Thursday, September 22, 2011

सत्ता सुंदरी के डाकिये दवे जी और नेता गण

हम सत्ता सुंदरी को पत्र पहुंचा लौटे ही थे कि एक भाजपाई नेता हम से आकर लिपट गये। हमनें हड़बड़ा कर दूर धकेला, कहा- " ए भाई दूर हटो, हम उस टाईप के आदमी नही हैं।"  नेताजी शर्मांए, बोले -" दवे जी आप हमें गलत समझ रहे हैं। वह तो आप सत्ता सुंदरी से मिल कर लौटे हो न,  इसलिये हम आपसे लिपट गये कि उनकी कुछ सुगंध मिल जाये।"  हमने माथा ठोका- "अरे भाई, क्या किसी सुंदरी को पत्र लेकर आये डाकिये से लिपटते देखा है क्या, जो उनकी सुंगध पाने हमसे लिपट रहे हो,  खैर क्या काम है बताईये।"  नेता जी फ़िर हमारे समीप आ गये बोले


दवे जी कुछ तो हाल बताओ  सुंदरी की  कयामत बाहों का ।

वो जो सिमटते होंगे ना उनमें  मियां वो तो मर जाते होंगे ॥


हमने कहा -"मरते नही है नेता जी, पगला जाते हैं, फ़िर सत्ता सुंदरी ऐसा झटका देती है कि चारो खानें चित्त,  आप खामखां एलिया साहब की शायरी मत चटकाओ, मुद्दे पर आओ"।

नेता जी बोले- " आप सत्ता सुंदरी को किसका पत्र पहुंचा कर आये हैं, बताईये।"  हमने कहा-  "प्रेम पत्र पहुंचाने का काम बड़ा सीक्रेट होता है। किसी को कानो कान खबर न होनी चाहिये,  हां शादी के बाद डाकिया भले डींग हांक सकता है कि हम न होते तो ये रिश्ता परवान न चढ़ता।"  तभी एक कांग्रेसी नेता पहुंच गये, बोले- "और किसका पत्र होगा मोदी ही होगा वही भूख हड़ताल पर बैठा है उपवास की नौटंकी कर रहा है"।

हमने कहा - " क्यों भाई नौटंकियो का ठेका सिर्फ़ कांग्रेसियों को मिला हुआ है क्या कि विरोधियों के राज्य में पहुंच हाय तौबा मचाने लगे,  कोई उपवास में बैठा हो तो सामने तंबु डाल के अपना नौटंकी चालू कर दिया"।


फ़िर हमने कहा- "भाईयो हम आप लोगो जैसे हराम के पैसों में नही जीते हैं, काम करना पड़ता है सो काम बताना हो तो बताओ वरना हम चले"। दोनो नेताओं ने सता सुंदरी तक पहुंचाने अपनी अपनी चिठ्ठी हमारे हाथ में रख दी, हमने कहा- "ठीक है भाई, पहुंचा देंगे आप लोग जाईये।"  दोनो नेताओं नें टलने से इंकार कर दिया, बोले- "दवे जी, जब तक चपरासी का हाथ गरम न हो फ़ाईल उपर नही आती और अफ़सर की नजर नही जाती। ठीक वैसे ही अगर हम आपको खुश न करेंगे तो आप हमारी चिठ्ठी रास्ते में गुम कर देंगे।"

हमने कहा- "खुश कर दो भाई कहां दिक्कत है"।  वे बोले- "दवे जी, एक बार सत्ता सुंदरी हमारी हो जाये,  आपका खुद का पक्का मकान होगा, खेती होगी, बच्चे अच्छी स्कूलों में पढ़ेंगे,  पक्की सड़क होगी, सुरक्षा होगी, अच्छे अस्पताल होंग।"। हमने बीच टांग अड़ाई- "ओ भाईयों होश में आओ, क्या  रटे रटाये वादे पढ़ रहे हो और हमको भारत की आम जनता के जैसा समझ लिया है क्या।" कांग्रेसी नेता ने सुर बदले, बोले - "आप गुजरात के दंगो को भूल गये। तीन हजार लाशों का हिसाब आप को याद न रहा जो आप मोदी का पत्र पहुंचाते हो।"  हमने बड़ी पीड़ा से कहा कि

जो दामनो मे दाग ही ढूढेंगे आलम।

 फ़िर तो कभी कोई अपना  न मिलेगा ॥

हमनें कहा- "कांग्रेसी बाबू , चौसठ साल में कितने मरीजो, नवजात शिशुओं, महिलाओं नें बिना इलाज के दम तोड़ा होगा और कितने लोग भूख से, कर्जे में डूब मरे होंगे, आप तो पुरुलिया जैसे आतंकवादियों को हथियार देने मे भी गुरेज नही करते हो भिंडरावाले को भी आपने ही खड़ा किया था। सिख दंगो समेत देश मे हुये कितने दंगो का खून आपके सर है। हम तो यह सोचते हैं कि मोदी जी दोषी है या नही यह तो उपर वाला ही जानता होगा और दोषी हुये भी, तो क्या उसने अपनी गलती सुधारी या नही। दूसरी बार दंगे हुये या नही,  इमानदारी से विकास किया या नही और उस विकास का लाभ अल्पसंख्यकों और पिछड़ों को मिला या नही।"

हमने कहा- "खैर आप यह छोड़ो ये बताओ कि आप कैसे पत्र भेज रहे हो,  कांग्रेस में गांधी परिवार के अलावा कौन सत्ता सुंदरी के ख्वाब देख सकता है। नेता जी ने सीना फ़ुलाया बोले हम बाबा का ही पत्र लाये हैं।" हमने कहा- " इसके साथ 2G घोटाला, KG बेसिन घोटाला, कामनवेल्थ घोटाला आदी के सिफ़ारशी पत्र भी लगा दो, सत्ता सुंदरी पर बड़ा अच्छा प्रभाव पड़ेगा।"  फ़िर हम भाजपाई की ओर मुड़े पूछा -" आप मेरे ब्रदर की दुलहन पिक्चर देख आये हो क्या, जो मोदी भाई के होते हुये पत्र भेज रहे हो।" भाजपाई बोले गठबंधन की समस्या के कारण और हमारे यहां अनेक योग्य दावेदार हैं सत्ता सुंदरी के।

हमने कहा- " क्या योग्यता है आपके योग्य उम्मीदवारी की, कांग्रेसियों के समान भ्रष्टाचार, रिश्वत, बेईमानी, अरे भाई सत्ता सुंदरी को बेईमान वर ही चाहिये तो ये कांग्रेसी क्या बुरे हैं,  एक से बढ़ कर एक रिकार्ड बना रहे हैं। हां झूठे दुष्प्रचार के मामले मे आप जरूर आगे हैं कि मोतीलाल नेहरू का बाप मुसलमान था, स्विस बैंक मे फ़ला का इतना पैसा जमा है, हिंदु राष्ट्र का पतन ईरान से चालू हुआ, मुसलमान लव जिहाद फ़ैला रहे हैं, मुसलमानो ने ऐसा किया, वैसा किया। बंग्लादेश से सीमा विवाद के निपटारे में मनमोहन ने देश बेच दिया। और फ़ैला भी क्या सकते हो, इमानदारी तो है नही। एक बात कान खुल कर सुन लो हम मोदी के अलावा किसी के पत्र की सिफ़ारिश करने वाले नही हैं। 

इतना सुन दोनो भड़क गये, हमसे बोले- "डाकिया हो सीधे पत्र पहुंचा देना, होशियारी दिखाने की जरूरत नही है।" उनके जाने के बाद बाजू में खड़े कालू ने हमसे कहा- "अब क्या करोगे भैय्या"। हम बोले- "पत्र नाली में और क्या।" कालू ने सर खुजाया बोला- " आपको सत्ता सुंदरी का डाकिया किसने बनाया।" हमने कहा- " प्यारे आप और हम ही तो इन नेताओं और सत्ता सुंदरी के बीच माध्यम हैं  हम ही रिश्वत न लें और अपना काम इमानदारी से करें तो क्या मजाल है कोई बेईमान सत्ता सुंदरी पर डोरे डाल सके।"


खैर साहब यह तो रही हमारी बातचीत, आप भी ध्यान रखियेगा सत्ता सुंदरी तक कोई गलत आदमी न पहुंच पाये। जात,धर्म, नफ़रत, और लालच के आधार पर दिया गया वोट, हरदम देश को पतन की ओर ही ले जाता है।

Monday, September 19, 2011

सखी मन्नू बहुत ही कमात है महंगाई डायन खाये जात है

मित्रो आपके खासमखास याने दवे जी नाम के फ़ोकटचंद सलाहकार को दस धनपथ से बुलावा आया स्वयं सोनिया जी का।  जाकर बैठे ही थे कि सोनिया जी गुनगुनाते हुये कमरे में पहुंची कि "सखी मन्नू बहुत ही कमात है, महंगाई डायन खाये जात है"।  वे हमें देख कहने लगीं-  " दवे जी महंगाई सुरसा के मुंह की तरह बढ़्ती ही चली जा रही है, घर खर्च पूरा नही बैठता आप कोई रास्ता दिखायें"। हमारा मुंह खुला का खुला रह गया,  कहा- "मम्मी जी आप और पैसे की कमी, चारों ओर इतना भ्रष्टाचार कर रहे हैं आपकी पार्टी वाले और मम्मी को कड़की, हद हो गयी जनता से बेईमानी तो छोड़ो आपसे भी बेईमानी करने लगे"।

मम्मी जी भड़क गयीं,  बोलीं - "आपको रास्ता दिखाने बुलाया है, होशियारी दिखाने नहीं।  दुखी हम देश की आम जनता के लिये हैं कि हमारा मन्नू इतना विकास करवा रहा है और फ़िर भी जनता महंगाई से त्रस्त है, इससे कैसे निपटा जाये यह बताओ"। हमने कहा -"  आपकी पार्टी में  दो प्रकार के लोग तो हैं,  कमाने के लिये अर्थशास्त्री और बचाने के लिये वकील,   हम आपको क्या सलाह दें।  वैसे आपके मन्नू को कहिये कि पेट्रोल डीजल का भाव कम करवा दे कुछ तो राहत मिलेगी"।


मम्मी जी बोलीं- "हमने कहा था मन्नू से,  पर उनका कहना था कि दाम अंतराष्ट्रीय मूल्यों पर ही निर्भर करते हैं"। हमने कहा- "मम्मी जी यह सब टोपी बाजी की बाते हैं, जनता त्राहिमाम कर रही है, आपको पता नही है, लोग बोल रहें है कि दिल्ली में बम विस्फ़ोट से आपकी धमाकेदार देश वापसी हुयी है और आपकी पार्टी ने मुंह दिखाई में आपको पेट्रोल की मूल्य वृद्धी दी है"। मम्मी जी दुखी हो गयीं,  बोलीं- "हम करें क्या, ये लोग तो बहाना मार देते हैं, अब हम सलाह लें तो किससे"। हमने कहा - "बात सही है मम्मी जी, अब लड़का ही कालेज फ़ेल नालायक निकल जाये तो कोई क्या करे"।  मम्मी जी भड़क गयीं- "क्या मतलब है आपके कहने का"। हमने बात संभाली- "क्या है मम्मी जी ये सब मंत्री तो आपके पुत्रवत ही हैं न इतना पढ़ कर आये हैं, लेकिन देखिये फ़ेल हो गये  मंहंगाई नही रोक पा रहे"।


सोनिया जी बोलीं- "अब करना क्या होगा"।  हमने कहा- "मम्मी जी आपका जो मन्नू है न,  उसको कालेज में किसी ने पढ़ा दिया कि मंदी उर्फ़ रिसेशन बुरी चीज है। इसलिये उसे आने देना ही नही चाहिये, यह बात गांठ बांध कर मन्नू ने रख ली है और यही मुसीबत की जड़ है"। वे बोलीं- "पगला गये हैं क्या दवे जी, रिसेशन से तो देश में हालात बिगड़ जायेंगे"। हमने कहा- "आपके मन्नू ने कृत्रिम तेजी लायी है तो उससे निपटा मंदी के हथियार से ही जा सकता है। मुख्य बात यह कि पिछली बार जब मंदी आयी तो आपके मन्नू नें उससे बचने के लिये नोट छाप कर बाजार मे ढकेल दिये। उससे महंगाई बढ़ गयी"। बात मम्मी जी के भेजे मे न घुसते देख हमने उदाहरण दिया- "देखिये मुख्यमंत्री के  पद के तीन दावेदार है,  सबके पास दस दस करोड़ रूपया है तो आपको  मुख्यमंत्री पद के पद की क्या कीमत मिलेगी"। मम्मी जी बोलीं- "दस करोड़ रूपये और कितनी"।  हमने कहा -"और तीनो के पास बीस करोड़ रूपया हो तो"। मम्मी जी खुश हो कर बोलीं- "बीस करोड़ रूपये"।  हमने कहा- "देखिये मुख्यमंत्री के पद के लिये महंगाई बढ़ गयी की नही। ऐसे ही देश में आपके मन्नू ने नोट छाप कर पैसा डबल कर दिया है, सो कीमतें डबल हो गयी है।

मम्मी जी बोलीं- "अब कैसे कम होंगी" हमने कहा- "आपका मन्नू बैंक की ब्याज दरें बढ़ा रहा है, पेट्रोल और अन्य चीजों के भाव बढ़ा रहा है कि इससे अतिरिक्त पैसा मार्केट से बाहर हो जाये। पर इससे फ़ायदा हो नहीं रहा कुछ उल्टे आम आदमी के सामान खरीदने की क्षमता कम हो रही है। मम्मी बोलीं - "यस, फ़िर मांग घटने से भाव गिर जायेंगे"। हमने सिर ठोका- " मांग विलासिता की चीजो की घटेगी, जरूरत की चीजों की नही।

बात मम्मी जी के भेजे में घुस गई, बोलीं- "इसका उपाय क्या है दवे जी"। हमने कहा- "हायर इनकम ग्रुप पर तगड़ा टैक्स लगाना। छठवे वेतनमान में बढ़ी अनाप शनाप तंख्वाहों कॊ कम करना और प्राईवेट सेक्टर में सैलरी के कंपोनेंट को तय कर अनाप शनाप तनख्वाहों में कमी लाना। उंचे भ्रष्टाचार वाले क्षेत्रों में सरकारी खर्च को न्यूनतम स्तर पर ले आना। फ़ूड सेक्टर को आर्गेनाईज कर बिचौलियों को खत्म करना। उंचे सरकारी पदो पर बैठे अधिकारियों और पूंजीपतियों के कृषी जमीन के स्वामित्व पर प्रतिबंध लगाना। इससे करोड़ो एकड़ बेकार पड़ी कृषी भूमी में उत्पादन होगा, जमीन की बढ़ती अनाप शनाप कीमतों पर नियत्रण आयेगा। और आखिरी कदम भारत के तैतीस प्रतिशत क्षेत्र मे फ़ैली वनभूमी से साल सागौन नीलगिरी जैसे पेड़ों को हटा उनमे फ़ल और फ़ूलदार पेड़ों का रोपण करना। इससे आदिवासी और वन्यप्राणियों को भोजन मिलने के साथ साथ शेष लोगो को भी सस्ती कीमतों पर भोजन मिलेगा"।


इतना सब सलाह दे, हम तो साहब वापस आ गये पर हमें आशा नही कि प्यारी मम्मी और उनके चालीस चोर हमारी सलाह में अमल लायेंगे। हां बाबा रामदेव इन सलाहों को अपने एजेंडे मे ले लें तो भी कम से कम उनका अभियान तो चमक ही जायेगा।