Showing posts with label संविधान. Show all posts
Showing posts with label संविधान. Show all posts

Wednesday, March 20, 2013

संविधान बिछाओ - सेक्स करो


भारत के नेताओं,  धर्म रक्षको, बुद्धीजीवियों से पूछा जाये - "क्यों जी बलात्कार पर आपकी क्या राय है।" तो सारे ऐसी घोर निंदा करेंगे कि  सारे बलात्कारी राम सिंग टाईप आत्महत्या कर लें। पर जैसे ही पूछा जाये कि- "क्यों जी बलात्कार कैसे रूकेगा।" वैसे सारे के सारे  अलग अलग सुर मे राह अलापने लगते है। 

कुछ के जवाब देखिये -

हिंदु संस्कृती रक्षक -  " बलात्कार इंडिया में होते है भारत में नही। गाय पालने से चरित्र निर्माण होगा और चरित्र निर्माण से ही बलात्कार रूक सकता है। " ( बयान के चंद ही दिनो के भीतर सूदर अंचल निपट भारत छत्तीसगढ़ के एक गांव मे गुरू जी आठ वर्ष की क्षात्राओं से बलात्कार करते पकड़ाया। गुरू जी के घर मे तीन गाय और एक बैल दशकों से बंधा हुआ था। नीम पर केरला यूं कि वहां सरकार भी हिंदु धर्म रक्षको की है। )


इस्लाम धर्म रक्षक -"  औरतो को बलात्कार से बचने के लिये बुरके मे रहना चाहिये। एक इस्लामिक मुल्क के मौलवी ने छह महिने की बच्चियो को भी बुर्का पहनाने का फ़तवा जारी किया।"

(चंद महिने पहले ही पाकिस्तान मे एक शख्स कब्र से निकाल महिलाओ के शव से बलात्कार के आरोप में पकड़ा गया। याने कब मे कफ़न ताबूत मे बंद महिला सुरक्षित नही है लेकिन उसे बुर्का भी पहना दिया जाता तो शायद बलात्कार नही होता।)  


खैर कड़ी से कड़ी सजा और उससे भी कड़े कानून पर सारे एक मत हैं। बल्कि मै तो सोचता हूं कि भारत का संविधान ही  थानेदार, वकील, कोर्ट बाबू और न्यायाधीशों के न्याय मंडल की जिंदगी चलाने के लिये बनाया गया है। कोई बवाल मचा नही  कि इन लोगो के तरकश मे एक और तीर पहुंचा दो। कर्तव्य की इतिश्री, जनता खुश, न्याय मंडल प्रसन्न। पीड़ित पक्ष या निरपराध व्यक्ती पिसता रहे, अपराधी थमाये पैसा और चैन की जिंदगी बसर करे। अब एक से एक कानून बन रहे है। मसलन घूरने पर सजा, पीछा करने पर सजा,  सोलह साल की उम्र मे सेक्स करना अपराध। याने जो लड़का लड़की शारीरिक आकर्षण से मोहित होकर समाज को, लाज शर्म को, बदनामी के डर को ताक पर रख के सेक्स करने का राजी हो गये है क्या वे संविधान को नीचे बिछा कर सेक्स नही करेंगे? हर विज्ञापन मे औरत के शरीर के बल पर माल बेचना अपराध नही है?  उस विज्ञापन से सेक्स की तरफ़ आकर्षित होकर सेक्स करना अपराध है। या साथ मे मनमोहन का बच्चो के नाम संदेश भी प्रसारित करना चाहिये-

मनमोहन सिंग  (प्रधान मंत्री आफ़िस से भारत का झंडा बाजू मे उनके जैसा मुरझाया हुआ) - "बच्चो अठारह के पहले सेक्स से दूर रहना हर जिम्मेदार भारतीय बच्चे का फ़र्ज है। आप को इस समय अपनी सारी ताकत सेक्स के बजाये पढ़ाई, खेल- कूद में लगाना चाहिये। ठीक है।


अब घूरना कानन को देखिये, कौन तय करेगा कि घूर रहा था कि नही? या कोई लड़की कह दे कि दवे जी घूर रहे थे तो दवे जी को टांग दोगे। अदालतो मे पहले ही करोड़ो केस धूल खा रहे है दस बीस लाख और बढ़ जायेंगे। मै तो सोचता हूं कि सामने वाली मिसेज रूनझुन मुझ पर घूरने का केस दर्ज करवा दे तब क्या होगा?

न्यायाधीश - " क्यों जी आपने  मिसेज रूनझुन को घूरा है कि नही।"

दवे जी - " घूरा नही है माई बाप,  देखा है।"

न्यायाधीश - "साफ़ साफ़ कहो जी क्या लंबे समय तक देखा है।"

दवे जी - " जी माई बाप मै उन पर मोहित हो गया था।"

न्यायाधीश - " मतलब अपराध स्वीकार करते हो।"

दवे जी - " मै मजबूर हो गया था माई बाप। रसीले लाल होंठ, झील सी नीली आंखे, लहराते केश, गोरे मुखड़े पर तिल। कसम से माई बाप एक दम द्वादशी का देवी रूप लग रही थी। मै देखते देखते मंत्र पढ़ रहा था - "या देवी सर्व भूतेशू सुंदरी रूपेण संस्थितः"  वाला।

न्यायाधीश - " यह अदालत इस नतीजे पर पहुंची है कि अपराधी निर्दोष है घूर जरूर रहा था लेकिन पवित्र भावना से। अतः केस खारिज किया जाता है।"


दूसरा केस स्टडी देखिये- कमला ने  कमल उपर पीछा करने का आरोप लगाया

न्यायाधीश - " क्यों जी आपने  कमला का पीछा किया है कि नही।" "

कमल     -  "पीछा तो किया है माई बाप।"

न्यायाधीश - " मतलब अपराध स्वीकार करते हो।"

कमल    - "माई बाप आप भी तो कभी जवान रहे होगे आपका भी तो दिल किसी के उपर आया होगा। आप ने भी तो लाईन मारी होगी।  आप ही कहो कि बिना लाईन मारे पीछा किये कोई लड़की हां बोलती है क्या। मुहब्बत की खातिर सच बोलिये माई बाप वरना इश्क  का खुदा आपको कभी माफ़ नही करेगा।"

न्यायाधीश -  " बेटा कह तो सही रहे हो पर हमारे जमाने मे यह अपराध नही था। तब की बात और थी अब महिलायें आजाद हो गयी है पीछा करने से बुरा मनाती है। सरकार ने कानून बना दिया है मेरे हाथ बंधे हुये हैं। "


कमल   -    " हुजूर अगर मै अपराधी हूं तो यह कमला भी अपराधी है। क्यों ये मैचिंग बिदी जींस टाप पर्स पहन कर घूमती थी। क्या इतनी हसीन लगने पर कोई इससे   इश्क न कर बैठेगा भला।  माई बाप अगर मै ’पीछा’ कानून का अपराधी हूं तो यह दफ़ा 120 b  की अपराधी है इसने साजिश रच, हसीन बन मुझे अपने पीछे पड़ने को  मजबूर किया।"  

कमला -     " यह झूठ है माई बाप मै मैचिंग मैचिंग अपने अंदर कांफ़ीडेंस जनरेट करने के लिये पहनती हूं नाकि खूबसूरत लगने के लिये।" 

न्यायाधीश - " कमल बेटा मै न्याय के हाथो मजबूर हूं अतः  तुम्हे   इंडियन पीछा कानून के तहत दो साल कैदे ए बामुशक्कत की सजा सुना रहा हूं। साथ ही मै दिल के हाथो  भी मजबूर हूं सो तुम्हारी जमानत मै खुद लेता हूं"।


यह तो था काल्पनिक विचार पर वास्तविकता में होना क्या चाहिये ? अमेरिका आदि में किसी लड़की को किसी लड़के के व्यहवार से परेशानी हो तो वह अदालत मे जाकर उस लड़के के खिलाफ़ पतिबंधात्मक आदेश पारित करवा सकती है। इस अदालती आदेश से प्रतिबंधित लड़का यदि फ़िर ऐसी हरकत करे तो पुलिस में सूचना देकर उसे रंगे हाथो पकड़वाया जा सकता है या ऐसे भी उस लड़के को अदालत में पेश होना होता है। यह वह सरल तरीका है जिससे किसी निर्दोष को फ़साना भी असंभव है साथ ही लड़्कियो को पूर्ण सुरक्षा भी मिल जाती है। लेकिन हमारे देश मे सरल कमाई हीन तरीको की जरूरत किसे है? जैसे वैवाहिक विवाद मे मध्यस्थता कराने की व्यवस्था की गयी है ऐसे ही महिला छेड़ छाड़ के केस मे भी ऐसी मध्यस्थता से दोनो के परिवारो को आमने सामने बैठा मामले कि सुलझाया जा सकता है। इसने वो कानूनी आधार भी बन जाता है जिसके उल्लंघन के बाद लड़के को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिये। इसके अलावा अधिकांश गंभीर मामलो में आरोपी मानसिक रोग से ग्रस्त रहता है। उसे तत्काल मनोचिकित्सा की आवश्यकता होती है। इस पक्ष को छोड़ दिया जायेगा तो अपराधी एक के बाद एक महिलाओ की जीना हराम किये ही रहेगा। लेकिन अपने यहां पीछा कानून और घूरना कानून जैसे सर्व शक्तिमान अस्त्रो के होते हुये इन सब बेकार की बातो के लिये समय आखिर है किसके पास।


खैर साहब सुंदरियो को देखना हर मर्द का जन्म सिद्ध अधिकार है। मै इस अधिकार के लिये तमाम उम्र लड़ता  ही रहूंगा। पीछा करने की तो मेरी उम्र रही नही, शादी शुदा आदमी को वैसे पीछा करने की जरूरत भी नही पड़ती। बीबी के पल्लू मे ही सारा संसार होता है।  आंख बस बंद करने की देरी है, श्रीमती मन चाही हीरोईन में कन्वर्ट हो जाती है। 

Monday, July 11, 2011

इंस्पेक्टर इसने मुझे मुसलमान कहा इसे गिरफ़्तार कीजिये

नुक्कड़ पर आसिफ़ भाई और सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी शर्मा जी की नयी खूबसूरत पड़ोसन को ले उलझ गये । हुआ कुछ यूं कि आसिफ़ भाई ने उनकी सुंदरता पर शेर जड़ दिया शर्मा जी ने आपत्ति करी तो पूछ लिया कि वो हैं आपकी कौन । शर्मा जी अपनी नीयत साफ़ होने की दुहाई दी तो आसिफ़ भाई ने कह दिया माने शर्मा जी आप उन्हे बहन की तरह मानते हो । फ़से हुये शर्मा जी भड़क गये और बात हैदराबादी दंगल तक पहुंच गयी । बीच बचाव करते दीपक भाजपायी को शर्मा कांग्रेसी का धीमा झटका जोर से लगा वे भड़क गये । कहने लगे कि कुछ महिने रुक जाओ आसिफ़ भाई फ़िर आप बस इतना कहना कि इंस्पेक्टर इसने मुझे मुसलमान कहा इसे गिरफ़्तार कीजिये शर्मा जी फ़िट हो जायेंगे ।

नुक्कड़ मे जमा लोगो के कान खड़े हो गये ये क्या चक्कर है भाई । दीपक ने जवाब दिया शर्मा जी की पार्टी अल्पसंख्यक सुरक्षा बिल ला रही है उसमे यही प्रावधान है । उस बिल के आ जाने के बाद कोई भी मुसलमान अपनी निजी दुश्मनी को भुनाने के लिये हरिजन एक्ट के जैसे जाकर शिकायत कर सकेगा । केस दर्ज होना तय है और जमानत भी हाईकोर्ट से ही मिल सकेगी । इतना सुनते ही लोग भड़क गये शर्मा जी को घेर लिया हमने बीच बचाव किया कहा भाई तुम लोग ही तो चुन के भेजे हो अब क्यों चिल्ला रहे हो । गुप्ता जी भड़क गये चुन के भेजे मतलब क्या है कुछ भी करेंगे अरे मुसलमान कहना कोई गाली थोड़े ही है जो कोई गिरफ़्तार हो जाये ।

मैने कहा भाई जैसा दीपक बाबू बता रहे हैं वैसा पूरा सच भी नही है । इसमे सिर्फ़ मुसलमान नही भाषायी अल्पसंख्यक भी शिकायत कर सकते हैं कोई बिहारी मुंबई मे शिकायत कर सकता है कि राज ठाकरे ने उसे बिहारी कह अपमानित किया है पीटा है । शर्मा जी भी सफ़ाई देने लगे भाई ये बिल आम आदमी के खिलाफ़ थोड़े ही बना है जो अपराध करेगा उसके खिलाफ़ काम आयेगा । दीपक भाजपाई जोश मे बोले शर्मा बाबू अपराधियो के लिये तो पहले ही तमाम कानून हैं फ़िर इस कानून की जरूरत क्या पड़ी ।

शर्मा जी कहने लगे दंगे रोकने के लिये इस कानून की जरूरत है । इस कानून के आ जाने से अल्पसंख्यको को वैसी ही सुरक्षा मिल सकेगी जैसे आज कानूनन महिला को प्राप्त है । याने संविधान यह मानता है कि महिलाएं प्रतारणा का शिकार हो सकती है इस लिये उनके लिये विशेष प्रावधान हैं । ऐसे ही प्रावधान अल्पसंख्यको के लिये हो जायेंगे । मैने कहा भाई महिला कानून का जितना दुरूपयोग हो रहा है उतना ही अगर इस नये कानून का होने लगेगा तो देश मे कितनी फ़ूट पड़ेगी कितने दंगे हो जायेंगे इस बारे मे भी सोचा है क्या । दीपक भाजपाई बोल उठे इस बिल बनाने के पीछे आपकी नीयत मे खोट है आप लोग मुस्लिम तुष्टीकरण की पुरानी बीमारी के शिकार हो ।

शर्मा जी कलप गये बोले अभी अभी आसिफ़ भाई से झगड़ा कर उठा हूं और आप मुझ पर झूठा आरोप लगा रहे हो  । हमने कही सही है शर्मा कांग्रेसी तुष्टीकरण का आरोप आप पर नही लग सकता तुष्टी तो आपको करना नही है खाली लालीपाप दिखाते हो ये बिल भी आप के ताउ संसद मे पास नही करा सकते । ये बात आप जानते हो इसी लिये दुनिया भर के तमाम लच्छेदार प्रावधान भर दिये है । ताकी दीपक भाजपायी चिल्लाते रहें और मुसलमान आपके पास आते रहे  ।

 शर्मा जी अब तुम लोग कांग्रेस के नाम को बख्श दो भाई कोई नया नाम खोज लो । रहम करो गांधी मौलाना और शास्त्री जी जैसे की आत्मा पर ये लोग आजादी के लिये जेल गये तुम लोग भ्रष्टाचार के लिये जा रहे हो । उन लोगो ने जीवन देश की एकता और धार्मिक सदभाव के लिये काम किया और तुम लोग प्रतिदिन भेदभाव के लिये करते हो । शर्मा जी ये बात याद रखना मर के उपर जाओगे तो तुम्हारी नयी पड़ोसन का पति तो तुमको बाद मे मारेगा पर पहले गांधी की आत्मा जीवन भर के सिद्धांतो को भूल तुम लोगो को मार मार के भुर्ता बना देगी ।

Wednesday, July 6, 2011

कुटिल सब्बल बाबू बिल नही है ये हमारा दिल है देखो देखो----- टूटे ना

नुक्कड़ पर आते ही भाई सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी ने घोषणा कर दी मानसून सत्र मे बिल पेश हो  जायेगा । हमने कही भाई कांग्रेसी वो जमाना गया कि एक बहन को दिखा दूसरी से शादी कर देते थे आज कल लड़का लड़की एक दूसरे से मिलते जुलते है देखते समझते है तब शादी होती है । लड़की याने लोकपाल बिल दिखाओ फ़िर हम मानेंगे । शर्मा जी कुछ कहते की इससे पहले दीपक भाजपाई कूद पड़े कहने लगे हम भी तो यही कह रहे है ये दिखाते कहां है । हमने उनको फ़टकार लगाई हे देश की आखिरी उम्मीद पहले नारा लगाओ "सौगंध राम की खाते हैं बिल वही लायेंगे " और ये नारा लगाने से पहले सोच लेना फ़िर हम क्या खायेंगे नरेन्द्र मोदी जैसे जीवन कैसे बितायेंगे ।

इतने मे शर्मा जी ने घोषणा कर दी अन्ना का लोकपाल देश के लिये खतरा है । पूरा नुक्कड़ चौक गया किसी ने पूछा वो कैसे भाई क्या उसमे आतंकवादियो को छोड़ने का प्रावधान है या देश की सेना को भंग करने की बात है । शर्मा जी ने कहा भाई यही सब बताने आज मै कुटिल बाबू को साथ लाया हूं । तभी आसिफ़ भाई बोल उठे सही जा रहे हो शर्मा जी चोरो को अच्छा वकील करना ही चाहिये इनके जैसा ।

कुटिल बाबू बोल पड़े भाईयो अन्ना का लोकपाल  न्यायाधीशो को दायरे मे लाता है ऐसे मे जिसके खिलाफ़ फ़ैसला होगा वही लोकपाल के पास पहुंच जायेगा । जज फ़ैसला करने मे हिचकिचायेंगे लोकपाल के वकील से  डरेंगे । मैने कहा कुटिल बाबू  भ्रष्टाचार की जांच मे तो कोई दिक्कत इमानदार को है ही नही आज की तारीख मे अदालतो का जो हश्र है उसे  आप भी जानते हो।  नरसिम्हा राव से लेकर कितनो को आपने पैसे के दम से बचाया है कि नही । बात फ़ैसले की तो वैसे भी नही है निचली अदालत के फ़ैसले के विरूद्ध तो हर रोज उपरी अदालत मे अपील होती है और लोकपाल मे सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को बदलने की शक्ति का प्रावधान तो है ही नही ।

कुटिल बाबू ने फ़िर बात मोड़ी कहने लगे केंद्र सरकार के कर्मचारियों को अन्ना इसके दायरे मे लाना चाहते हैं। वे तो लोक सेवा आयोग के अधीन  है  इसके लिये संविधान मे संशोधन करना होगा । फ़िर अधिकारी सरकार के आदेशो को मानने मे लोकपाल का हवाला दे कर मानने से इन्कार कर देंगे । और आपस मे एक दूसरे की शिकायत करेंगे । मैने कहा भाई यह बताओ क्या ये अधिकारी किसी के दायरे मे हैं आज तक जांच भी एक दूसरे की करते हैं । अगर तंत्र सही काम करता होता तो ये लोकपाल की नौबत ही क्यों आती और अधिकारी लोकपाल के दायरे मे रहे या लोकसेवा आयोग के आपके पेट मे क्यो दर्द हो रहा है ।  दर्द तो तभी हो जब आप अधिकारियो से गलत काम कराना चाहो और वह लोक पाल के डर से न करे । आपकी पार्टी तो इमानदारी की मूर्ती है आपको क्या दिक्कत ।

अब आप प्रधानमंत्री को लाने से मना करोगे आपके अनुसार सच्चर जी ने कहा कि जब हमारे इतिहास मे प्रधानमंत्री से लेकर जज तक सभी चोर निकल चुके है तो क्या गारंटी है कि लोकपाल भी ऐसा नही निकलेगा । कुटिल जी ने तुरंत सर हिलाया सही कहा ऐसा स्वतंत्र और नापाक इरादो वाला लोकपाल पूरे तंत्र को अस्थिर कर सकता है । तभी आसिफ़ भाई ने अपनी राय रखी बोले कुटिल बाबू जब उपर से नीचे तक नापाक इरादे वाले नेता से लेकर चपरासी तक अपना काम करते हुये तंत्र को अस्थिर नही कर सके तो महज जांच का डर दिखा लोकपाल क्या कर लेगा । लोकपाल रहेगा तो प्रधान मंत्री भी उल्टे काम करने से पहले सौ बार सोचेगा । कुटिल बाबू ऐसा सिस्टम सोचो जिसमे ऐसा आदमी लोकपाल बन ही न पाये और गलती से बन भी जाये तो सरकार से लेकर आम आदमी तक जो चाहे लोकपाल की शिकायत सुप्रीं कोर्ट से कर सके । पर आप तो लोकपाल को जनता के प्रति जवाबदेह रखना ही नही चाहते हो 

कुटिल बाबू तैश मे आ गये तो अब आप लोग चाहेंगे कि सांसदो का व्यहवार भी दायरे मे आ जाये माने जनता की आवाज  भी लोकपाल के दायरे मे हो । मै हसते हुये बोला अरे कुटिल बाबू सांसद अपने क्षेत्र की समस्या पर बात करेगा देश की समस्या पर बात करेगा राज्य की समस्या पर बात करेगा तो कौन लोकपाल उसको चबा सकता है । आरोप तो तभी लग सकते है ना जब वो पैसा खाकर वोट दे पैसा खाकर सवाल उठाये और लोकपाल को जांच करना भी हो तो जब आपने पैसा खाया ही नही तो आपको डर कैसा ।

कुटिल बाबू बोले उसके लिये तो एथिक्स कमेटी है ही संसद की सर्व शक्तीमान फ़िर लोकपाल क्यों क्यों वो अपना बजट खुद निर्धारित करे क्यो सीबीआई सीवीसी उसके अंडर रहे क्यो वो भ्रष्टाचारियो से पांच गुना दंड वसूली कर सके दवे जी जब हम है जनता के चुने हुये तो लोकपाल क्यॊं । मैने कहा भाई यही तो बड़ा सवाल है और इसी मे कमाल है तुम लोगो को बापू और बाबा साहब ने इतना अच्छा संविधान लोकतंत्र सौंपा था तुमने उसका मजाक बना दिया संसद को अजायबघर बना दिया न्यायालय को मजाक हद ये है कि सुप्रीमकोर्ट के पूव चीफ़जस्टिस पर खुलेआम आरोप है और वह बगले झांक रहा है ।आई ए स अफ़सर अपने मे से सबसे भ्रष्ट आदमी का यूपी मे खुलेआम चुनाव करवा चुके हैं । नेताओ के तो कहने क्या लाख दो लाख करोड़ का घोटाला सुन जनता चौंकती नही है ।

और लोकपाल को कौन सा शासन सौपने की बात हो रही है बात तो उसे भ्रष्टाचार की जांच का जिम्मा सौपने की हो रही है । भैय्ये अब रास्ता बचा क्या है इसके अलावा कि तुमसे और तुम्हारे लोकतांत्रिक सिस्टम से हट किसी नये आदमी या संस्था को लगाम कसने की जिम्मेदारी दी जाये । जब वो भी बेईमान सिद्ध होगा तो फ़िर नया जुगाड़ फ़िट किया जायेगा आखिर भारत ऐसे ही जुगाड़ो से चलता है कि नही ।