Showing posts with label प्रधानमंत्री. Show all posts
Showing posts with label प्रधानमंत्री. Show all posts

Wednesday, September 14, 2011

लालकिशन आडवानी को सत्ता सुंदरी का प्रेमपत्र

नमस्कार

आपको प्यारे इसलिये न लिखा कि मेरे स्वयंवर में भाग लेने के लिये आपका इस तरह खड़े हो जाना मुझे बिल्कुल अच्छा नही लगा।  जरा सोच तो लेते कि आपके घर में मोदी जैसे जवान और योग्य वर होंते हुये इस उम्र में आप वानप्रस्थ आश्रम ग्रहण करना छोड़ युवाओं के साथ होड़ मे आ रहे हैं।  और खड़े होने के पहले  यह भी सोचते तो कि बाकी प्रतियोगी आपके बारे मे क्या क्या कहेंगे।  ललुआ तो एक ही बात कहता है कि आप पाईपलाईने में रहोगे और मनीष तिवारी कहेगा कि आडवानी जी किस मुह से सत्ता सुंदरी के स्वयंवर मे आये हैं वे तो खुद भ्रष्टाचार की अनेकों सुदरियों से संबंधो मे लिप्त हैं। दिग्विजय सिंग आपके द्वारा लिखा सोनिया गांधी को माफ़ीनामा लहरायेंगे तो कपिल सिब्बल कांधार प्रकरण की याद दिलायेंगे।

और किस किस चीज की बाते होंगी क्या बताउं जिन्ना की मजार से लेकर संसद पर हमले तक। पर आप तो हमारी चाह में इस कदर अंधे हो चुके हैं कि बुढ़ापे में फ़जीहत  करवाने पर तुले हैं। और कहां कहां जायेगें रथ से आपका कलेजा न कापेंगा,  गुजरात से निकलते ही मध्यप्रदेश में अपने अपने मंत्रियों की  करतूत देख पायेंगे और अफ़सरों द्वारा कत्ल करवाई गयी शेहला मसूद के घर जाने की हिम्मत तो आप शायद ही जुटा पायेंगे। हरियाणा मे भजनलाल से किया आपका गठजोड़  आपको मुंह चिढ़ायेगा और दिल्ली मे तो आप रहते ही हैं वहां आपको कौन मुंह लगायेगा।  जब आपके घर का घेराव हुआ था क्या तब आपको समझ में नही आया कि आपकी अब देश मे क्या राजनैतिक हैसियत है। उत्तर प्रदेश के निवासी तो आपसे पहले ही बेजार हैं हां बिहार मे जरूर नीतिश बाबू की जयजयकार है।

बंगाल और उड़ीसा न ही जाये तो अच्छा होगा खाली फ़ोकट डीजल और दिल जलेगा। छ्त्तीसगढ़ में आके आप जार जार आसूं बहाते आदिवासियो से क्या रूबरू हो पायेंगे या भ्रष्ट नेता अफ़सर से मिलकर ही थ्रू हो जायेंगे। वहां चारॊ ओर नजर जरूर घुमा लीजियेगा कुछ ही दिनो मे आपकी पार्टी की करतूतों का भयंकर काला चिठ्ठा वहीं से सामने आने वाला है।


आंध्रप्रदेश जाईयेगा तो ओबलापुरम माईनिंग कंपनी वाले आपके लिये हेलिकाप्टर भिजवायेंगे और सीधे रेड्डी बंधुओं के पास बेल्लारी ले जायेंगे। बाकी तो क्या कहूं समय मिले तो वहां लोकायुक्त की रिपोर्ट जरूर पढ़ लीजियेगा और वही से सीधे वापस की ओर बढ़ लीजियेगा आगे जाना बेकार है,  केरल में कुछ नही और तमिलनाडू मोदी जी के लिये बेकरार है। महाराष्ट्र  में अपनी तरह पाईप लाईन में बैठे अपने प्रदेश के नेताओं से जरूर मिल लीजियेगा और कोई रिलायंस के गैस घोटाले की बात पूछे तो तुरंत निकल लीजियेगा। मन ज्यादा ही घबरा जाये तो गुजरात पहुंचियेगा और वहां सुशासन और इमानदारी की हवा में जरूर सांस लीजियेगा।  फ़िर यह सोचियेगा कि मैने जो इतनी यात्रा की, उसके इंतजाम और भीड़ जुटाने के लिये खर्च किये गये पैसे आये कहां से हैं।  क्या भ्रष्टाचार  के पैसे से अभियान चला आप मुझे रिझा लेंगे आडवानी जी।

यह भी मैं भूली नहीं हूं कि अटल जी के बाद आपके ही नेतृत्व मे भाजपा का नैतिक पतन हुआ था और आगे आपका हाल बताउंगी तो सोनिया गांधी की तरह अब मुझसे भी आप माफ़ी मांगते नजर आयेंगे। अब मुझे ऐसा वर चाहिये जो कांग्रेसियों और उनके भ्रष्टाचार की हैवानियत सात समुंदर पार फ़ेंक आये और यह काम मोदी जी के अलावा और किसी से होने वाला नहीं हैं।

आपकी परायी

सत्ता सुंदरी


पुनःश्च  - आपकी मेरे प्रति ललक और छटपटाहट  को मद्दे नजर रखते हुये मैं जाते जाते आपको एक क्लू दे रहीं हूं। अगर फ़िर भी मेरे बिना आपसे रहना संभव न हो तो चुपचाप गाड़ी उठायें और भाजपा शासित राज्यों का गहन दौरा करें। बिना अपने चाटुकार मंत्रियों कार्यकर्ताओं को साथ लिये जनता से मिल, उनका हाल जाने और वहां हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ़ आवाज उठायें और दोषी मंत्री अफ़सरों को बर्खास्त करवायें। तब मैं आपकी असीम चाह को एक बार मौका दे सकती हू। सावधान इसके बिना अगर आपने मेरे स्वयंवर में भाग लेने की कोशिश करी तो सिवाय फ़जीहत और जगहंसाई के कुछ हाथ न आयेगा

Wednesday, June 22, 2011

जन धोखपाल बिल और कुटिल सिब्बल

नुक्कड़ पर बड़े दिनो से फ़जीहत झेल रहे भाई सोहन शर्मा उर्फ़ कांग्रेसी आज अपने बचाव के लिये कुटिल सिब्बल को ले पहुंचे थे आज शर्मा जी को जन धोखपाल बिल पर दो टूक जवाब देना था । पहुंचते ही कुटिल जी ने घोषणा कर दी हमारी नीयत साफ़ है और हम सभ्य समाज की ओर से पेश किये गये बिल के अधिकांश बिंदुओ से सहमत है । खाली छोटे मोटे कुछ बिंदू है जिस पर सहमति नही है । बाकी पार्टियों से चर्चा की जायेगी और बिल पास हो जायेगा ।

मैने पूछ लिया किस बात मे असहमति कुटिल जी जवाब मिला  एक तो धोखपाल कौन चुनेगा इस पर है इस पर भी इन लोग सर्च कमेटी बनाना चाहते हैं । मैने पूछा कुटिल जी क्या चोरो को अपने जज खुद चुनने की छूट होना चाहिये  जो आप लोगों को धोखपाल चुनने का अधिकार दें कुटिल जी भड़क गये किसने कहा हम चोर हैं । मैने जवाब दिया आप को तो कोई चोर साबित कैसे करे कैसे आप के कामो की जांच भी आप खुद करते हो इसीलिये तो ये जनधोखपाल का जरूरत पड़ गया ।

कुटिल जी ने मुद्दा बदला बोले ये लोग प्रधानमंत्री को दायरे मे रखना चाहते हैं । तभी जनता से आवाज आयी वो बेचारा तो खुद ही तैयार हैं पहले ही मम्मी से लेकर मामा लोगो के दायरे मे है नजर के सामने से राजा दो लाख करोड़ ले गया सारी ईमानदारी धरी की धरी रह गयी नाम खराब हुआ वो अलग जनधोखपाल होता तो उसका डर दिखा कम से कम रोक तो पाते । कुटिल जी तब तक नया विचार रख चुके थे बोले संसद के अंदर सांसद लोगो का व्यहवार दायरे के बाहर है । जवाब मिला ऐसा व्यहवार जिसमे कुर्सिया फ़ेकी जाती हों वोट बेशर्मी से खरीदे बेचे जाते हो नोट लहराये जाते हो जहां अध्यक्ष अपनी पार्टी का भोपू बना हो भाई यह तो नैतिकता के दायरे मे भी नही आता इस बारे मे कुछ लिखा है क्या आप के संविधान मे ?

कुटिल सिब्बल जी तुरंत भड़क गये आप हमारे महा विद्वान पूर्वजो के बनाये संविधान पर सवाल उठा रहे हो  । आप हो कौन तथाकथित सभ्य समाज कौन समर्थन करता है आपका मुठ्ठी भर लोग । फ़िर कुटिल जी ने कुटिलता भरी श्रद्धा से सिर नवाते हुये चेतावनी दी परम पूज्यनीय बाबा भीमराव अंबेडकर के संविधान पर सवाल उठाओगे तो सारा दलित समाज आंदोलित हो उठेगा उन बेचारो को तो इस तमाम लफ़ड़े के बारे मे पता ही नही है वे आप का जीना मुश्किल कर देंगे ।

इतने मे माहौल को शांत करते हुये बाजू बैठे शर्मा जी बोल पड़े प्यारे भाईयो हम आपके साथ मिल कड़े से कड़ा कानून बनायेंगे हमारी कुछ मजबूरियां भी है लोकतंत्र मे संसद ही सर्वोच्च है आप लोग तो फ़्रेम मे हो ही नही यहां सब कुछ संसद करती है । जनता मे से आसिफ़ भाई गुर्राये तुम लोगो ने लोकतंत्र को पैरो की जूती बना लिया है संसद को चोर बाजार अगर तुम ही सही होते तो  अन्ना किसको चाहिये थे फ़ालतू बात मत करो धोखपाल नही लोकपाल चाहिये । तभी कुटिल जी ने तर्क दिया भाई ये अन्ना का लोकपाल कितना महंगा है जीडीपी का एक प्रतिशत खर्चा हो जायेगा हर साल । हम केवल उंचे लेवल के अधिकारियों को ही इसके अंदर रख सकते है सभी को नही । तभी ललित शर्मा मूछो पर ताव देते बोल पड़े हां नीचे के अधिकारी कम पैसे मे ही बिक जायेंगे आम के आम गुठली के दाम और आप लोग जीडीपी का चालीस फ़ीसदी पैसा खा जाते हो उसका क्या ये लोकपाल तो समझो फ़्री मे पड़ेगा भाईयों ।

तभी पीछे से दीपक भाजपाई ने नारा लगाया हर हर महादेव हिंदू भाईयों इनको भगाना ही होगा  कॊई कुछ कहता कि मै उनको खींच सामने ले आया पूछा मुसलमान लोग क्यों नही भगायें । तुम लोग इस संक्रमण काल मे तमाशा मचा रहे हो वोटबैंक की राजनीति खेल रहे हो । जरा ये तो बताओ लोकपाल बिल के बारे मे क्या विचार है दीपक भाजपाई जोर से बोले हम जनलोक पाल के साथ हैं फ़िर धीरे से मन ही मन भुनभुनाये पर ये अन्ना हम को साथ ले कहा रहा है । मैने कहा अच्छा है भाई कि नही ले रहा ऐसे नारे लगाओगे तो एक दिन आयेगा हिंदू भी जान जायेंगे कि तुम लोग धर्म के नाम पर खाली वोट मांगते हो काम पूरे तुम्हारे भी कांग्रेस से कम नही सब जगह बराबर भ्रष्टाचार है । अब देश मे जागरूकता आ रही है लोगो को मोदी जैसा इमानदार और विकासवादी नेता चाहिये सुधऔर मंदिर का नारा लगाना है तो लगाओ सौगंध राम की खाते हैं मंदिर लोकपाल का बनायेंगे सुधर जाओ दीपक बाबू देश की तुम आज आखिरी उम्मीद हो निकलो इस धर्मवादी राजनीती से विकल्प बनो कांग्रेस का मोदी पर लगा दंगो का दाग हटाओ और देश को बचाओ ।

और कुटिल बाबू अब कॊई सफ़ाई मत दो जाओ और खाओ खूब कमाओ भरो पाप का घड़ा हां फ़िर बस ये न पूछना जूता क्यों पड़ा क्यों लोग सड़को पर दौड़ा कर पीट रहे हैं । और अब भी लेश मात्र अकल है तो अपनी मम्मी को ऐसा नेता बनाओ जिस के द्वारा बनाये कानून से देश मे भ्रष्टाचार समाप्त हो गया फ़िर देखना कैसे लोग उनको अम्बेडकर और गांधी  से भी ज्यादा पूजेंगे ।

और प्यारे जाते जाते यह भी याद रखना कि कही इतिहास मे मीर जाफ़र और जयचंद के साथ तुम्हारा नाम भी जुड़ न जाये ।