Showing posts with label कसाब. Show all posts
Showing posts with label कसाब. Show all posts

Sunday, November 25, 2012

कसाब की फ़ांसी गलत




देखिये साहब कसाब  दीन की राह में शहीद हो खुदा से हूरों को पाने के बिजनेस के सिलसिले में अवैध तरीके से भारत आया था। कितने लोग मरें इसका कोई एग्रीमेंट नहीं था, जितने मार सको उतने मारो।  किनारे उतरते ही मरता, कश्ती पलटने से मरता तो भी डील कायम रहती। सो पकड़ा जाने से भी उसके इस एग्रीमेंट में कोई फ़र्क पड़ने वाला नही था। सौदा तभी टूटता जब वो बुढ़ापे में अपनी मौत मरता।  प्रधानमम्मी सोनिया ने सब गुड़ गोबर कर दिया,  अपनी इमेज के लिये  उसको  शहीद बना दिया। अपना दुख  भाजपाई मित्र पर जाहिर किया तो वे भड़क गये- "पहले तो जान लो दवे जी, कसाब फ़ांसी से नही डेंगू से मरा है।   मच्छर भी कांग्रेसियों से देशभक्त  निकले ये तो बिरयानी खिला  रहे थे।" उनको बताया कि भाई फ़ांसी का वीडियो शूटिंग हुआ है, अब तक जन्नत में हूरों की डिलेवरी भी ले चुका होगा।" तो कहते है- "पहले दिन ही लटका देना था चौराहे में।  कोई हूर-वूर,  सब बकवास बात है।" हमने उनसे स्वर्ग और अप्सरा वाला मामला नही पूछा। फ़ोकट देशद्रोही सेकुलर का लेबल मिल जाता।

खैर मुस्लिम मित्र से पूछा तो बोले -" इस्लाम में  निर्दोष की, महिलाओं, बच्चो की जान लेने पर दोजख जाना पड़ता है।" हम कहें कि - "देखो मियां,  बेचारे कसाब को तो पता नही था ना ये।  बाद में कितना पछताया। वह तो बेचारा सच्चे दिल से खुदा की राह पर चलना चाहता था। दोजख तो उस मौलवी और हाफ़िज सईद को मिलेगी जिन्होने इसे बरगलाया था।" तो जवाब मिलता है कि मूर्खो को जन्नत नसीब नही होती। बुरे काम का बुरा नतीजा ही निकलता है।"

 वैसे देश में कसाब की फ़ांसी पर और तरह तरह की प्रतिक्रियाएं भी आ रहीं है। एक सुशील झा लिखते है- "किसी ने ट्विटर पर लिखा कि सोचिए बीस साल के बाद कसाब यरवदा जेल में सूत कात रहा होता और उस सूत से बना कुर्ता पाकिस्तान के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री को भेंट किया गया होता। सोचिए कि कसाब टीवी चैनलों पर सूत कातते हुए कहता कि मैं आज भी पश्चाताप कर रहा हूं अल्लाह मुझे माफ करें।....... सोचिए वो कितनी बड़ी नैतिक जीत होती भारतीय मूल्यों की पूरी दुनिया में."

 यह पढ़ते ही कानो में "रघुपति राघव" भजन बजने लगा। अहिंसा, शांती, प्रेम, दया...... आहाहाहा नारायण नारायण।  ऐसे उत्तम लोग आजकल मिलते ही कहा है। और अपना पड़ोसी पाकिस्तान तो अति उत्तम है। वो कितनो को  सूत कातने भेजेगा पता नहीं।  कसाब की बुनी खादी का कुर्ता पहने जनता के हितैषी नेता बड़े सेक्सी भी नजर आयेंगे।  आखिर जो देश कसाब पर दया कर सकता है वो अपनी जनता पर भी एक न एक दिन दया करेगा न भाई।  खैर बात वैसे बुरी नही आंख के बदले आंख वाली कबीलाई संस्कृती से उपर उठना भी चाहिये ही।  लेकिन इस उत्तम विचार को ट्वीटर पर चपकाने वाले महात्मा ने शायद इस बारे मे विचार नही किया होगा  कि भारत की गरीब जनता के पास खुद खाने को कुछ नही। दिल्ली के प्रेस क्लब मे हाफ़ रेट की महंगी व्हिस्  ी पीने और मुर्गा चबाने के बाद दयालु  हुआ जा सकता है।  पर सूखी रोटी चबाने वाले के मोबाईल मे "यह सुविधा आपको उपलब्ध नही है" का रिंग टोन बजने लगता है।

कई भाई जनता के सामने उन्माद परोसने की रोमन ग्लैडियेटरी संस्कृती का भी हवाला दे रहे है। तो एक सज्जन भारत फ़ांसी पाये लोगो मे नब्बे प्रतिश्त आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक होने का दावा कर रहे थे। एक दूसरे सज्जन जार्ज ओरवेल के हाथी के शिकार और कसाब की फ़ांसी में उचित संबंध जोड़ रहे थे।  हाथी ने "मस्त" की अवस्था में तोड़ फ़ोड़ की, आदमी को मारा था। कसाब ने "गुमराह" की अवस्था में यह किया था।  दोनो बुरी हरकतो के बाद शांत हो गये थे। सज्जन के हिसाब से उन दोनो को मारे जाने का कोई औचित्य नही था।"  दोनो को तमाशबीन जनता के दबाव में मार दिया गया था। हमने सोचा- ’अपना कसाब तो माफ़ी भी मांग रहा था,  हाथी ने तो माफ़ी भी नही मांगी थी। उसको तो और नही मारना था।"  खैर वो सज्जन मिलें तो हम पूछे- " भाई हाथी तो "मस्त" की अवस्था खत्म होने के बाद काम का, लाखों रूपये का था। कसाब तो "गुमराह" की अवस्था खत्म होने के बाद लाखो रूपया रोज  खर्च करवा रहा था,  दोनो में तुलना कैसी? लेकिन इसके बाद भी हम सहमत हैं कि कसाब और हाथी दोनो को मारना नही था। आखिर साले की डील पूरी हो गयी हूरे जो पा गया।


खैर घूम फ़िर के हम अपने एक अजीज मित्र के पास पहुंचे, अपना दुख बताया। वे ठठाकर हंसते हुये बोले -"यार दवे जी नाहक परेशान मत हो, कसाब जन्नत पहुंच भी जाये, हूरें मिल जाये तो भी टेंशन नही। देखो अगर नाक न हो तो सेंट किस काम का। वैसे ही सामान विशेष न हो तो हूंर किस काम की।" यह बात सुनते ही हमारी बांछे खिल गयी। वाह ये त हमारे भेजे में आया ही नही था अगर पा भी गया होगा तो भी पछताता रहेगा - हाय मै फ़ोकट आतंकवादी बन गया।"

Monday, April 2, 2012

राहुल गांधी हाजिर हो

अदालत खचाखच भरी हुयी थी। कांग्रेसियों के राजकुमार राहुल गांधी उर्फ़ अमूल बेबी कटघरे में खड़े हुये थे। उन पर मुकदमा दर्ज करने वाले वकील बाबा रामदेव थे, वकीले सफ़ाई स्वयं हम याने दवे जी। कार्यवाही शुरू करने का आदेश पाते ही बाबा फ़ट पड़े - "माई लार्ड,  इस देश को लूट लूट कर गद्दारो ने सारा कालाधन बाहर छिपा दिया है। अगर आपने सही न्याय नही किया तो जो हाल गदाफ़ी का हुआ था। देश की जनता लूटने वालो का भी मार मार के वही हाल करेगी। हालांकि माई लार्ड मै अहिंसा का पुजारी हूं और जनता से अपील करता हूं कि हिंसा का रास्ता न अपनाये।"
हमने पूछा - "माई लार्ड मेरे काबिल दोस्त  राहुल गांधी का संबंध कालाधन से साबित करें।"
बाबा रामदेव ने शांती से जवाब दिया - "माई लार्ड हमने किसी का नाम नही लिया है।"

हमने जवाब दिया - माई लार्ड इस देश की जनता जिस दिन भड़क जायेगी उस दिन गोली, चूरण टिका के और फ़र्जी योगा सिखा के  जनता को गुमराह करने वाले ठगो को पीट पीट कर मारेगी। हालांकि माई लार्ड हम भी अहिंसा के पुजारी है और जनता से अपील करते हैं कि कानून हाथ में न ले।
बाबा रामदेव उछल कर खड़े हो गये बोले - माई लार्ड हम प्रमाणिकता के साथ इतने साल से लोगो को योग सिखा रहे हैं। हम जो है ब्लड प्रेशर, हार्ट प्राब्लम, कैंसर का इलाज कर लोगो को जीवन दे रहे हैं। और वकीले सफ़ाई हम पर  झूठा आरोप लगा रहे हैं।
हमने कहा-  "माई लार्ड चोर की दाढ़ी मे तिनका, हमने भी बाबा रामदेव का नाम कहां लिया।"

खिसिया कर बाबा रामदेव ने अदालत में एक पत्रिका लहराई बोले - माई लार्ड, ये देखिये जरमनी की एक पत्रिका है इसमे साफ़ दिया हुआ है कि भारत के एक पूर्व प्रधानमंत्री का अरबो डालर स्विस बैंक में जमा है। और वे इन राहुल गांधी के क्या लगते थे ये तो साफ़ ही है।
हमने अदालत में इंडिया टुडे से लेकर आउटलुक तक दस पत्रिकायें लहराईं -  "माई लार्ड इनमें साफ़ दिया हुआ है कि बाबा के ट्रस्ट में ठगी से लेकर सगे संबंधियो की भर्ती तक और दवाईयो में लद्दी से लेकर हड्डी तक की मिलावट है। इसलिये माई लार्ड आप से अनुरोध है कि इन पत्रिकाओ के आधार पर बाबा रामदेव और मेरे मुव्वकिल  बाबा राहुल  दोनो को कड़ी से कड़ी सजा सुनाई जाये।"


बाबा रामदेव सकपका गये, मरी हुई आवाज मे बोले - "माई लार्ड पत्रिकाओ के आरोप सही नही होते।"
हमने कहा-  "तो बाबा जी ऐसा आरोप लगाओ जो सही भी हो और आप साबित भी कर सको।"

बाबा रामदेव फ़िर भिड़ गये, बोले - "माई लार्ड,  आरोपी ने  आतंकवादियो को दामाद बना कर रखा हुआ है। अजमल कसाब ने मुंबई में सैकड़ो मासूमो की जान ली। उसको फ़ांसी पर लटकाना तो छोड़िये, वोट बैंक की राजनीती के लिये उसको मुर्ग मुस्सलम खिला रहे हैं। जिस जनता की सुरक्षा का जिम्मा इनके उपर है, उसको तो रामलीला मैदान में आधी रात को पीटते हैं। और देश द्रोही की सुरक्षा के उपर करोड़ो रूपये उसी जनता के लुटा रहे हैं।

जज ने हमे घूर कर देखा मानो कसाब को मुर्ग मुसल्लम राहुल गांधी नही हम ही खिला रहे हो।
हमने संभल कर जवाब दिया -"माई लार्ड हमारे देश मे  श्रद्धेय अंबेडकर जी का बनाया संविधान है जिसके तहत किसी को भी सजा देने के पहले न्यायिक प्रक्रिया पूरी करनी होती है कि किसी बेगुनाह को सजा न हो। अब इन्ही बाबा रामदेव को ले लीजिये। सरकार के खिलाफ़ इतना बड़ा आंदोलन चला रहे हैं। अगर संविधान और न्यायपालिका न हो तो क्या सरकार इन्हे उठा कर बंद नही कर देती अब तक। और माई लार्ड अगर ये बाबा लोग ही सजा सुनाने लगे तो फ़िर आपकी जरूरत ही क्या है। सरे जजो को नौकरी से निकाल देना चाहिये। "


नौकरी पर खतरा देखते ही जज साहब बाबा पर भड़क गये - " क्या अनाप शनाप दलील देते हो जी, कोई ढंग की बात हो तो कहो वरना मुकदमा खारिज। "
बाबा  सीना तान कर बोले - माई लार्ड,  पूछिये इनसे कि अफ़जल गुरू को तो सारी अपील सुनने के बाद उसे खारिज कर फ़ांसी की सजा हुयी है। माई लार्ड सुप्रीम कोर्ट ने उसे सजा ए मौत दी थी। उसको क्यों ये दस सालो से दामाद बना कर पाल रहे हैं।  माई लार्ड  आप ही फ़ैसला करें कि आतंकवादियो को दामाद की तरह पालने वालो को क्या सजा मिलनी चाहिये।
हमने जवाब दिया - माई लार्ड उसको फ़ांसी देने से शांत पड़े कश्मीर में हिंसा फ़ैल जायेगी। पूरी घाटी में रक्तपात होगा, हमारे जवानो को शहीद होना पड़ेगा। और माई लार्ड भले फ़ांसी नही हो रही जेल मे तो बंद है छोड़ तो नही रहे। सड़ने दीजिये जेल में काहे फ़ांसी देना।

बाबा रामदेव क्रोध मे भर कर बोले- माई लार्ड, भारत माता के सपूत जान न्योछावर करने को तैय्यार हैं। हम तो सेना बनाकर ही देश सेवा में लगाने वाले थे, हमे तो रोक दिया गया। फ़िर बाबा ने गेयर बदला, जज को ही मक्खन लगाने लगे, बोले-  "माई लार्ड, आप अपने को ही लीजिये। अगर आप डरते तो क्या प्रतिदिन खतरनाक अपराधियो को सजा दे पाते। माई लार्ड अब इस देश को आपकी तरह बहादुर हो हिंसा से डरे बिना सजा देना ही होगा। "

जज साहब, बाबा के मक्खन पर फ़िसल गये। सीना तान कर बोले-  "भारत की न्यायवय्वस्था किसी आतंकवादी से नही डरती  दवे जी।  मुजरिम राहुल बाबा ने केवल संविधान का मजाक उडाया है। बल्कि वोट बैंक की राजनीती के खातिर शिवाजी और लक्ष्मी बाई की वीरोचित परंपरा को भी तिलांजली दे दी है। अतः यह अदालत इस नतीजे पर पहुंची है कि.............।
हमने बीच में गुहार लगाई-  "माई लार्ड, आपको हमारी आखिरी दलील सुनना ही पड़ेगी। आखिर सवाल करोड़ो कांग्रेसियो के राजकुमार का है। जज ने हमे घूर कर कहा - " जो कहना है फ़टाफ़ट कहिये।" हमने कहा "माई लार्ड आखिरी दलील हम आफ़ द रेकार्ड देना चाहेंगे। यह बात देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी हुयी है।" बाबा के विरोध के बावजूद जज ने हमें चैंबर में बुला दलील रखने की इजाजत दे दी।

हमने कहा- "माई लार्ड इन आतंकवादियों को  जेहाद करने से जन्नत मिलेगी, अप्सराये मिलेगी के नाम से सब्जबाग दिखाये जाते है। उसी जन्नत को पाने के लिये ये आत्मघाती हमलावर बनते हैं। माई लार्ड क्या आप चाहते है कि सैकड़ो मासूमो को मारने वाले खुशी खुशी फ़ांसी का फ़ंदा गले में डाले।" जज ने अचकचा कर हमे घूरा, बोले - "आप कहना क्या चाहते हो।"

हमने कहा- "माई लार्ड, मेरे मुवक्किल देश भक्त राहुल गांधी ने फ़ैसला किया है कि इनको फ़ांसी न देकर बीमारी से, बुढापे से मरने दिया जाये। ताकी ये तिल तिल कर मरें कि जिस जन्नत के लिये इन दुष्टो ने जिहाद किया था वो उनको कभी न मिले।" जज के भेजे मे बात घुसने लगी थी, उन्होने क्रास कोश्चन किया - "अरे भाई ये दिन भर अल्लाह से दुआ कर शहीद न हो पाने को  सरकार का दोष बतायेंगे। और जन्नत नशीं करने की गुजारिश करेंगे।" हमने विजयी मुस्कान निपोरते हुये कहा -"माई लार्ड हमारे अमूल बेबी ने कच्ची गोलिया नहीं खेली हैं। ऐसा वीआईपी ट्रीटमेंट वाला इंतजाम कर रखे है कि ये साले आतंकवादी पूरा टाईम कुफ़्र में लगे रहे। एक से एक ठांय ठांय फ़ोटॊ चिपकवा दिये है उनके कमरे में। वीना मलिक से लेकर सन्नी लियोन तक का। क्या कहें माई लार्ड, कहने मे भी लजा रहे है।  दिन भर ऐसा ऐसा नीला पीला पिक्चर दिखाया जाता  हैं उनको कि बेचारे उपर की हूरो को भूल दिन भर गुनाहे अजीम में लगे रहते हैं। बेचारे दिन भर रहम की गुहार लगाते रहते हैं कि खुदा के वास्ते हमे दोजख के रास्ते पर मत ढकेलो। लेकिन हमारे राहुल बाबा नही पिघलते।  सच मानिये हजूर  बेचारों का जन्नत के लिये तड़पना तो हमसे देखा भी नही जाता है।"

इतना सुनते ही जज कुर्सी से उछल पड़े बोले - "वाह वाह मानना पड़ेगा राहुल बाबा की चाल एकदम गजब है। चलिये  राहुल बाबा को  बाईज्जत बरी किया जाये।" हमने कहा-  "क्या कहते हैं हुजूर ये बात इस कमरे के बाहर नही जाना चाहिये।  कही मुल्लाओं को मालूम पड़ गया तो जन्नत की राह में आने वाले हमारे राहुल बाबा के खिलाफ़ फ़तवा जारी कर देंगे। और  बाबा रामदेव को भी बताई नही जा सकती। कोई भरोसा नही कब क्या बयान दे सारी पोल खोल दे।"  जज साहब उलझन में पड़ गये बोले - "भाई, बिना कारण बताये  बाईज्जत बरी तो नही किया जा सकता न,  बड़ा सेंसेटिव मामला है ।" हमने कहा- " माई लार्ड, हमको बाईज्जत बरी करवाना ही नही है। हम तो चाहते ही है कि हमारे मुवक्किल को सजा हो।" जज हम पर भड़क गये बोले - "ऐसे महान देश भक्त को सजा पागल तो नही हो गये हो।" हमने कहा- "माई लार्ड अभी राहुल बाबा की कुंडली में शनी दसवे भाव मे बैठा है। जहा प्रचार करने जाते है पार्टी का लुटिया डूब जाता है।  अब तो नौबत यह है कि खुद जीतेगा कि नही इस पर भी शंका होने लगा है। सो इसी केस के बहाने हम चाहते है कि आप उन पर चुनाव लड़ने और चुनाव प्रचर करने पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दे। इज्जत का इज्जत रह जायेगा और देश का टाप सीक्रेट बाहर भी नही आयेगा।
खैर साहब जज साहब ने हमारी बात मानते हुये यही आदेश सुना दिया। जब हम अदालत से बाहर निकल रहे थे तो बाबा रामदेव की प्रेस कांफ़्रेस चल रही थी और उनकी आवाज हमारे कानो तक पहुंची। " आज की जीत हमारी पहली जीत है। हम जो है देश मे व्यवस्था परिवर्तन कर देंगे, काला धन ले आयेंगे 2%  ट्रांस्कैशन टैक्स लगा सारे टैक्स खतम कर देंगे। लुटेरे खानदान का हाल गदाफ़ी के जैसा होगा , गोबर से बिजली बना हम स्वदेशी भारत बनायेंगे ...........................।" इतना सुन हमने मन ही मन तय किया ये बाबा जिस दिन कानून के लफ़ड़े मे पड़ा नही कि हम इसको भी राहुल बाबा से कह आतंकवादी वाला वीआईपी ट्रीट मेंट नही दिलाये तो हमारा नाम भी दवे जी नही।"



Thursday, July 14, 2011

नुक्कड़ चर्चा - धर्मनिरपेक्ष आतंकवादी और मुंबई बम धमाके

मुंबई बम धमाको के बाद नुक्कड़ पहुंचा दीपक जी भाषण पिला रहे थे ये लोग कसाब को दूध पिलाते हैं । गांधी न होता तो ये समस्या ही न होती उसी समय सबको बाहर कर देते जिस थाली मे खाते हैं उसी मे छेद करते हैं । मुझे देख  व्यंग्य कसा आ गये धर्मनिरपेक्ष जी अब इनसे बोलते न बनेगा कल ही भाईचारे का पाठ पढ़ा रहे थे । हमने कुछ न कहा जाकर चुपचाप बैठ गये मन दुखी था ।  दीपक कहां छोड़ते कहने लगे गलती मानिये और पकड़ लीजिये हिंदुत्व की धारा कसम खाईये धर्म निरपेक्ष न रहूंगा । मैने कहा दीपक बाबू अब तो रहम करो इस देश पर क्यों इस तरह की बाते कर माहौल और बिगाड़ते हो क्या ऐसा करने से देश का कुछ भला हो जायेगा ।

वे फ़ुल फ़ार्म मे थे और नुक्कड़मत उनके साथ था बोले वाह ये लोग बम फ़ोड़े और हम उफ़ भी न करें मान गये आपको छद्म धर्म्निरपेक्षी । मैने कहा भाई हमसे बड़े धर्म निरपेक्ष तो वो आतंकवादी थे बम ऐसी जगह फ़ोड़ा कि 24 मरने वालों मे से 7 मुसलमान थे 3 इसाई और बाकी हिंदु । दीपक जी उबल पड़े बोले यह तो चांस की बात है वरना निशाना तो हिंदू ही थे । मैने कहा भाई मारना हिंदुओ को होता तो मंदिर मे बम रखते क्यों व्यापारिक जगहो पर रखा ये काम किसका है और इससे फ़ायदा किस को है यह भी तो देखो । क्या साफ़ नजर नही आता कि हमले का उद्देश्य भारत की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना है । दीपक जी ने तर्क दिया कहने लगे मंदिरो मे सुरक्षा कड़ी है रख न पाये होंगे और यह काम मुसलमानो का ही है यह बात तो बार बार साबित हुयी है । मैने कहा भाई भारत मे सुरक्षा की बात करते हो कुछ बड़े मंदिरो को छोड़ दो तो हर जगह ढोल मे पोल है । देखा नही चिदम्बरम जी कैसे मुह लटकाये बात कर रहे थे । बेशर्मी इतनी कि नक्सलवाद हो या आतंकवाद कहीं एक रूपये की सफ़लता नही मिली इनको घोटालो मे नाम आ रहा है वो अलग लेकिन क्या इस्तीफ़े की बात भी जुबान पर आयी है कभी नही ।


और ये क्या बार बार मुसलमान भजते हो चोरो और आतंकवादियो की कोई जात नही होती ये काम मुसलमानो का नही पाकिस्तान का है । जिसमे सामने से लड़ने की ताकत न रही तो चोर उचक्को की तरह लड़ रहा है । खुद पाकिस्तान मे लोग अब खुलेआम सेना को गालिया दे रहे हैं कि एक लड़ाई तो जीत न सकी और आतंकवादी पाल लिये जो अब खुद उनके देश को खा रहे हैं । इतने ही मुसलमान होते ये आतंकवादी तो क्या अपने ही देश की अपने ही धर्म की मस्जिदो दरगाहो मे बम फ़ोड़ते । हद तो यहां तक है कि पाकिस्तान के ही विमान उड़ा रहे हैं ये लोग मुसलमान नही है भैय्ये के लोग मूर्ख हैं बेरहम है और बरगलाये हुये हैं ।


दीपक जी  भड़क गये सब लफ़्फ़ाजी है अपनी सरकार मे दम नही है कसाब और अफ़जल गुरू को पाल रही है तो औरों की हिम्मत क्यों न हो । मुझे एक टींम और हथियार मिल जाये तो एक महिने मे आतंकवाद मिटा दूंगा । मैने पूछा क्या करोगे भाई कहने लगे पहले कसाब को बीच चौक मे गोली से उड़ा दूंगा । मैने कहा भाई साथ मे पेट्रोल भी ले जाना दीपक जी की आखें चमक गयी वाह दवे जी सही आईडिया दिया है जिंदा जलाना ही सही रहेगा॥ मैने कहा भाई पेट्रोल उसके लिये नही है संविधान के लिये है उसे जलाकर ही तो तुम कसाब को गोली मारोगे वरना जब तक संविधान है तब तक तो प्रक्रिया से ही काम होगा गुस्से से नही । उसे जला दो   सबका काम आसान  बिना प्रक्रिया से गुजरे जिस पर गुस्सा आया मार दो भले निर्दोष हो या दोषी ।

दीपक जी बोले हमारे देश के मुसलमान क्यो शामिल होते हैं देश द्रोह मे  । मैने कहा भाई गद्दारो की कोई जात होती है क्या मीरजाफ़र हो या जयचंद । कोई पैसे के नाम से बिकता है कोई धर्म के नाम पर कोई लालच से फ़सता है कोई मूर्खता से । अपने नेता अफ़सर  भी कम गद्दार हैं क्या इन आतंकवादियो ने तो इतने सालो मे महज सात सौ लोगो को मारा है । लालबत्ती काफ़िलो से लगे ट्रैफ़िक जाम मे हर साल हजारो बीमार फ़स कर मर जाते हैं । कमीशन खा खरीदे जा रहे घटिया उपकरणॊ से कितनी मौते होती होंगी  । दो लाख करोड़ से कितने गरीबो की कितने बीमारो की जान बचाई जा सकती थी । कितने नौनिहाल शिक्षा पा सकते थे उसको तो छोड़ ही दो पढ़ लिख लेते तो भी यहां तो पेपर ही बिक जाते हैं । पास भी हो गये तो नौकरी पाने के लिये लाखों का दांव  आतंकवादी ज्यादा बुरे हैं कि मुनाफ़ावादी  ये लोग तो आज तो छोड़ो कल तक को बेच रहे हैं । क्या पता  कि देश की समस्याओ से लोगो का ध्यान बटाने के लिये ये लोग किस हद तक जा सकते हैं पुरूलिया मे आखिर हथियार अपने देश के नेताओ ने ही गिराये थे न और नक्सलवादियों का साथ भी यही लोग देते हैं ।


नुक्कड़ मत पलटता देख दीपक जी कुलबुलाये बोले हे परम विद्वान जरा आतंकवाद खत्म कैसे होगा इस पर प्रकाश डालिये मैने मुस्कुराकर कहा भाई मै तो डाल दूंगा आपसे कान मे डालते न बनेगा फ़िर भी सुनो आतंकवाद खत्म तब होगा जब देश मे गरीबो मे खासकर अल्पसंख्यको मे शिक्षा और खुशहाली का प्रसार होगा । इससे भी उपर जब यह जरूरी है कि पाकिस्तान मे स्थिरता और खुशहाली आये और भारत पाकिस्तान के बीच दोस्ती और अपनेपन का भाव हो  विवाद सुलझें पर भैय्ये ऐसा होना मुश्किल है क्योंकी ऐसा होते ही दोनो देशो की जनता का ध्यान देश के भीतर फ़ैली समस्याओं पर चला जायेगा और नेताओं का जीना मुश्किल हो जायेगा ।


दीपक जी ने सिर झटका और अपने एक मित्र के साथ यह कहते हुये  चले गये कि ऐसे मूर्खो को समझाना ही बेकार है रहेंगे वही के वही फ़र्जी धर्मनिरपेक्षी ।

Friday, May 27, 2011

नुक्कड़ चर्चा -- कसाब जी को कबाब और असीमानंद को रोटी

नुक्कड़ से आसिफ़ भाई का फ़ोन आया दवे जी जल्दी आओ शर्मा जी को बचाओ । आनन फ़ानन मे नुक्कड़ पहुंच माजरे को समझने की कोशिश करने लगा मामला समझ के बाहर था खाली कसाब और कबाब की आवाजें आ रही थी । मैने बीच बचाव करने की कोशिश की तो मुझे भी भाई सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी के बाजू लगा दिया गया ।  दीपक भाजपाई  बोले  दवे जी  कांग्रेसीयो की तरह फ़र्जी धर्मनिरपेक्ष आदमी है सच तो इनसे कहा न जायेगा लोग ऐसे ही थोड़ी इनको पीटना चाहते हैं ।

 आसन्न संकट को भांपते हुये मै जोर से चिल्लाया भाई मामला क्या है यह तो बताओ । दीपक भाजपाई ने कमान अपने हाथ ले रखी थी जोर से बोले ये सेकूलर लेखक लोग भी  इस स्थिती के लिये जिम्मेदार है । हिम्मत जुटा मै भी भड़का  दीपक जी क्या यही सीखा संघ की शाखा मे सामने वाले को बात ही नही बताना सफ़ाई का मौका नही देना सीधे हमला भाजपाई हो या बजरंग दल के नेता ।

इस हमले को दीपक जी तैया न थे हड़बड़ाकर बोले तथाकथित कसाब जी के मुंबई हमलो मे शामिल होने की बात साबित होने के बाद भी उन्हे फ़ांसी क्यो नही दी जा रही  और कबाब भी खिलाये जा रहे हैं । असीमानंद को जबरजस्ती फ़सांया जा रहा है और जेल मे सूखी रोटी खिलाई जा रही है क्या ये सही नही है कि ये कांग्रेस मुस्लिम तुष्टीकरण करती है। मैने पूछा भाई सच सुनना है कि दबाव मे जैसे माया और मुलायम कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं वैसा ही समर्थन चाहते हो । सच मीडिया की सनसनी से बहुत दूर है सच यह है कि भारत एक संविधान के तहत काम करता है । न्याय की भी एक प्रक्रिया है और उस प्रक्रिया मे हर आदमी को अपने को निर्दोष साबित करने का पूरा मौका होता है । पैसा न होने पर वकील भी सरकार नियुक्त कर के देती है और पूरी प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही किसी व्यक्ति को दोषी ठहराया जा सकता है । ऐसी व्यवस्था न होने पर देश अंधेर नगरी चौपट राजा हो जायेगा । रही बात असीमानंद और साध्वी की दाल मे कुछ काला अवश्य है साध्वी के खिलाफ़ तो पुख्ता सबूत है । वरना इतने हाईप्रोफ़ाईल मामले मे पुलिस एकदम फ़र्जी केस खड़ा नही कर सकती । अगर फ़िर भी निर्दोष हैं तो वकील किये हैं कागज पत्तर ठीक ही बनाये होंगे प्रक्रिया के तहत छूट जायेंगे ।


रही बात कबाब और अंडा खिलाने की तो जेल मैनुअल मे प्रावधान है कि विदेशी कैदियो को विशेष सुविधाएं दी जाती है यह प्रावधान अंग्रेजो के काल मे यूरोपीय कैदियों को ध्यान मे रखकर बनाया गया था । ये क्या पूरा संविधान ही उस समय के कानूनो से भरा पड़ा है । कांग्रेस और बीजेपी दोनो के राज मे ऐसे प्रावधानो को बदलने या सुधारने की जहमत नही उठाई गयी क्योंकि इसमे कोई वोट तो मिलना नही है । दीपक जी यदी आप चाहते हो तो पार्टी को लगाओ मैनुअल के सुधार के आंदोलन मे और शुरूवात अपने राज्यो से करो ।

दीपक भाजपाई आज हारने के मूड मे नही थे बोले अफ़जल गुरू के बारे मे आप क्या कहेंगे उसमे तो सारी प्रक्रियायें पूरी हो चुकी है उसे फ़ांसी क्यो नही दी जा रही। मैने कहा हां भाई आप सही कहते हो लेकिन एक बात भूल जाते हो भारत के अभिन्न अंग कश्मीर जहां का यह निवासी है वहां तनाव फ़ैला हुआ है । अलगाववादी ताकतें हरदम मौके की तलाश मे रहते हैं  किस बात पर जनता को भड़काया जाय । ऐसे मे अगर इसे फ़ांसी दे दी गयी तो शांती प्रक्रिया को क्या झटका न लगेगा । क्या अलगाव वादी ताकतें जनता को भड़्काने मे सफ़ल न हो जायेंगे  अफ़जल गुरू की एक जान के बदले हमारे कितने सैनिक कितने देश वासियो को जान से हाथ धोना पड़ेगा । और ये कसाब और अफ़जल गुरू क्या जेल मे ऐश कर रहे हैं काल कॊठरी मे बिना किसी से बात किये जीना कैसा होगा कभी सोचा है आपने ।


दीपक भाजपायी ने शिकायती निगाहो से मुझे देखा आखिर शर्मा जी को नीचा दिखाने का सुनहरा अवसर जो मैने छीन लिया था । मैने तत्काल क्षतीपूर्ती कर दी कहा वैसे कसाब को कसाब जी कहना  ओसामा जी कहना और मुंबई हमलो मे शामिल लोगो को आतंकवादी न कहना जैसी शर्माजी और राहुल बाबा के मामू दिग्गी की हरकत के बारे मे शर्मा जी के विचार पूछे जा सकते हैं । बस क्या था पूरा नुक्कड़ फ़िर शर्मा जी की फ़जीहत मे जूट गया ।

आसिफ़ भाई ने मुझे अलग ले जाकर पूछा मियां आपकी आखिरी चाल समझ न आयी । मैने कहा शर्मा जी ने पिछली तीन पार्टियां नही दी हैं कल कह रहे थे कि मुझे बचाने मे आपका कोई योगदान नही रहता है । आसिफ़ भाई ठठाकर हसें बोले ये बात ठीक है कांग्रेसियो को बीच बीच मे झटका न दो तो हवा मे उड़ने लगते हैं ।