Showing posts with label लोकतंत्र. Show all posts
Showing posts with label लोकतंत्र. Show all posts

Sunday, July 31, 2011

सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी का स्लट वाक


भाई सोहन शर्मा नुक्कड़ पर ठहाके लगा रहे थे कारण पूछने पर बोले-  "देखो तो दीपक भाजपाई के संघेरे भाईयों को, स्लट वाक याने बेशर्मी मोर्चा का विरोध कर रहे हैं। अरे भाई, कोई कैसे भी कपड़े पहने इनको क्या आपत्ति है।  कम कपड़े पहनने का यह मतलब थोड़े ही है कि लड़की आप को बुला रही है, कि आओ बलात्कार करो । हमने सर हिलाया- बड़े उच्च विचार हैं आपके, वैसे शर्मा जी सोना-चांदी, पैसा कहां रखते हो। शर्मा जी बोले - लाकर में या  अलमारी के सेफ़ में और आदमी कहां रखेगा ?  हमने कहा घर के बाहर शोकेस बनवा दो आते-जाते लोग आपकी संपत्ति की, गहनों की तारीफ़ करेंगे, मुहल्ले में आपकी इज्जत बढ़ेगी, मान बढ़ेगा ।

शर्मा जी बोले- दिमाग खराब हो गया है क्या, जिस चोर की निगाह पड़ी वही लूट लेगा, कौन शोकेस की चौकीदारी करता फ़िरेगा दिन भर। हमने कहा यही बात महिलाओं पर लागू नहीं होती क्या ? जिन कपड़ों से बलात्कारियों की नजर मे चढ़ो , उसको पहनने का फ़ायदा क्या, खास कर उन लड़कियों को जो परिवार से दूर रहती हों या असुरक्षित जगहों पर जाती हों । चोर और बलात्कारी तो आसान और बढ़िया शिकार खोजते हैं , क्या वे स्ल्ट वाक को देख अपनी हरकते बंद कर देंगे। सुंदर लड़कियों को कम कपड़ों में देख आप जैसा अच्छा इंसान तो मन मसोस कर रह जाता है कि लड़की के घर वाले पीटेंगे, पुलिस वाले पीटेंगे और सबसे बड़ी बात बीबी पीटेगी ।

शर्मा जी ने सर हिलाया पीट तो बीबियां वैसे भी लेती हैं भाई पर छोड़ के चले जायेगी उसका क्या। शर्माइन को भले मुझमें लाख बुराईयां और अपने में लाख अच्छाईयां नजर आये, शादी के इतने सालों बाद, मन भी नहीं लगता उनके बिना । हमने शर्मा जी को टोका - ओ भाई होश में आओ, कहां श्रीमती के प्यार में खो गये अभी घर पहुंचते ही भाभी चार काम बतायेंगी तो तुम्हारा प्यार का नशा हिरण हो जायेगा। अभी बात बेशर्मी मोर्चा की करना है , क्या विचार बनाया आपने। शर्मा जी ने स्टैंड बदला - मैं सहमत हूं कि बेशर्मी मोर्चा का विरोध होना चाहिये ।

अब शर्मा जी से हमने कहा तुरंत दिल्ली जाओ , अपनी सोणी मम्मी, राउल बाबा और उनके चालीस चोरों का जो रोजाना स्लट वाक हो रहा है उसे बंद कराओ। शर्मा जी भड़क गये-  कहां की बात कहां पहुंचा दी, क्या हमारी पार्टी के लोग कम कपड़े पहनते हैं। हमने कहा-  भ्रष्टाचार का नंगा नाच हो रहा है लाखों करोड़ रूपये लूटे जा रहे हैं, उसके बाद आलम यह है कि व्यवस्था में सुधार करने आंदोलन करो तो आधी रात में आंदोलनकारियों पर हमला कर उनका दमन कर देते हो। भाई मेरे बेशर्मी केवल कपड़ों में नहीं होती हरकतों में भी होती है, आप लोगों को शर्म नहीं आती क्या।

शर्मा जी रोज भ्रष्टाचार पर गालियां खाते थोड़े बेशर्म हो चुके थे कहने लगे-  कल सुना नहीं श्रद्धेय मन्नू जी क्या कह रहे थे, विपक्ष के बहुत से 'शर्मिंदगी भरे राज' हैं। भाई जब सभी लोग बेशर्मी मोर्चा निकाल रहे हों , कम कपड़े पहने हों , तब काहे की शर्म । हमाम में सभी नंगे हों तो एक को नंगा कहना मूर्खता है या नहीं । बेशर्मी मोर्चा ही सही तुम लोग दुखाते रहो अपना पेट । क्यों सुने जनता की आवाज, क्या लिखा है संविधान मे निर्णय और कानून संसद बनायेगी और इस पर चर्चा वहीं होगी । जब चुनाव आयेगा तब तुम लोग वोट देना, दोगे किसको हममे से किसी एक को ही न जो आयेगा वो बेशर्मी मोर्चा निकालेगा चिल्लाते रहो । धरना देते रहो जब लगेगा मामला हाथ से बाहर जा रहा है, तो गांधी का देश है तुम अहिंसा अपनाना हम हिंसा अपनायेंगे । आजादी मे क्या हुआ ! सत्ता का हस्तांतरण हमे अंग्रेजो ने अपना काम सौपा । वही तो कर रहे हैं जैसे उन्होने लूटा अब हम लूट रहे हैं ।

हम भड़के शर्मा जी गलतफ़हमी है आपको, कि लोकतंत्र की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त नही हो सकती ।  दुख की बात तो यह है कि जब दुर्घटना होगी तो भी भुगतना जनता को ही पड़ेगा । भ्रष्टाचार का शौक फ़रमाना बंद करो और मजबूत लोकपाल बिल लेकर आओ । वरना एलिया साहब की ये पंक्तिया कहनी पड़ेंगी "कि शौक मे कुछ न गया , शौके जिंदगी गयी "।

शर्मा जी ठहाके लगाने लगे बोले अरे ओ क्रांतीकारी जुटा कुछ जानकारी वरना अकेले जूते खायेगा । बेटा मीडिया हमारी पुलिस हमारी और तुम लोग भारत के आम आदमी। अभी अल्लाह ओ अकबर और हर हर महादेव के नारे लगवा दूंगा तो आपस मे लड़ते नजर आओगे । लोकपाल जोकपाल सब किनारे लग जायेगा। इतना कह शर्मा जी पलटे और "कि भईया, आल इज वेल" का गाना गाते हुये संसद की ओर रवाना हो गये।

और अपने राम रह गये नुक्कड़ में सर खुजाते शर्मा जी के इस तर्क का हमारे पास कोई जवाब न था।

Wednesday, July 6, 2011

कुटिल सब्बल बाबू बिल नही है ये हमारा दिल है देखो देखो----- टूटे ना

नुक्कड़ पर आते ही भाई सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी ने घोषणा कर दी मानसून सत्र मे बिल पेश हो  जायेगा । हमने कही भाई कांग्रेसी वो जमाना गया कि एक बहन को दिखा दूसरी से शादी कर देते थे आज कल लड़का लड़की एक दूसरे से मिलते जुलते है देखते समझते है तब शादी होती है । लड़की याने लोकपाल बिल दिखाओ फ़िर हम मानेंगे । शर्मा जी कुछ कहते की इससे पहले दीपक भाजपाई कूद पड़े कहने लगे हम भी तो यही कह रहे है ये दिखाते कहां है । हमने उनको फ़टकार लगाई हे देश की आखिरी उम्मीद पहले नारा लगाओ "सौगंध राम की खाते हैं बिल वही लायेंगे " और ये नारा लगाने से पहले सोच लेना फ़िर हम क्या खायेंगे नरेन्द्र मोदी जैसे जीवन कैसे बितायेंगे ।

इतने मे शर्मा जी ने घोषणा कर दी अन्ना का लोकपाल देश के लिये खतरा है । पूरा नुक्कड़ चौक गया किसी ने पूछा वो कैसे भाई क्या उसमे आतंकवादियो को छोड़ने का प्रावधान है या देश की सेना को भंग करने की बात है । शर्मा जी ने कहा भाई यही सब बताने आज मै कुटिल बाबू को साथ लाया हूं । तभी आसिफ़ भाई बोल उठे सही जा रहे हो शर्मा जी चोरो को अच्छा वकील करना ही चाहिये इनके जैसा ।

कुटिल बाबू बोल पड़े भाईयो अन्ना का लोकपाल  न्यायाधीशो को दायरे मे लाता है ऐसे मे जिसके खिलाफ़ फ़ैसला होगा वही लोकपाल के पास पहुंच जायेगा । जज फ़ैसला करने मे हिचकिचायेंगे लोकपाल के वकील से  डरेंगे । मैने कहा कुटिल बाबू  भ्रष्टाचार की जांच मे तो कोई दिक्कत इमानदार को है ही नही आज की तारीख मे अदालतो का जो हश्र है उसे  आप भी जानते हो।  नरसिम्हा राव से लेकर कितनो को आपने पैसे के दम से बचाया है कि नही । बात फ़ैसले की तो वैसे भी नही है निचली अदालत के फ़ैसले के विरूद्ध तो हर रोज उपरी अदालत मे अपील होती है और लोकपाल मे सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को बदलने की शक्ति का प्रावधान तो है ही नही ।

कुटिल बाबू ने फ़िर बात मोड़ी कहने लगे केंद्र सरकार के कर्मचारियों को अन्ना इसके दायरे मे लाना चाहते हैं। वे तो लोक सेवा आयोग के अधीन  है  इसके लिये संविधान मे संशोधन करना होगा । फ़िर अधिकारी सरकार के आदेशो को मानने मे लोकपाल का हवाला दे कर मानने से इन्कार कर देंगे । और आपस मे एक दूसरे की शिकायत करेंगे । मैने कहा भाई यह बताओ क्या ये अधिकारी किसी के दायरे मे हैं आज तक जांच भी एक दूसरे की करते हैं । अगर तंत्र सही काम करता होता तो ये लोकपाल की नौबत ही क्यों आती और अधिकारी लोकपाल के दायरे मे रहे या लोकसेवा आयोग के आपके पेट मे क्यो दर्द हो रहा है ।  दर्द तो तभी हो जब आप अधिकारियो से गलत काम कराना चाहो और वह लोक पाल के डर से न करे । आपकी पार्टी तो इमानदारी की मूर्ती है आपको क्या दिक्कत ।

अब आप प्रधानमंत्री को लाने से मना करोगे आपके अनुसार सच्चर जी ने कहा कि जब हमारे इतिहास मे प्रधानमंत्री से लेकर जज तक सभी चोर निकल चुके है तो क्या गारंटी है कि लोकपाल भी ऐसा नही निकलेगा । कुटिल जी ने तुरंत सर हिलाया सही कहा ऐसा स्वतंत्र और नापाक इरादो वाला लोकपाल पूरे तंत्र को अस्थिर कर सकता है । तभी आसिफ़ भाई ने अपनी राय रखी बोले कुटिल बाबू जब उपर से नीचे तक नापाक इरादे वाले नेता से लेकर चपरासी तक अपना काम करते हुये तंत्र को अस्थिर नही कर सके तो महज जांच का डर दिखा लोकपाल क्या कर लेगा । लोकपाल रहेगा तो प्रधान मंत्री भी उल्टे काम करने से पहले सौ बार सोचेगा । कुटिल बाबू ऐसा सिस्टम सोचो जिसमे ऐसा आदमी लोकपाल बन ही न पाये और गलती से बन भी जाये तो सरकार से लेकर आम आदमी तक जो चाहे लोकपाल की शिकायत सुप्रीं कोर्ट से कर सके । पर आप तो लोकपाल को जनता के प्रति जवाबदेह रखना ही नही चाहते हो 

कुटिल बाबू तैश मे आ गये तो अब आप लोग चाहेंगे कि सांसदो का व्यहवार भी दायरे मे आ जाये माने जनता की आवाज  भी लोकपाल के दायरे मे हो । मै हसते हुये बोला अरे कुटिल बाबू सांसद अपने क्षेत्र की समस्या पर बात करेगा देश की समस्या पर बात करेगा राज्य की समस्या पर बात करेगा तो कौन लोकपाल उसको चबा सकता है । आरोप तो तभी लग सकते है ना जब वो पैसा खाकर वोट दे पैसा खाकर सवाल उठाये और लोकपाल को जांच करना भी हो तो जब आपने पैसा खाया ही नही तो आपको डर कैसा ।

कुटिल बाबू बोले उसके लिये तो एथिक्स कमेटी है ही संसद की सर्व शक्तीमान फ़िर लोकपाल क्यों क्यों वो अपना बजट खुद निर्धारित करे क्यो सीबीआई सीवीसी उसके अंडर रहे क्यो वो भ्रष्टाचारियो से पांच गुना दंड वसूली कर सके दवे जी जब हम है जनता के चुने हुये तो लोकपाल क्यॊं । मैने कहा भाई यही तो बड़ा सवाल है और इसी मे कमाल है तुम लोगो को बापू और बाबा साहब ने इतना अच्छा संविधान लोकतंत्र सौंपा था तुमने उसका मजाक बना दिया संसद को अजायबघर बना दिया न्यायालय को मजाक हद ये है कि सुप्रीमकोर्ट के पूव चीफ़जस्टिस पर खुलेआम आरोप है और वह बगले झांक रहा है ।आई ए स अफ़सर अपने मे से सबसे भ्रष्ट आदमी का यूपी मे खुलेआम चुनाव करवा चुके हैं । नेताओ के तो कहने क्या लाख दो लाख करोड़ का घोटाला सुन जनता चौंकती नही है ।

और लोकपाल को कौन सा शासन सौपने की बात हो रही है बात तो उसे भ्रष्टाचार की जांच का जिम्मा सौपने की हो रही है । भैय्ये अब रास्ता बचा क्या है इसके अलावा कि तुमसे और तुम्हारे लोकतांत्रिक सिस्टम से हट किसी नये आदमी या संस्था को लगाम कसने की जिम्मेदारी दी जाये । जब वो भी बेईमान सिद्ध होगा तो फ़िर नया जुगाड़ फ़िट किया जायेगा आखिर भारत ऐसे ही जुगाड़ो से चलता है कि नही ।