Showing posts with label आदिवासी. Show all posts
Showing posts with label आदिवासी. Show all posts

Monday, October 29, 2012

फ़िल्म चक्रव्यूह से नक्सल समस्या तक


प्रकाश झा की फिल्म चक्रव्यूह देखने की इच्छा बहुत दिनों से थी। नक्सल समस्या पर बड़े बैनर की यह पहली फिल्म है और इसे देखने के बाद भारत के नौजवानों के मन में कई सवाल खड़े होंगे। प्रकाश झा का कौशल इस फिल्म में नजर नहीं आया। इसमें बंबईया मसाला भरने की मजबूरी या जिद थी। या हो सकता है कि 'पानसिंग तोमर' देखने के बाद मेरी उम्मीदें इस फिल्म से ज्यादा ही बढ़ गई थी। खैर, इस फिल्म के समाप्त होने के बाद जब मैंने अपने पांच साल के बेटे से पूछा कि वह किसकी तरफ से लड़ेगा? उसने बिना देर के जवाब दिया कि कबीर की तरफ से। कबीर इस फिल्म में नक्सलियों की विचारधारा से प्रभावित हो जाने वाले किरदार का नाम है, जिसे अभय देओल ने अद्वितीय अभिनय से निखार दिया है। सर्वोत्तम अभिनय वह होता है जब अभिनेता किरदार के अभिनय को बिना लाग लपेट के कर दिखाए। ठीक पानसिंग तोमर में इरफान खान की तरह।

जबरदस्ती भरे गए किरदारो और सेक्स दृष्यों के बीच भी फिल्म उस विषय का भेद आम भारतीय के सामने खोलने में बहुत हद तक सफल रही है, जो विषय भारत की मीडिया देश हित के नाम से कवर नहीं करती। इस देश हित की आड़ में आदिवासियों के घर जंगल और पानी उद्योगपतियों को कौड़ियों के दाम बेचती छत्तीसगढ़ सरकार भी बच निकलती है और उड़ीसा की भी। भारत का आम नागरिक भी पुलिस के जवानों की लाशों को देख उन लोगों को बहुत नफरत और क्रोध के साथ देखते हैं जिन्हें नक्सली कहा जाता है।

आम आदमी का एक ही तर्क होता है कि जब लोकतंत्र है चुने हुए जन प्रतिनिधी हैं तब हिंसा का सहारा लेने की जरूरत क्या है। लेकिन भारत का लोकतंत्र उन इलाकों में जाकर खत्म हो जाता है जहां सरकारी विज्ञापनों से पलते पत्रकार नहीं जाते। जहां चुनावों में बकरा शराब बाट जीत जाने के बाद जनप्रतिनिधी नहीं झांकते। वे न इस बाजारवादी तंत्र के ग्राहक हैं और न ही उस महान देश के सम्मानित नागरिक जिसे इंडिया कहा जाता है। वे आदिवासी हैं। वे आदिवासी जिनके प्राकृतिक वनों को काटकर उन्हें इमारती लकड़ी के बंजर बागानों में बदल दिया गया। क्यों बदल दिया गया? क्योंकि उनके फल और फूल देने वाले पौधे न शहरी लोगों के फर्निचर में काम आ सकते थे, न पेड़ से तोड़ कर फल खाते आदिवासी के पास इस देश को देने के लिए कोई रेवेन्यू था। जाहिर है वहां विकास की जरूरत थी। वह विकास जिसमें शासन तंत्र से लेकर उसे वापस देने का सिस्टम बन सके। इसी लेन देन में तो अफसर और नेताओं की कमाई होती है।

वनों में इस बदलाव ने प्राकृतिक धन संपन्न आदिवासियों को कंगाल बना दिया। अपने जंगलों से भोजन ईंधन लेने पर अब वे चोर बन जाते है। और इस चोरी का खामियाजा पुलिस और वनविभाग के अदने कर्मचारियों की खिदमत से चुकाना होता है। यह खिदमत बेटी की इज्जत देकर भी की जाती है और मुर्गा देकर भी। लेकिन इतने से ही विकास कहां होता है भला! अब तो खदान-खदान खेलने को विकास कहते हैं। उन खदानों से नोट निकले तब न विकास टाइप का फील होगा भाई! अब इस विकास के लिए कुछ लाख लोगों को उनके घर से भगा कर उनके गांव नेस्तनाबूद करना पड़े तो कीमत कम ही है। लेकिन ये नक्स्लवादी देशद्रोही भी न पता नहीं कहां से आकर टपक गए। भोले भाले आदिवासियों को पट्टी पढ़ा दी। जल जमीन जंगल तुम्हारा है। मनमोहन सिंह या रमन सिंह के बाप का नहीं। खनिज खोदना है तो रेड्डी बंधु नहीं आदिवासी बंधु खोदेंगे। हथियार भी थमा दिए और विचारधारा भी। आप जंगल में आओ बेटा तब पता चले कि जब गरीब आदिवासी अपने घर को बचाने के लिए लड़ता है, तब कैसा युद्ध होता है। लेकिन अपने गृह मंत्रालय के मोटे-मोटे अफसर भी कोई कम थोड़ी थे। उन्होंने दूसरे आदिवासियों को हथियार थमा दिए बोला सलवा जुड़ुम करो। अब जाओ लड़ो साले आपस में आदिवासी ने आदिवासी को मारा कोई केस नहीं बनता। भला एक दलित दूसरे दलित को चमार कहे तो कौन जज सजा दे सकता है भाई।

अब साहब चल रहा है संग्राम, दिल्ली के सत्ता के गलियारों से हजारों प्रकाश वर्ष की दूरी पर। किसको कौन सी खदान मिलेगी उसका एमओयू पहले हो चुका है। दोनो तरफ के लोगों का स्टेक भी है। सलवा जुड़ुम में नोट और सत्ता की ताकत से लबरेज नेता है, तो नक्सलियों की तरफ भी लेव्ही से अरबों रुपए वसूलते नेता। और सरकार के अधिकारियों के पास भी अरबो का फंड आ रहा है आदिवासियों के विकास के लिए। सबका धंधा चमक रहा है, दिवाली में घर दमक रहा है, अब कुछ लोग तो मरेंगे ही न भाई इसको ही तो कोलेटेरल डैमेज कहते हैं। सिपाही मरे या नक्सल, मरता गरीब का ही बेटा है। कलेक्टर का अपरहरण हो जाए तो देश की सांसे थम जाती हैं, मीडिया खबरदार हो जाती है। पैसा देकर कुछ बंदी एक्सचेंज कर कलेक्टर घर आया नहीं कि फेर शुरू। इंडिया के सिटीजन तो बेचारे हर देश भक्त सिपाही की मौत पर आंसू बहा ही लेते हैं।

रही बात नक्सलवाद की तो अकूत धन कमाते होनहार सपूत की तरह हर नेता चाहता है, काश हमारे इलाके में भी हो जाता तो कितना अच्छा रहता।

Thursday, April 28, 2011

अरे आदिवासी विकास पहुंच रहा है सावधान


एक व्यक्ति आम के पेड के नीचे आराम से लेटा हुआ था।  एक राहगीर ने उससे  कहा, कि भाई लेटे क्यों हो काम क्यों नही करते। आदमी बोला- भाई मैं काम क्यों करू  तो राहगीर ने कहा कि काम करोगे, तो दो पैसा मिलेगा और उस पैसे को जोड़ कर कुछ व्यापार चालू करना! आदमी ने कहा फ़िर क्या होगा?, राहगीर बोला फ़िर क्या, तुम्हारी शादी हो जायेगी और बच्चे हो जायेंगे- आदमी ने कहा-फिर  राहगीर बोला- कि जब बच्चे बड़े हो जाये तो उन्हे व्यापार में लगा देना, फिर तुम चैन से आराम करना! आदमी ने कहा-  भाई मैं तो अभी भी चैन से लेटा हूँ, तो मै इतने बवाल में क्यो पडूं।

कमोंबेश यही बात अदिवासियों पर भी लागू होती है। और हमारे मापदंड उन पर लागू नही होते। उनकी जीवन शैली हम से अलग है। जिसे हम विकास कहते हैं। वह उनके लिये विनाश से कम नही है।  सन् 1985 तक भी बस्तर के अधिकांश इलाकों मे वस्तु विनिमय ही चलता था। व्यापारी हाट बाज़ारों में अदिवासियों से वनोंपज लेते थे, इसके बदले में उन्हे उनकी जरुरतों का सामान देते थे। उस समय तक अदिवासियों की मुख्य आवश्यकता नमक, कपडे, और गहने इत्यादि ही हुआ करती थी। अधिकांश इलाकों में सड़कें नहीं थी। तभी शायद आदिवासियों की संस्कृति और जीवनशैली  भी सरंक्षित थी।


हालाकिं शोषण तब भी था। जैसे 1 किलो चिरौंजीं, जो आज 200 रूपये किलो है के बदले मे 1 किलो नमक जो आज 5 रूपये किलो है, दिया जाता था। पर वह आज के स्तर पर नही था तब बाघ भी प्रचुर मात्रा में थे और जगली भैसें भी । धीरे-धीरे तथाकथित विकास के नाम पर और वनों के दोहन के लिये बस्तर के अंदरूनी इलाकों में सड़कें बनती गयी और हर नयी सड़क के साथ शोषण करने वालों की राह आसान होती गयी !
आदिवासी जो अपनी सरल और पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली के साथ हजारों वर्षों से वन्यप्राणियों के साथ  शांत व खुशहाल जीवन जीते रहे थे, अब एक ऐसे परिवेश से घिरने लगे, जिसके बारे में ना वो जानते हैं, और ना ही उसके अनुसार ढलने का उनके पास कोई जरिया था। आदिवासी बेवार पद्धति को अपनाते थे, जिसमें वनों को जला कर बिना हल चलाये बीज डाल दिया जाता है, फिर अगले वर्ष किसी और हिस्से को साफ़  कर उसमें खेती की जाती है, इस तरह के काम के आदी होने के कारण जमीन के मालिकाना हक के आदी नही थे। यह पद्धति वन्य प्राणियों के लिये तो अच्छी थी पर हम जैसे लोगों के घरो को सजने के लिये आवश्यक सागौन जैसी इमारती लकडियों के लिये नही अतः सरकार ने इस पर रोक लगा दी।




अब आदिवासी को स्थाई जमीन के टुकड़े आवंटित कर दिये गये। बावजूद इसके आदिवासी मालिक तो बन ही नही सकता था क्योकि यह उसकी मूल प्रवत्ति ही नही थी। नौकर बनना ही उसकी नियति थी।  अब शहर के  अधिकारियों और उनकें मातहत व्यापरियों ने मिलकर कौडियों के मोल उनसे जमीनों को खरीदना व उसमें लगे कीमती पेड़ों को काटकर बेचना प्रारंभ कर दिया।  आम के आम और गुठलियों के दाम का यह खेल कई दशकों तक चला। इसका अंत बस्तर के प्रसिद्ध मालिक "मकबूजा काण्ड" के साथ हुआ। अभी इसमे कुछ लोगों को सजा भी हुई है।
।अब बस्तर के वनों के मालिक आदिवासी नही वन विभाग था।  इन वनों से अपनी जरूरत की चीजें लेने के लिये अधिकारियों की सेवा करना उनकी मजबूरी बन गई! यह सेवा किस प्रकार से की जाती होगी, यह बात मैं पाठकों की कल्पनाशीलता पर छोडता हूँ।
 धीरे धीरे बस्तर की "रत्नगर्भा भूमि" पर लोगों की निगाहें पड़ने लगी।  उसमें छिपे खजाने को लूटने की होड़ मच गयी। बस्तर वनमण्डल देश का सबसे बडा उत्पादक वन-मण्डल बन गया एंव धडल्ले से वहाँ के जंगल कटने लगे।   आदिवासियों और वन्यप्राणियों के हितो को नजरन्दाज करते हुये प्राकृतिक वनों का कोयला बना कर उन्हे सागौन, साल, और बांस के वनों में तब्दील कर दिया।इन विविधता पूर्ण वनों में सागौन, साल और नीलगिरी जैसे व्यवसायिक महत्व वाले वृक्षों का रोपण होने लगा। साथ ही जो जंगल सदियों से आदिवासियों और वन्य प्राणियों को खुशहाल रखते आये थे, अब वो उनका पेट भरने में असमर्थ हो गये।

सन् 1995 से खनिजों की कीमत बढने लगी, साथ ही बस्तर, जिसकी भूमि लौह अयस्क से भरपूर है, वह उन लोगों की निगाह में आ गयी, जिनके पास लाभ और हानि के अलावा कोई और मापदंड नही है। बस क्या था "एम ओ यू" की बाढ आ गयी आम भाषा में "एम ओ यू" का मतलब दो पक्षों में सहमती पर है। किन्तु यहां एम ओ यू का मतलब है- मन्त्री, अधिकारियों और संबधित पक्षों में अंदरूनी समझौता!

यह एम ओ यू कुछ के लिये खुशियों की बहार लाता है। पर कुछ ऐसे भी लोग हैं। जिनके लिये यह विनाश के अलावा कुछ भी नही है। वहाँ रहने वाले आदिवासी जिनकी सुनवाई को कहते हैं जनसुनवाई पर जैसे युद्ध में हारे हुये पक्ष की दलीलें विजेता सुनता है! ठीक उसी तरह इस सुनवाई का फ़ैसला भी पूर्वनियोजित रहता है।  वनराज बाघ और उसकी प्रजा की चिन्ता किसी को नही होती ! क्योंकि ये जंगल अभ्यारण्य नही उत्पादन का स्थल मात्र  होता है।  उत्पादन के जंगल में इनकी हैसियत अवैध कब्जाधारी की होती है।
खैर जब यह "एम ओ यू होता" है तब तालिया बहुत बजती है। वे अधिकारी जो अपने  मन्त्री के हर भाषण में सबसे शुरू से सब से अंत तक तालियां बजाते है बडे खुश होते है और मन्त्री भी। लेकिन वहां ताली बजा रहे लोगों में किसी के मन में ये ख्याल तक नही आता, कि हजारों सालों से वहा रहते आये, अदिवासी और बाघ अब कहां जायेंगे।

जहाँ एक ओर ये लोग कैमरे की चमक और तालियों की गडगड़ाहट के बीच "एम ओ यू" कर रहे थे, उसी समय बस्तर की सुदूर वादियों में एक और "एम ओ यू" हो रहा था। यह था नक्सलवादियों और आदिवासियों के बीच इसमें न कैमरे की चमक थी,  और ना तालियों की गडगडाहट पर इस "एम ओ यू" के धमाके आज हमारे रोंगटे खड़े कर रहे है। लगातार हो रहे अत्याचार से तंग आकर आज आदिवासियों ने एक ऐसी विचारधारा का समर्थन करना शुरू कर दिया है। जिसमें हमारे दुश्मनों का स्वार्थ निहित है।
आज बस्तर की भूमि कुरुक्षेत्र बन गयी है। महाभारत जैसे धर्म युद्ध, कि तर्ज पर लड़े जा रहे,  इस अधर्म युद्ध में दोनो तरफ़ लाशें हमारे अपने योद्धाओं की है। अंतर तो बस यह कि इस युद्ध में कौरव रूपी मन्त्री अफ़सर और उद्योगपतियों पर कोई आंच नही आ रही और बाघ और उसकी प्रजा बिना लड़े ही मारी जा रही है। देश के दुश्मनों का बिना एक सैनिक भेजें ही मंतव्य पूरा हो रहा है।

दुख की बात तो यह है, कि इस रक्तबीज असुर रूपी माओवाद का अंत दमन से ही सम्भव है। इसमे दिक्कत यह है, कि हर दमन के साथ गिरते खून के छीटों से नये रक्तबीज असुर पैदा होते जायेंगे और इसका संहार करने के लिये दुर्गा स्वरूप इंदिरा गांधी भी आज नही है! जिनके पास राजनैतिक दूर दृष्टि और राजनैति इच्छाशक्ति दोनो का अभाव नही था।

अब देखना केवल यह है!, कि सरदार मनमोहन सिंह जैसे व्यक्ति जिनसे देश को कोई खास उम्मीद नही है!, वो क्या  आदिवासियों और बाघ प्रजा को जीवनदान दे पायेंगे, या असरदार राहुल गांधी तक इनकी  कोई गुहार पहुंच पायेगी।

Sunday, April 24, 2011

आदिवासियों और बाघ का मुकदमा


आदिवासियो ने दूर दूर तक फ़ैले बांझ इमारती जंगलो में, वन विभाग के कोप से बचे हुये एक्का दुक्का फ़ल और फ़ूलदार पेड़ो से एकत्रित स्वादिष्ट फ़ल फ़ूलों और पत्तियो के चढ़ावे के साथ शिवगणो के प्रमुख नंदी जी की पूजा की। प्रसन्न होकर नंदी प्रकट हुये, आदिवासियो ने बिलखते हुये अपनी व्यथा सुनाई- "इन बाघो ने जीना हराम कर दिया है। पहले ही इन बाघो को बचाने के नाम पर हमारा जंगल में प्रवेश बंद कर दिया गया है। उसके बाद अब हमको  विस्थापित किया जा रहा है। उपर से ये बाघ हमारी सुंदर सुंदर गायो को मार के खा जाते हैं वो अलग। हमारे उपर भी हमला कर मार देते हैं, और तो और ऐसा होने पर शहरी बाघ प्रेमी खुश होते हैं। कि अच्छा मारा साले को, जंगल में घुसते हैं। ’हे नंदी’ शहरी पर्यावरणविदो और खदान पतियो को हम ही दुश्मन लगते हैं, आप हमारी रक्षा करें।

  इन सब बातो को ( खास कर सुंदर गायो वाली ) सुनकर नंदी के नथुने फ़ड़क उठे। वे तुरंत आदिवासियो का प्रतिनिधी मंडल लेकर कैलाश की ओर चल पड़े। यह खबर सुनते ही बाघो ने भीमाता पार्वती की वीआईपी ड्यूटी मे लगे अपने साथी के मार्फ़त अपने प्रतिनिधी मंडल को भी भेजा।
कोलाहल सुन, चैन से सो रहे भोलेनाथ बाहर आये। नंदी ने बाघो पर आरोपो की झड़ी लगा दी,  सुंदर गायो के विषय पर तो वे बेकाबू ही हो गये थे। माता का प्राईवेट बाघ शेरू भी पीछे न था बोला- "ये आदिवासी बाघों को जहर दे देते हैं। गलती से कोई बाघ इनके गांव पहुच जाये तो लाठियो से पीट कर मार देते हैं। यहां तक की चैन से प्रेमालाप भी करने नही देते। पर्यटको की जिप्सी लेकर पीछे पड़ जाते हैं,  चोर शिकारियो तस्करो की मदद करते हैं वो अलग।"


भगवान शंकर बोले- "आदिवासियों, मै तुम्हारी कोई मदद नही कर सकता। बाघ राष्ट्रीय पशु है और तुम  राष्ट्रीय नागरिक तो छोड़ो नागरिक भी नही हो।  अगर तुम शहर जा कर झुग्गी में बस जाओ। तब तुम भारत के नागरिक बन जाओगे।  मैं तुमको ३ रूपये वाला सस्ता चावल, बच्चो को मध्यान भोजन बस्ता कापी और लड़कियों को साईकिल आदि दिलवा दूंगा। जंगल में रहोगे तो ताड़्मेटला जैसे जला दिये जाओगे और विपक्ष का नेता तो क्या मैं भी दस दिन तक वहां पहुच नही पाउंगा।" फ़िर भगवान ने कुछ नरम पड़ते हुये कहा- "बेटा सलवा जुड़ूम और नक्सलवाद की चक्की से बाहर निकलो और शहर जाकर झुग्गीवासी बन जाओ।" वहां कम से कम न्यूज चैनल वाले भी आते हैं,  मीडिया तुम्हारी तकलीफ़ें देश को बतायेगा।"



घर गांव जंगल छोड़ने की बात सुनते ही दुखी आदिवासी  आखों में पानी भर गिड़गिड़ाये


आदिवासी बैरी और बाघ है प्यारा ।

कहो प्रभु अपराध हमारा ॥



प्रभु कुछ कहते उसके पहले ही पीछे से मां दुर्गा बोल उठीं- "जब भगवान ही न्याय न करें तो नेताओ को दोष देने का क्या फ़ायदा। प्राणनाथ मुझे आप से ऐसी उम्मीद न थी। आज से अपना खाना खुद ही बनाईयेगा बता देती हूं।" प्रभु धीरज रख बोले- "प्रिये, अपनी इस हालात के जिम्मेदार भी ये  लोग हैं। जब इनके जंगल कट रहे थे तो क्या इनकी अकल घांस चरने गयी थी। क्यों लगने दिया  अपने जंगलो में सागौन, नीलगिरी और साल के पेड़, अपने साथ साथ वन्यप्राणियो को पर्यावास भी खत्म होने दिया।" नंदी ने अपील की- "प्रभु तब ये लोग अंजान थे। इन्हे नही पता था कि इससे क्या हो जायेगा।" प्रभु ने कहा- "अब तो अकल आ गयी है न,  देखो एक अन्ना के खड़े होने से सरकार थर थर कांपने लगती है। तो जब करोड़ो आदिवासी खड़े हो जायेंगे फ़िर क्या उनकी अकल ठिकाने नहीं आयेगी। पर नहीं, इनमे से जिसको नेता होने का आशीर्वाद देता हूं। दिल्ली जाकर सुरा, सुंदरी के मजे मारने लगता है। इनकी तो मै भी मदद नही कर सकता।"


इस पर माता ने सिफ़ारिश की - "अगर आप मुझसे तनिक भी प्रेम करते हैं, तो कुछ तो कीजिये।" प्रभु ने मुस्कुराते हुये जवाब दिया- " जैसे नेतागण भ्रष्टाचारियो के दिल में राज करते हैं। वैसे ही आप भी मेरे मन पर राज करतीं है। मै आशीर्वाद देता हूं कि आज से कुछ साल बाद, जब देश में भुखमरी की हालत आयेंगे। तब यूरोप और अमेरिका के वैज्ञानिक गहन शोध करके, यह पता लगायेंगे कि भारत में जो इमारती लकड़ी के प्लांटेशन हैं, अब वो किसी काम के नहीं है। और उनके बदले फ़ल और फ़ूलदार पेड़ लगाने से देश को को भोजन तथा पशुओं को चारा मिल सकता है। जिससे देश की भुखमरी दूर की जा सकती है। तब मनमोहनी नीतियो से कंगाल हो चुके भारत को, वर्ल्ड बैंक अरबो रूपये का कर्ज देकर इस काम को करवायेगा। तब ये आदिवासी रहेंगे तो मजदूर ही। लेकिन कम से कम जंगल के शुद्ध वातावरण में रह पायेंगे ।  बाघ और  उसकी  प्रजा के लिये भी उनमे भरपूर भोजन होगा और वे  उनमे चैन से जी पायेंगे।"

नंदी अभी तक सुंदर गायो वाली बात भुला न पाये थे- "बोले इन बाघो का  क्या है प्रभु ये तो इमारती  पेड़ो के जंगलो मे भी रह लेते हैं।"  इस पर प्रभु ने मुस्कुराते हुये पूछा- "कभी सागौन और नीलगिरी के पत्ते खाये हैं क्या  बेटा। माता के हाथ का स्वादिष्ट खाना खा खा कर तुम जमीनी हकीकतों से अनजान हो। आज शहर में रहने वाली गाय और इमारती जंगलो में रहनी वाली गायो का दूध एक समान क्यों है? मियां नंदी अमूल बेबी का खिताब तुमको मिलना चाहिये, राहुल गांधी को नहीं। फ़जीहत से बचने नंदी ने टी वी पर इंडिया टीवी लगाया और सारे शिव गण प्रभु के लंका दौरे की सच्चाई सुनने मे मगन हो गये ।

Thursday, March 10, 2011

माता पार्वती का वाहन संकट - बाघ संरक्षण पर एक व्यंग



                               




वनविभाग के कुख्यात अधिकारी पन्नाश्री बाबला जी के दफ़्तर के सामने  शेहला मह्सूद , दिया बेनर्जी आदि की अगुवाई मे एक जनसभा चल रही थी मंच से वक्ता पानी पी पी कर वनविभाग और मुख्यमंत्री कॊ कोस रहे थे । वहा से गुजरते हुये भगवान जटाशंकर ने खतरे को भापते हुये नंदी को कलटी काटने का इशारा किया । लेकिन देर हो चुकी थी माता पार्वती की नजर पड़ गयी । उन्होने भगवान शिव से पूछा प्रभू माजरा क्या है इन लोगो ने मेरे वाहन बाघ की तस्वीरे अपने हाथो मे ली हुईं है और देखो एन डी टी वी की कैमरा टीम भी है जरूर मेरे वाहन पर कॊई संकट आया है ।

अब महादेव ने क्रोध के हथियार से मामले को दबाने पर विचार किया लेकिन आदतन नंदी महिला थाने के सामने पहुंच चुका था भाई सेवक भले भगवान का था पर दो टाईम का चारा तो माता से ही मिलना था । हार कर भगवान ने माता से कहा केवल १४११ बाघ ही बचे हैं । माता का चेहरा क्रोध से लाल हो उठा बोली ऐसे मे तो मेरे प्रति अवतार एक एक बाघ भी उपलब्ध नही होगा आप नाम बतायें दोषी का अभी मै उसका संहार कर देती हूं । भगवान ने उन्हे शांत करते हुये कहा दोषी तो मनुष्य जाती है पर गलती मेरी है । माता ने अचंभे से पूछा कैसे प्रभु ने कहा अपने जीसस अवतार मे मैने बुद्धि का पेड़ नही हटाया था और आदम ने मेरे मना करने पर भी उसका फ़ल खा लिया था । उसी कारण मनुष्यो ने प्रक्रुति के विनाश के नये नये तरीके खोज लिये नतीजतन बाघो की संख्या मे भारी गिरावट आ गयी है। माता ने कहा गलती आपकी है तो सुधार भी आप करो मैं कुछ नही जानती मुझे कम से कम १०००० बाघ चाहिये बस । प्रभु ने कहा मजाक है क्या मुह से निकला और हो गया अरे भाई जंगल ही नही तो बाघो का भोजन कहां से आयेगा ।

माता ने दिव्य द्रुष्टी डालॊ और तुरंत भोलेनाथ पर फ़ट पड़ीं - " विश्व महिला दिवस पर भी आप झूठ बोलने से बाज नही आये भारत मे  6 ,78,000 वर्ग किलोमीटर का जंगल है और आप कहते हो जंगल नही है "। प्रभु सकपकाये और उन्होने भी दिव्यद्रुष्टी का प्रयोग किया  फ़िर मुस्कुराते हुये बोले अरे भाई तुम भी हड़बड़ी मे गड़बड़ी करती हो ध्यान से देखो जिसे तुम जंगल कहती हो दरअसल वो तो सागौन साल नीलगिरी आदी इमारती लकड़ी के प्लांटेशन हैं इन इमारती लकड़ी के पेड़ो के पत्ते , फ़ल और फ़ूल खाध थोड़ी होते हैं कि उन्हे हिरण आदि खाये और तो और इनके नीचे घांस और छोटी झाड़िया भी नही उग पाती हैं हां लैंटाना जैसी बेकार खरपतवार उग जाती है । माता भी कहां पीछे हटती उन्होने कहा अब आप कहोगे की कान्हा राष्ट्रीय उद्यान भी प्लांटेशन है प्रभु ने तुरंत हामी भरी अब विजयी मुस्कान से माता ने कहा अगर कान्हा  भी प्लांटेशन का जंगल है तो वहां सौ बाघ कैसे जीवित हैं मेरे तथाकथित महान प्रभु । प्रभू भी अनुत्तरित थे उन्होने आखिरी लाईफ़लाईन का प्रयोग करते हुये फ़िर से जादुई नजर डाली फ़िर संतोष पूर्वक बोले प्रिये वहां से आदिवासियों को हटा दिया गया है और उनके गांव घास के मैदान बन चुके हैं इन्ही मैदानो मे वो हिरण बसते हैं जिनको खाकर वे बाघ जिंदा हैं ।

अब माता बिफ़र गयीं रांउड रांउड बात मत कीजिये प्रभु बाघ जंगल आदिवासी दंद फ़ंद ये सब मुझे नही मालूम मुझे १०००० बाघ चाहिये बस । प्रभु क्रुपाशंकर ने प्रेमपूर्वक कहा प्रिये तुमसे शादी करने के बाद कॊई राउंड नही है पर अकर्म से कॊई भी काम करना भी मेरे बस मे नही । कही भी बाघ होने का मतलब हैं कि वहां शाकाहारी वन्यप्राणी हो और उनके लिये स्वस्थ पर्यावरण तंत्र का होना जरूरी है जो इन वन्यप्राणियो को भोजन दे सके । हां मै तुमको राह सुझा  सकता हूं ध्यान से सुनो बाघो की संख्या १०००० पहुचाने के तीन रास्ते हैं पहला रास्ता ५००० आदिवासी गांवो मे रहने वाले एक करोड़ लोगो को विस्थापित करना ताकी उनके खेत घास के मैदान बना कर हिरणो को भोजन उपल्ब्ध कराया जा सके , दूसरा भारत के समस्त  वनो कॊ फ़ल और फ़ूल दार पेड़ो से युक्त मूल प्राक्रुतिक वनो मे तब्दील करना तीसरा --- तभी माता ने टोका वाह क्या इससे भी मुश्किल और श्रमसाध्य तरीका खोज रहे हो । प्रभु मुस्कुराये और कहा लो भागवान मै आसान राह बता देता हूं इन ५००० गांवो मे रहने वाले किसानो से घास की खेती करवाई जा सकती है और धीरे धीरे प्राक्रुतिक वनो के पुर्नस्थापन के कार्य मे लगाया जा सकता है ।

माता ने पूछा और घास की खेती करने वह घास बिकेगा कहां प्रभु ने जवाब दिया वह घास वन्यप्राणियो और गांव के पशुओ के लिये होगी और  घास की खेती मे लागत और श्रम कुछ नही है और प्रति एकड़ धान की खेती मे होने वाला १०००० का फ़ायदा तो सरकारी सबसीडी से ही आता है उसी सबसीडी को नकद भुगतान किया जा सकता है। और रही बात दीगर खर्चो की वह तो जिन इमारती पेड़ो को काट कर हटाया जायेगा उनको बेच कर  ही पूरा हो जायेगा । इस विधी का प्रयोग करने से आदिवासियो को हटाना भी नही पड़ेगा और एक बार प्राक्रुतिक वन स्थापित हो गये तो वनवासियो का जीवन उनसे और पर्यटन से खुशहाल हो ही जायेगा ।

प्रभु ने माता से कहा कि उपाय मैने बता दिया है अब तुम नेताओ और वनाधिकारियो को समझाकर यह कार्य संपन्न कराओ । माता के जाते ही प्रभु ने चैन की सांस ली और नंदी से कहा चल भाई अब कम से कम १०० साल तक माता सरकारी दफ़्तरों के चक्कर लगाती रहेंगी तब तक  कैलाश चल कर कुवांरी जिंदगी का आनंद लिया जाय ।