Wednesday, August 31, 2011

रामू बाबा का अनशन

रामू बाबा का अनशन


बाबा रामू को कहीं से पता चला कि दवे जी नाम के एक फ़ोकट चंद लेखक मुफ़्त में सलाह देते हैं, सो वे हमारे पास चले आये। बाबा से हमने पूछा -"रामू बाबा, ये बताईये कि आप अनशन पर क्यों बैठना चाहते हैं"। रामू बाबा जोश मे आकर बोले हम- "हिंदुस्तान की गरीब जनता को विदेशो से कालाधन मंगवा कर अमीर कर देंगे"। हमने बीच में भाषण रोका - " महाराज मुद्दे की बात करो"। बाबा जी ने धीरे से कहा " मुझे सत्ता सुंदरी से इश्क हो गया है"। हमने सर खुजा कर कहा -"बाबा काम बेहद मुश्किल है और आपकी पिछली गलतियां आपके आड़े हैं।  बाबा भड़क गये -"पूज्यनीय साध्वी को मंच पर बैठाने को गलती कहते हो कल्बे सिदीक नजर नही आया"। हमने हाथ जोड़े - जाओ बाबा आगे जाओ , हमारी सलाह आपको नही चाहिये,  फ़िर एक बार पिटोगे तब वापस आना"।


बाबा तुरंत नरम पड़ गये-  "अच्छा आपकी बात मानूंगा बताईये"। हमने कहा -" तीन बाते हैं, पहला हमारी अप्रूवल के बिना कोई मंच पर न चढ़ेगा"। दूसरे कांग्रेस के साथ भाजपा को भी कोसना है। तीसरे आप अनशन में मौन रहेंगे भारत माता की जय और वंदे मातरम कहने की छूट रहेगी बस।

बाबा चकराये बोले-  "भाजपा को गाली दूंगा तो अनशन का खर्चा कौन उठायेगा , और मौन रहूंगा तो जनता क्या सुनेगी और अनशन की शर्ते क्या होगी"। हमने कहा सत्ता सुंदरी चाहिये तो फ़ोकट में नही मिलती और भाजपा को साथ ले लोगे तो लालू किशन सुंदरी पा जायेगा आप हाथ मलते रह जाओगे। बाकी बातें हम पर छोड़ो  आप चौदह दिन का अनशन की तैयारी करो बस। बाबा ने कहा उसके बाद सरकार न मानी तो?  हमने कहा- श्री श्री 408, और कई भाई जी खाली हैं, सब अपने आप मध्यस्तता के काम मे लग जायेंगे आप वो सब हम पर छोड़ दो।

खैर साहब हमने प्रेस कांफ़्रेंस बुला घोषणा कर दी -" रामू बाबा बीस सितंबर से अनशन पर बैठने वाले हैं, रामलीला में। जब तक सरकार कालाधन वापस नही लायेगी तब तक अनशन नही टूटेगा"। पत्रकारों ने पूछा- "कालाधन वापस कैसे आयेगा", हमने कहा- "सरकार में कांग्रेस है कि रामू बाबा,  सरकार व्यवस्था करे"। पत्रकारों ने पूछा - "आप समय क्यों नही दे रहे",  हमने कहा- "चौसठ साल क्या कम थे जो और समय चाहिये"। पत्रकारों ने पूछा- "आपने कोई अनुमति ली है कि नही"। हमने कहा-  "प्रार्थना पत्र दे दिया है, अब उनकी समस्या है, सरकार में हिम्मत हो तो अनुमति न दे, रामू बाबा सहर्ष कलमाड़ी के साथ तिहाड़ जेल में रहेंगे। बाबा आज से मौन व्रत ले चुके हैं और हां बाबा सरकार की ओर से कपिल सिब्बल, दिग्विजय सिंग, मनीष तिवारी और चिदंबरंम के अलावा किसी से बात नही करेंगे"।

प्रेस कांफ़्रेंस खत्म होने के बाद बाबा हम पर झपट पड़े - "पगला गये हो क्या तिहाड़ भेजोगे और जिन लोगो का नाम ले रहे हो वो तो हम को ढोंगी, पाखंडी कहते हैं" । हमने मुस्कुरा कर कहा- "प्यारे बाबा चिंता मत करो, ये लोग ही आपके सच्चे प्रचारक बनेंगे, इनका एक एक शब्द आपके साथ लाखों लोगो को जोड़ देगा और सरकार का दिमाग नही खराब हो गया कि तिहाड़ भेज फ़िर अन्ना वाली गलती दोहराए।

बीस सितंबर सुबह ग्यारह बजे -


बाबा रामू को ले हम सकुशल रामलीला मैदान पहुंच गये, वहां टैंट आदि की व्यवस्था न देख बाबा चकराये बोले- "अरे सिर्फ़ माईक और भोपूं लगा है, हम खुले में बैठेंगे", हमने तुरंत उनको मौन व्रत की याद दिलाई,  मन मसोस कर बाबा मंच पर जाकर बैठ गये, हमने वंदे मातरम का गीत बजवा दिया। उसके बाद मंच पर चढ़ बाबा के अनशन शुरू होने की घोषणा कर दी। ज्यादा लोग नही थे दो सौ के करीब मीडिया वाले हजार पुलिस कर्मी ड्रेस मे और इतने ही सादे कपड़ों में, हजार करीब तमाशायी भी थे और इतने ही भारत का झंडा लिये बाबा समर्थक। शाम होते होते सैर सपाटे पर निकलने वाले लोग भी जमा होने लगे। हमने मंच से घोषणा करी,  कल सुबह बाबा युवतियों को चिरयौवना रहने का अद्भुत और गुप्त योग सिखायेंगे। रात होने पर बाबा धीरे से बोले दवे जी हमारा मन घबरा रहा है हमने कहा कल कहना कुछ नही है बस थोड़ा कठिन वाले स्टेप्स सिखा देना इशारों इशारों मे। बाकी हम देख लेंगे बाबा बोले पंडाल और बाकी व्यवस्था हमने कहा उसका इंतजाम हो गया है सरकार कल सुबह से भिड़ जायेगी।

 21 सितंबर सुबह

अगली दिन अखबारों मे हेड लाईन(पेड न्यूज)


"एक संत खुले मे ठंड और गर्मी बरसात झेलता भारत माता की सेवा मे अनशन कर रहा है"
बाजू मे अमूल बेबी का दूसरे मामले मे रियेक्शन छपा- "मुझे खुद को भारतीय कहने मे शर्म आती है"। टीवी चैनलों को मसाला मिल गया लोगों से सवाल पूछे जाने लगे,  खुले मे खड़ी हजारों नवयुवतियों, उनको लेने छोड़ने आये अंगरक्षकों और ताड़ने आये मनचलो का रेलमपेल मचा हुआ था।  लोग वाकई क्रोध में नजर आ रहे थे,  कुछ स्वयंसेवक बन मैदान की सफ़ाई भी कर रहे थे।
तभी आनन फ़ानन में पहुंचे सैकड़ो कर्मियों मशीनो से माहौल गुंजायमान हो गया,  आनन फ़ानन मे टैंट तनने लगे दरियां बिछने लगी। हमने मंच से घोषणा की- "बाबा की मातांओ बहनों,  योग कल होगा

22 सितंबर सुबह

अखबारों मे हेड लाईन(पेड न्यूस)

अनशन का दूसरा दिन हजारो की भीड जमा बाबा बिना कालाधन वापस लाये अनशन न तोड़ेंगे


आज पिछले दिन की अपेक्षा ज्यादा रेलमपेल था,  सरकार से दुखी लोगो का जमावड़ा लग रहा था। बाहर से लोग आने शुरू सरकार के पंडाल मे भारत माता का चित्र लगा, बाबा की योग क्लास भी चालू . मनीष तिवारी ने आरोप लगाया करोड़ो रूपये कमाने वाला बाबा,  पंडाल का बिल सरकार से भरवा रहा है। हमारा जवाब - " सरकार को एक एक पाई चुका दी जायेगी।
अखिल भारतीय साधु सभा,  विभिन्न आटो टैक्सी चालक संघ और दो शहरों का हमाल संघ बाबा के समर्थन मे आया

हमने मंच से घोषणा करी बाबा का मत है कि हिंदू मुस्लिम भाई भाई हैं और दोनो को साथ मे हिल मिल कर रहना चाहिये और साथ मिलकर इस सत्ता को उखाड़ फ़ेंकना चाहिये

रात मे बाबा फ़िर झपट पड़े बोले आपने अल्पसंख्यकों का आव्हान कर बहुसंख्यक  हिंदुओ को हम से दूर कर दिया। हमने कहा बाबा सटको मत हमने केवल कुछ लाख अल्पसंख्यकों को दूर भगाने का प्रयास किया है हमने समझाया देश में मुस्लिम नहीं बल्कि धर्मांधता से ग्रसित  दोनो धर्मो के महज  कुछ लाख लोग अल्पसंख्यक हैं। शेष भारतीय़ हिंदु,  मुसलमान सब प्रेम से ही रहना चाहते हैं। बाबा की रेंज से बात बाहर की थी भुनभुनाते सोने चले गये

23  सितंबर

अखबारों मे हेड लाईन(सरकारी न्यूज)

बाबा के आश्रमो मे भारी घपला बाबा का सहयोगी कालकॄष्ण नेपाली पासपोर्ट फ़र्जी डिग्री जाली


हमने वकतव्य जारी किया - " बाबा सरकार को धन्यवाद देते हैं कि उसने गड़बड़ियों को पकड़ा, बाबा देश सेवा में इतने व्यस्त रहते हैं कि आश्रम को समय ही नही दे पाते। सरकार से अनुरोध है कि सभी गड़बड़ियों को पकड़ दोषियों को जेल भेज,  बाबा के आश्रम को साफ़ करे। कालकॄष्ण अगर दोषी हैं तो उन्हे जेल भेजे ऐसे धोखेबाज को छोड़ना नही चाहिये पर बिना आरोप साबित हुये अभी बाबा कालकॄष्ण को मौका देना चाहते हैं कि वे स्थिती स्पष्ट करे।

जड़ी बूटी विक्रेता संघ, रिक्शा चालक संघ और फ़ल विक्रेता संघ का बाबा को समर्थन, फ़िल्म जगत से आमिर खान  समर्थन में,  शाहरूख खान ने बाबा के अनशन के तरीके पर विरोध जताया




क्रमशः- आगे की घटनाओं के लिये

रामू बाबा का अनशन - भाग दो




Sunday, August 28, 2011

सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी का प्यारी सोनिया मम्मी को खत

आदरणीय मम्मी जी

पहले तो मेरी गुजारिश स्वीकार करें,  लौटती डाक से अपनी चरणधूली भेजने की असीम क्रुपा करें।  आशा है, आपका स्वास्थ अच्छा होगा और आप कुशल से होंगी।  मम्मी जी ये बाबा समर्थक बोल रहे हैं कि,  आप अन्ना आंदोलन मे देश को उलझा कर अपना कालाधन ठिकाने लगा रहीं हैं।  सच्चाई जो भी हो पर मम्मी जी आप जल्द से जल्द लौट आयें इसी मे हम सब का हित है।  ये बाबा और उनके समर्थकों से तो कॊई खतरा नजर नही आता,  अन्ना वादी जाने सांसत किया हुआ है।  कोई घर घेर लेता है,  कोई ट्रेन से उतार देता है।  अपने नवीन जिंदल ने सबके हाथों मे हर रोज तिरंगा पकड़ने की छूट क्या दिलवा दी,  हम लोगों की आफ़त हो गयी है।  मालूम ही नही पड़ता,  कौन अपना है कौन पराया है।  वैसे सच कहूं तो मम्मी जी,  अपने आज कल कम ही बचे हैं।  जो कपिल सिब्बल, मनीष तिवारी, चिदंबरम जैसे अपने हैं भी,  उनसे तो  पराये ही अच्छे हैं।  कम से कम मंच से अहिंसा का नारा तो लगा रहे हैं।  वरना इनका बस चले तो कब का हम लोग अस्पताल में नजर आयें।

मम्मी जी आप भारत की है नहीं,  इस लिये आप को पता नही है,  कि यहां मां बच्चो का खयाल रखती हैं।  पर आप इटली की हैं तो हम बच्चो ने सदा आपका खयाल रखा, कि क्या पता आप के मायके में क्या प्रथा हो।  दूसरी ओर आप हमारे देश की बहू भी हैं।  और आज कल दहेज प्रताडना वाला केस भी दर्ज हो जाता है,  अब भारत में केस हो तो जमानती पट्टा भी मिल ही जाता है,  पर यदि आप इंटरनेशनल कोर्ट में केस दर्ज कर देंगी तो पट्टा कहा से आयेगा,  यही सोच कर  हम सभी नेम आपका ध्यान रखा ।

पर मम्मी अब का मामला समझ के बाहर है,  नुक्कड़, चौपाल जाते डर लगता है,  कि कौन जूता मार दे।  ये बाबा वादी लोग तो पहले से ही जाने सांसत किये हुये थे,  कि सोये लोगो पर आधी रात को डंडा क्यो।  अब अन्नावादी पूछ रहे हैं, कि भले हत्यारों और अपराधियों के साथ बंद कर देते,  कलमाड़ी और राजा जैसे लोगों के साथ हमारे अन्ना को बंद किया क्यों ? बीजेपी तो खैर विरोधी है,  लड़ाई पुराना है, और खाने के मामले मे उनसे याराना है।  उनसे कोई दिक्कत नहीं,  पर आम आदमी से कैसे बात करें।  मम्मी जी आप तो करोड़ चौरासी की मां हैं,  आपको पब्लिक पिटाई  के बारे में क्या मालूमं।  पर नित यह खतरा झेलते,  अब तबीयत नासाज रहने लगी है ।


प्यारी मम्मी,  आप के ये मुंशी मैनेजर कुछ भी बोल देते हैं,  कुछ भी कर देते हैं,  जवाब तो हमसे मांगते है लोग।  मम्मी जी कभी ये लोग अन्ना को भ्रष्ट बोल पड़े,  कभी भगोड़ा।  पर ये इन्होने नहीं सोचा कि सच क्या है, और इनको तो आदते पड़ गया है,  कि हम पर आरोप लगे तो विरोधी पर आरोप लगा दो।  पर ये अन्ना अपने लिये थोड़े कुछ मांग रहा था,  और मांग भी रहा था तो तहलका टाईप भंडाफ़ोड़ करते,  पर नही ये लोग हमारी फ़जीहत करने पर ही आमादा हैं। मम्मी जी,  आप तक बात पहुंचे नही रहा है क्या ?  क्या आप को पता नही लोग दुखी हैं पीडित हैं। पर गलती आप की नही है,  कोई आम आदमी दिखने से,  आपको कामन इंडियन पीपल बता कर,  मुंशी मैनेजर लोग पल्ला झाड़ लेते होंगे।

मम्मी जी आज देश का माहौल क्या हो गया है।  अपने को कांग्रेसी कहने से पहले सौ बार सोचना पड़ता है,  पहले तो यह कह्ते ही लोग प्यार करते थे,  महात्मा सी जय जय कार करते थे।  आज मालूम पड़ते ही अपराधी सा  व्यहवार होता है,  जूतो से,  गालियो से सत्कार होता है। प्यारी मम्मी क्या कमी रह गयी थी,  आज तक तो यह जनता सभी कुकर्मो को सह गयी थी।  माफ़ कीजियेगा पर आपके राज में मीडीया पर वह अंकुश नही, जो आपकी सास के जमाने में था । सबक लीजिये इंदिरा सा व्यहवार कीजिये,  कुछ भी हो पर टीवी/अखबार  मे नही आना चाहिये, बस।


प्यारी मम्मी,  ये कैसे हुआ कि लोक तंत्र में बाबा लोग अन्ना लोग देश हित को आगे आ रहे हैं।  आपके मुंशी मैनेजर कहते हैं कि ब्लैक मेलिंग है,  बाबा फ़्रौड है,  अन्ना चोर है।  पर मम्मी जी अगर ये लोग ऐसे हैं,  और अपने मन मोहन संत हैं, महात्मा हैं,  तो देश मे इतना भ्रष्टाचार कैसे हो गया। क्या आरएसएस और बीजेपी राजा के पीछे है, नही भी है तो भी कपिल सिब्बल,  मनीष तिवारी ऐसा बयान क्यों नहीं दे रहे। मै गरीब आपको क्या सलाह दूं,  आप ही कोई रास्ता निकाल लीजिये। मै तो अब तक  इस महान राजवंश का मुलाजिम था और आगे भी रहूंगा,  दाल रोटी और नमक का गुलाम हूं।  पर आप से एक ही गुजारिश है मम्मी जी,  कांग्रेस में यदि कोई गुप्त पद हो,  जिस बारे मे जनता न जान सके,  तो वह देकर प्लीज मेरा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष पद वापस ले लें  ।

आपका अपना

सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी


पुनःश्च

प्यारी मम्मी,  ये अंबिका सोनी जो सूचना और प्रसारण मंत्री हैं।  वो अपना काम ठीक से नही कर रही हैं। आपातकाल के समय इसी मैडम ने ऐसा चकरा चलाया था कि सारे अखबार और पत्रकार लाईन मे आ गये थे।  मम्मी जी,  आज भी अगर ये जैसा प्रेम संजय गांधी से करती थीं, आपसे करें तो दो दिन मे मामला राईट हो जायेगा।