बढ़ाओ कांग्रेस तो छोड़ उसका दफ़्तर भी इस देश मे नही दिखेगा ।



मैने कहा तीसरी और अंतिम सलाह यह है दीपक भाई कि अब अन्ना से दूर ही रहना कुछ करना ही हो तो गरीबो मे दान दक्षिणा बाट देना भगवान खुश होकर अन्ना को सफ़ल कर देंगे । प्यारे मोहन ये कांग्रेस खुद ही अपने कर्मो से मरी जाती है क्यो तुम बाबाओ को यतिओं को सामने रख इसको प्राण वायु देते हो । जब चुनाव होगा तो कांग्रेस से त्रस्त आम आदमी सत्ता का आम तुम्हे ही चूसने देगा और है कौन तुम्हारे अलावा । खाली अन्ना की जो मांगे है उनके पक्ष मे संसद मे वोट दे देना बस इससे आगे कूदने जाओगे प्यारे भाजपाई काम बिगड़ जायेगा आम का पेड़ कट जायेगा ।

इतना सुनते ही दीपक भाजपायी प्रसन्न हो चल पड़े इधर आसिफ़ भाई ने मुस्कुरा कर पूछा यार दवे जी  मोदी जी को नेता बनायेंगे तो पक्का सत्ता पायेंगे ये सलाह क्यों नही दी इनका काम जल्दी हो जाता । मैने भी मुस्कुराकर कहा मियां ये सलाह मानते ही कहां है किसी की । सलाह मानना ही होता तो संघ के उन कार्यकर्ताओ की मानकर ईमानदारी पूर्वक आचरण  करते जिन्होने भाजपा को शून्य से आकाश तक पहुंचाया था ।  खुद की शाईंनिंग हो गयी तो इंडिया शाईनिंग समझने लगे हालत यह है कि दो बार लगातार चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस के इतने भ्रष्ट और निरंकुश शासन के बाद भी ये लोग चुनाव जीत ही जायेंगे इस पर सहज भरोसा नही होता है ।

वैसे  आसिफ़ भाई  ये तो बताओ   मीडियासुर को कांग्रेस की कमीज दीपक भाजपाई की  कमीज से सफ़ेद कैसे नजर आती है । ये  इतना कमा रहे हैं जरा खर्चा करते मैनेज करते  क्यों  सारा माल खुदे हजम कर जाते हैं ।

Wednesday, June 15, 2011

निगमानंद भाजपा और शनी भगवान


नुक्कड़ पर भाई सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी ने शोक सभा रखी थी बड़ी कठिनाई से अपना हर्ष छुपाते हुये उन्होने घोषणा की । हमे निगमानंद जी के देहावसान का बड़ा दुख है भगवान उनकी आत्मा को शांती दे । इतना कह उन्होने पैतरा बदला कहने लगे जब मै रामदेव बाबा को ढोंगी कह रहा था तब आप सब मुझे गालियां दे रहे थे । आज निगमानंद जी ने प्राण देकर दिखा दिया कि असली अनशनकारी कैसा होता है 28 दिन तक निगमानंद जी ने कुछ नही खाया था मै सरकार से दरख्वास्त करूंगा कि आगे से नये अनशन कारियों के लिये कम से कम 50% पासिंग मार्क रखो 14 दिन से पहले किसी अनशन कारी से बात मत करो । दीपक भाजपाई  दुखी नजर आ रहे थे शर्मा जी ने टांट कसा निगमानंद जी के मरने पर दुखी हो या बाबा रामदेव के बच जाने पर इतना सुनते ही दीपक भाजपाई आपे से बाहर हो गये बोले आप लोगो को हर चीज पर राजनीती नजर आती है शोक सभा मे भी व्यंग्य कस रहे हो ।

शर्मा जी भी पीछे नही थे बोले आप लोगो को तो राजनीती नजर ही नही आती बाबाओं के के पीछे छुप लड़ने के पहले देखते तो अपने घर के बाबा कैसे हैं मर तो नही रहे । पांच दिन मे रामदेव कोमा मे चले जायेगा की घोषणा करने वाले निशंक को 28 दिन से भूखे निगमानंद के कोमा पर जाने की शंका नही हुई  । अरे भ्रष्टाचार के खिलाफ़ लड़ने के पहले खुद का गिरेबान तो झांकते मोदी छोड़ कौन इमानदार है चोर चोर मौसेरे भाई फ़िर काहे की लड़ाई । वो भी छोड़ो दुनिया भर के साधु संतो की पार्टी होने का दावा करते हो तो क्यों नही रामदेव बाबा की कुंडली किसी साधु को दिखाई  मालूम तो पड़ जाता रामदेव बाबा के दिन बुरे आने वाले हैं दूसरा बाबा खोज लेते । हमको देखो हमने पहले ही बाबा की कुंडली दिखवा ली थी जितने दिन समय सही था उनको प्रणाम किया जिस दिन साढ़े साती शुरू हुयी नही कि डंडा घुमा दिया । अरे भाई शनी भगवान थोड़े खुद दंड देने आते हैं हम जैसे लोगो के द्वारा ही दिलवाते हैं अब हम लोगो ने भगवान का काम किया तो आप लोग नाराज हो रहे हो ।


दीपक भाजपाई से रहा नही गया बोले रे कांग्रेसी शनी भगवान तुम लोगो को दंड देने वाले हैं वो भी हमारे हाथो अब ज्यादा समय नही है | इतना सुन शर्मा जी उर्फ़ कांग्रेसी दार्शनिक बन गये भाई आपकी बात तो सही है दुनिया मे आये हैं कर्म किया है तो दंड तो सहना पड़ेगा पर शनी भगवान भी मजबूर है करे क्यां किसके हाथो दंड दिलवायें आपको सत्ता देने की सोचते हैं तो आप लोग जय श्री राम हर हर महादेव चिल्ला देते हो सारे अल्पसंख्यक मजबूरी मे हमारे साथ आ जाते है हैं और रही बात हिंदुओ की उसमे भी तुम्हारे जैसे कट्टर लोग अल्पसंख्यक ही हैं समझदार जानते हैं कि कट्टर सोच वाले सत्ता मे आयें तो देश मे वैमनस्य बढ़ेगी वे भी मजबूरी मे हमे ही वोट देते हैं और हम लोग फ़िर बहुसंख्यक हो जाते हैं कुछ कमी पड़ भी जाये तो दलित ओबीसी आदिवासी ये सब कार्ड तो हैं ही और क्षेत्रीय पार्टिंया भी साम दाम दंड भेद से हमारे ही पाले मे आती हैं । भाई जब तक हमारी ही तरह की विचारधार वाली दूसरी कोई ईमानदार पार्टी देश मे न आये शनी भगवान भी हमारा कुछ नही बिगाड़ सकते । और जिस देश मे पार्टी बनाने के लिये ही काला धन लगे वहा कौन ईमानदार पार्टी बना सकता है मतलब साफ़ है हम लोग अजेय हैं । इतना कह शर्मा जी नुक्कड़ पर दंभ भरा नंगा नाच नाचने लगे ।


मेरे बाजू आकर दीपक भाजपाई भुनभुनाये ये निगमानंद जी का मामला भी अभी उठना था जरूर कांग्रेसियो की इसमे चाल है मैने कहा दीपक बाबू पहले अपने हाल चाल क्यो नही देखते अरे भाई कट्टर हिंदूवाद ही अपनाना है तो नाम भारतीय हिंदुवादी पार्टी रखो यदी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ना है तो मोदी जी को सामने लाओ और सारे बेईमानो को पार्टी से बाहर करो ।  बीच का बंदर खेलना है यतियों को सामने रख लड़ना है तो मंदिरो मे लगाये जाने वाले नारे  जन सभाओं मे  लगाते  ही रह जाओगे समझे की नही ।

खैर साहब दीपक भाजपायी समझे कि नही समझे हम सभी समझ चुके हैं कि शर्मा जी उर्फ़ कांग्रेसी का दंभ भरा नाच हमे आगे बहुत दिनो तक देखना है और भारत मे भ्रष्टाचार मुक्त सवेरा  होगा इसकी उम्मीद कम ही नजर आती है

Friday, June 3, 2011

बाबा मेरे बाबा दिल मे समा जा




सुबह सवेरे नुक्कड़ पर भाई दीपक भाजपाई पूर्ण श्रद्धा से रामदेव बाबा की फ़ोटो के सामने गाना गा रहे थे "बाबा मेरे बाबा दिल मे समा जा " वाला चारो ओर भीड़ लग गयी  लोग काना फ़ूसी करने लगे । इतने मे भाई सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी पधारे और डाईरेक्ट कमेंट कर दिया भाई दीपक ये तुम्हारे बाबा के पास पैसा कहां से आता है इतना शाही सत्याग्रह तो इतिहास मे कभी नही हुआ कूलर एसी पंखे ढाई लाख फ़ीट का पंडाल दीपक जी बाबा को इस सत्याग्रह मे काले धन का इस्तेमाल करने पर जवाब तो देना ही होगा ।

इतना सुनते ही दीपक जी भड़क गये तूतूमैमै होने लगी मै आराम से बैठा चाय पी ही रहा था कि मेरे अंदर का सोया हुआ भारतीय जाग उठा । बोला बंद करो ये बकवास पैसा कहा से आया पूछते हो सोहन बाबू  बाबा रामदेव इतने सालो से देश भर मे घूम घूम कर  लोगो को योगा सिखा रहे थे दवायें बेच रहे थे । आपकी नजर न पड़ी हर साल रिटर्न भरता रहा  संपत्ती एक हजार करोड़ पहुंच गयी तो आपका पेट दुखने लगा। पूछते हो पैसा कहां से आया कहते हो योगा और दवाई बेच कर लोगो को लूटता है तुममे दम था तो खुद भी योगा सिखाते दवाई बेचते देश को वैसे ही लूट रहे हो दवाई बेच के लूटते । पर नही तुमको तो मुफ़्तखोरी की आदत पड़ी है टेलीकाम का घोटाला पकड़ा गया तो कहते हो राजा खा गया । तुम्हारे जैसे लंपटो की नाक के नीचे बिना नजर आये कोई खा सकता था भला अपना हिस्सा लिया ही होगा । और उससे नही लिया होगा तो इसलिये कि द्रमुक से बीस गुना मंत्रालय तुम्हारे पास थे राजा दो लाख करोड़ खाया तो तुमने निश्चित चालीस लाख करोड़ खाये होंगे नही खाने का सवाल ही नही उठता । और बाबा तो टीवी पर सबके सामने चंदा ले रहे थे कल तुम लोग कब दिखे हो सबके सामने चंदा लेते बाबा योग शिविर के टिकट बेचते हैं तो उनका ट्रस्ट चलता है । तुम लोग क्या बेचते हो देश को वंशजो की धरोहर खनिज संपदाओ को  कैसे चलती है तुम्हारी पार्टी । कैसे होते हैं सम्मेलन पूरे का पूरा पंडाल ही एसी होता है तुम्हारे यहां ।

इतना सुनते ही दीपक भाजपाई खुशी से उछल पड़े बोले वाह दवे जी क्या बात कही मान गये मै फ़िर भड़का दूर हटॊ भाजपाई बाबा का आंदोलन फ़ेल होगा तो तुम लोगो के कारण बाबा के आंदोलन मे हिंदू राष्ट्रवाद घुसा रहे हो अपने दुमछ्ल्लो को आंदोलनकारियो मे बैठा रहे हो । याद रखो ये आंदोलन खुद बाबा का भी नही है यह आंदोलन तुम दोनो के कुकर्मो से पीड़ित जनता के क्रोध का है । जिस क्षण इसे धर्म जात जैसे वर्गो मे बाट दोगे यह आंदोलन फ़ेल हो जायेगा । और तुम किस मुह से इस आंदोलन का समर्थन करोगे तुम्हारी पार्टी भ्रष्टाचार नही कर रही तुम्हारा कौन सा नेता अरबपती नही बना । क्यों बाबा आडवानी को सोनिया गांधी से माफ़ी मांगनी पड़ी स्विस बैंक के मुद्दे पर क्योंकि तुम लोगो के खुद के दामन पाक साफ़ नही है ।  आप दोनो एक ही लेवल के भ्रष्टाचारी हो दोनो ही को बीच चौराहे पर खड़ा कर पीटना चाहिये मेरा इतना कहना था कि नुक्कड़ की भीड़ दोनो को मारने पर उतारू हो गयी ।

अब मेरे अंदर का भारतीय सो गया और मै जागा बड़ी मुश्किल से दोनो को भीड़ बचाया दीपक के लिये दलील दी भाई के अटल जी वाली मर चुकी भाजपा से प्यार करते हैं जिंदा भाजपा (कांग्रेसवादी) से नही । सोहन जी के लिये तर्क दिया ये भी गांधी वाली कांग्रेस से लगाव रखते है कांग्रेस आई (इनकमवादी) से नही । भीड़ तो शांत हो गयी पर उसके छटते ही दोनो मुझ पर भड़क गये आपस मे राय की बोले ये लेखक तो खतरनाक होते जा रहा है और इसके काटे का कोई इंजेक्शन भी नही बना सीधे राम नाम सत्य हो जायेगा हम लोगो का। चलो इसको वैसे ही पीटते है जैसे सच्चाई लिखने वाले पत्रकारो को मारा जाता है । वो तो खुदा का लाख लाख शुक्र था (अब मुसलमान को तो अल्लाह ने ही भेजा होगा न) कि आसिफ़ भाई आ गये बड़ी मुश्किल से मेरी गारंटी ले मुझे छुड़ाया अलग ले जाकर बोले यार दवे जी हिंदू ही काहे नही बने रहते खामखा भारतीय बन जाते हो ।

Wednesday, June 1, 2011

आधे इधर आधे उधर बाकी बाबा रामदेव के साथ

 नुक्कड़ से रैली बाबा रामदेव की जय का नारा लगाते निकल रही थी । भाई सोहन शर्मा ने डूबी हुई आवाज से कहा ये बाबा भी न फ़ालतू मे बवाल कर रहे हैं ।  बाजू  खड़े दीपक भाजपाई ने प्रतिवाद किया ए कांग्रेसी मेरे बाबा के बारे मे कुछ न कहना वरना ठीक न होगा । शर्मा जी हसें बोले मिया ये बाबा है किसका इसकी ही तो खबर नही है  तुम फ़ोकट मे मत लड़ो । वैसे भी दीपक जी आज बाबा ने दिन भर हमारे नेताओ से चर्चा की है हमारी पार्टी ने खर्चा भी किया ही होगा अब यह बाबा हमारा होने वाला है जल्दी ही । दीपक ने कहा चुनाव तक तो बाबा ताल ठोकते रहेंगे इतना बात तय है और सोहन बाबू तुम अपने बुरे दिन की तैयारी करो मामला गंभीर है ।

सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी का दंभ हसने लगा भाई तुम लोग तो फ़्रेम मे हो ही नही रेड्डी बंधुओं से लेकर हर कुछ दाल मे काला ही है । तुम्हारा हर कार्यकर्ता हम जैसा कांग्रेसी बन चुका है और तुम्हारी पार्टी का भी नाम बी जे पी (कांग्रेसवादी) कर लो तुम मे इतना दम ही होता तो क्या ये बाबा लोग मेन स्ट्रीम मे आते लोकतंत्र को कलंकित करने वाले इस दिवस पर बिना सरपंच तक का चुनाव लड़े लोग हमे याने की सरकार को चुनौती दे रहे हैं शर्म की बात है । दीपक भाजपाई भड़क गये बोले तुम लोगो ने देश को भ्रमित किया है मुस्लिमो का दुरूपयोग करते हो लानत है तुम पर ।  शर्मा जी हसने लगे और जो आप हिंदुओं का दुरूपयोग करते हो उसका क्या भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हिंदू राष्ट्रवाद कहां से आ गया । हिंदू समाज का आंदोलन है तो  मुसलमान वो कहां जायेंगे और हिंदुओ मे भी तो जातिया हैं आधे हमारी शरण मे आयेंगे । शर्मा जी ने ताल ठॊकी भाई दीपक हम ही विजेता होंगे दीपक भी हार कहां मानते बोले हर हर महादेव ।

मै बीच मे था बोला महा मूर्खो तुम लोग ही जीतोगे चाहे परिणाम देश को डुबाने वाला क्यो न हो हमारे साथ तुम दोनो का श्राप जुड़ा हुआ है । इस देश की खुश्किस्मती धर्म निरपेक्षता और धर्म बाहुल्यता मे है । और कौन सा पाकिस्तान मुसलिम राष्ट्र बन कर खुश हो गया आज तो वहां रोज मस्जिदो मे बम फ़ूट रहे हैं ।  पर यह बात समझता कौन है । और सुनो  तुम्हारी चाल सफ़ल हो जायेगी बाबा भी फ़ेल हो जायेगा यह बात तय है ।

बाबा के फ़ेल होने की बात सुन रैली मे शामिल लोग मेरे खिलाफ़ हो गया बोले दवे जी इस मामले मे आपने ठीक न बोला आप तो पिटने की तैयारी कर रहे हो ।  मैने कहा ये बाबा बोलता क्या है एक करोड़ आदमी सत्याग्रह करेंगे दोस्तो इस सोते हुये देश मे एक लाख आदमी भी एकत्र हो जायें तो बड़ी बात है लोग एक होते तो आज ये नौबत आती ये हरामखोर नेता अफ़सर लूट रहे हैं । हिसाब तो कोई है ही नही एक लाख दो लाख करोड़ के नीचे बात बेकार है । भाई ये रामदेव  बाबा फ़ालतू देश के लोगो को पढ़ा रहा है इस देश के लोगो मे मर्दानगी होती तो जाते घर छोड़ एक हफ़्ते के लिये दिल्ली नेताओ को नानी याद आती ताबड़ तोड़ नेता औकात मे आते । पर जब बाबा रामदेव  4  जून को दिल्ली पहुचेंगे   तो कम्प्यूटर पर चिल्ला रहे लोग भागेंगे आधे इधर आधे उधर बचे बाबा के साथ होंगे । देश वासियो अगर मर्द हो तो जाओ भले बाबा रामदेव आपको सही न लगे हों पर इस आंदोलन का  उद्देश्य बुरा नही है । बात आज देश की है बाबा को भले आप पसंद न करें पर अपने देश को तो करते हो । लोग जब तक साथ उठ नही खड़े होंगे तब ये देश इसी तरह लुटता रहेगा ।

मेरी बात सुनकर जोश से भर चुकी रैली आगे बढ़ गयी पर वहां खड़े शर्मा जी और दीपक मुझे खूनी निगाहो से घूर रहे थे बोले दवे जी आप लोगो को हमारे खिलाफ़ भड़काते हो । मैने प्यार से उन्हे समझाया भाई ये भारत की जनता है खून ठंडा होने मे कितना समय लगता है दस मिनट मे सब भूल जायेंगे  आप लोग तो कुंडली मे राजयोग लिखा कर लाये हो आपके के सामने किसी बाबा का कोई  योग कहां चलेगा । बस रोज भगवान से प्रार्थना किया किया करो ये लोग हर दम हिंदू मुसलमान इसाई बने रहे जब तक ये भारतीय न हो जाये तब तक आपको कोई खतरा नही है ।

Sunday, May 29, 2011

रामदेव बाबा को सत्ता सुंदरी का प्रेम पत्र

मेरे प्यारे चिरकुंवारे

जब से हमने सुना है आप को हमसे सियासी इश्क हो गया है हमारा दिल भी आप के लिये बेकरार है । जब आप करते हैं कपाल भांती कसम से हमे नीद नही आती । फ़िर सुना कि लखनउ मे आप को अर्धरात्री को अपनी  मेडिकल जांच करानी पड़ गयी तब से मन बड़ा बेचैन है । आप हमे पाने के लिये इतनी मेहनत कर रहें है और इधर हम हमारे मिलन के रास्ते मे आने वाली बाधाओ को लेकर बड़े चिंतित हैं । रूक्मणी की तरह आप हमे जब हरण करने  अपने हेलिकाप्टर रथ मे आयें इसके पहले आप को हमारे इतिहास और वर्तमान के बारे मे जान लेना चाहिये।

हमारे महाराज लोकतंत्र ने राजनीति और नौकरी नाम की दो राजकुमारियो से शादी की थी । राजनीति से कांग्रेस बीजेपी और तीसरा मोर्चा नामक तीन पुत्र हुये और नौकरी से अफ़सर और बाबू नाम के दो पुत्र हुये । सब कुछ ठीक ही चल रहा था कि एक दिन आखेट मे महाराज से गलती से इमानदारी नामक गाय का वध कर दिया । श्रापित होकर महाराज का निधन हो गया और उनके साथ नौकरी भी सती हो गयी । राजनीति के बड़े पुत्र कांग्रेस ने स्वयंवर मे मुझे जीत लिया जीतकर जब वह मां के पास पहुंचा तो मां ने आदेश दिया कि पांचो भाई आपस मे बांट लो । तब से आज तक ये पांचो भाई मिल बाट कर मेरा सुख उठा रहे हैं । पर आप चिंतित न होना मुझे उर्वशी की तरह चिर यौवना होने का आशीर्वाद प्राप्त है।

जब आप मेरा हरण करने आयेंगे तब ये पांचो भाई अपने ठेकेदार दलाल आदि महारथी मित्रो के साथ आपसे भीषण युद्ध करेंगे इस युद्ध मे कोई नियम न होंगे। और हां यह बात भी याद रखें इनमे से किसी भी भाई से समझौता आपके पक्ष मे लड़ रहे योद्धाओ को तितर बितर कर देगा। आप जीत भी गये तो एक अड़चन होगी हमने अफ़सर और बाबू  की मां से वादा किया था कि हम इन्हे सदैव अपने आगोश मे रखेंगे और इनको नौकर कभी न कहेंगे सदैव अधिकारी कह ही बुलायेंगे आप को  इन पर स्नेह पूर्वक व्यहवार रखना ही होगा वरना आप हम से फ़िर दूर हो जायेंगे।

पर इन पाखंडवो से मुझे उतना भय नही जितना अपने सौतेले भाई मीडियासुर से है। वह  एक ऐसा योद्धा है जो कभी प्रत्यक्ष युद्ध मे भाग तो नही लेता पर अपने झूठ अफ़वाह जैसे महाअस्त्रो और बयान को तोड़ मरोड़ देने वाले ब्रह्मास्त्र से किसी भी योद्धा को मैदान मे उतरने से पहले ही परास्त कर सकता है। इसकी कपटी चालो का किसी के पास कोई तोड़ नही और इसे शिव जी से वरदान प्राप्त है कि जब तक  इंटरनेट नामक महाशक्ती  राज्य के गरीब से गरीब व्यक्ति को न मिल जाये तब तक इसे कोई नही हरा पायेगा और जिस दिन ऐसा होगा उस दिन यह स्वतः ही भस्म हो जायेगा। हमारे प्यारे बाबा हम इससे बचने का आपको एक उपाय बता देते हैं। सोनिया मम्मी की तरह आप कभी कोई बयान देना ही नही वरन घटिया बयानो के लिये दिग्गी मामू और अच्छे बयानो के लिये प्रनव दादा सरीखे अपने कार्यकर्ता खड़े कर देना सारे अच्छे बयानो का श्रेय आपको जायेगा,  और आपके समस्त घटिया बयानो का जहर दिग्गी मामू टाईप का कार्यकर्ता पचा जायेगा आप पर आंच भी न आयेगी।

हमारे प्यारे बाबा हम कब से बेकरार हैं कि आप आयें और देश की गरीब जनता को तीन रूपये किलो मे पतंजली का च्वय्नप्राश खिलाये। वैसे एक बात कहें हम आपको हमारे  नजदीक आने देने के खयाल से  हमारी मां  के दिल मे बेचैनी सी होने लगती है। हमारी इटली माता कहती हैं कि इस  स्वामी ने आज तक देश सेवा मे किया क्या है महंगी टिकट बेच योग नही योगा सिखाना महंगे दामो मे दवाई बेचना। हमसे वे पूछती है कि इस बाबा ने आज तक जन सेवा का काम कौन सा किया है,  जन सेवा के नामो से सरकारो से बस जमीने ली हैं।  वे यह भी कहती है इसने जीवन मे जितने मरीज ठीक किये हैं,  उससे ज्यादा तो किसी भी जिले के सरकारी हस्पताल का डाक्टर भी कर चुका होगा।  खाली भूल चुके भारतीयो को उनके इतिहास और विद्या से परिचित कराया है इसने । पर हम साफ़ साफ़ उनसे कहते हैं हे मां इन पाखंडवो से तो अटल जी जैसा यह ब्रह्मचारी ही क्या बुरा है इसके भट्टाचार्य जैसा कोई दत्तक दामाद भी नही है खाली भाई वगेरह हैं पर वे भी कितना खा लेंगे पहले ही हजारो करोड़ बिखरा पड़ा है।

प्यारे बाबा जवाहर लाल से मनमोहन तक आज तक हमें कोई युवा न मिला है। राहुल बाबा तो फ़्रेम मे नजर ही नही आते हैं वे तो करण जौहर जैसे बैचलर ही रहेंगे ऐसा लगता है।  पर आप मुझ तक पहुंचने से पहले यह याद रखें बाबा मेरे स्वयं वर का धनुष तोड़ते ही योद्धा राजीव गांधी की तरह शापित हो जाता है। और तो और मेरे आलिंगन मे बिंध सत्ता सुरा का मद आम आदमी की कौन कहे बाबाओ तक को उड़ा ले जाता है। मेरे आलिंगन मे बंध जो संयम रख सके जो निर्मोही हो और जो स्वामी हो न कि दास हो जाये ऐसे आदमी को ही भारत की जनता कालजयी स्नेह प्रदान करती है। जो राजधर्म का पालन करे और स्वयं का नुकसान होने पर भी अधर्म का साथ न दे वही मेरा चिर प्रियतम हो सकता है।  प्यारे बाबा पाखंडवो से ग्रसित भारत की जनता सहज ही टोल फ़्री नंबर पर मिस्ड काल कर आपके ध्वज तले युद्ध करने आती है संताप इतना है कि मिस्र की भाती परिणाम की चिंता भी नही है। पर मै यह भी सोचती हूं जो परिणाम इन पाखंडवो ने दिये हैं उससे बुरे तो आप चाह कर भी नही दे सकते यही सोच आपकी प्रतीक्षा मे रत।

आपकी हो सकने वाली

सत्ता सुंदरी

पुनःश्च

प्यारे बाबा याद रखें,  हरे और भगवा,  दलित और ब्राह्मण,  माओवादॊ से लेकर अतिवादी तक सब आपसे तभी प्रेम करेंगे जब आप समग्र हित का काम करेंगे । लालच मे किसी का साथ या किसी का त्याग क्षणिक लाभकारी है प्यारे बाबा पर लंबे समय मे आंखे फ़ड़्फ़ड़ाने से भी दोष दूर न होगा