Monday, May 14, 2012

वीर्यवान एन डी तिवारी का खून




साहब हिंदुस्तान बड़ा गजब मुल्क है। जाती धर्म की विविधता के साथ यहां विचित्र लोगो की भी कोई कमी नही, भांती भांती के  पाये जाते हैं। अब ताजा मामला देखिये एक कह रहा है- "फ़लां मेरा बाप है"। फ़लां कह रहा है कि- "नही, मै इसका बाप नही।" अब इन तथाकथित बाप बेटे के लफ़ड़े से देश की सत्ताधारी पार्टी का चेहरा काला हो रहा है। लोग बोलते हैं कि हाय इस महान देश की महान पार्टी के फ़लां नेता अईसा है। तो बाकी कैसे होंगे। फ़ेर ऐसे लोगो को और दुखी करने के लिये हर महिने कोई न कोई सीडी मार्केट में आ जाता है। चाल चरित्र और चेहरा वाला महान विपक्षी पार्टी भी खामोशी से इस लफ़ड़े के सलटने के इंतजार में है। आखिर सीडी का क्या है, किसी का भी बन सकता है। और चाल चेहरा चरित्र तो घोषणापत्र का मैटर है नेताओ का थोड़ी।

खैर साहब बात भटक गयी, ये तिवारी साहब अपना खून देना नहीं चाहते, पता नही क्यों ? जमाना तो जाने चुका है उनका पराक्रम। हैदराबाद के राज्यपाल रहते उ एक नही दो दो षोडसी कन्याओ के साथ रास लीला रचाते आन रेकार्ड सीडी में मौजूद हैं। सो इज्जत वाला मामला तो अब है नही। अब किसी को अपना बेटा मानने से इंकार का कारण हो क्या सकता है? अपनी छोटी से खोपड़ी में इतना लाईट जरूर जलता है कि बेटा निकला तो संपत्ती में हिस्सा बाटा मांग लेगा। पर इस बुढ़ापे में "राम" नाम के अलावा कौन संपत्ती काम आने वाला है। जा तो आखिर बेटा को रहा है न। और पूरा जिंदगी  नोट सूते हैं,  पूरा व्हाईट में तो होगा नही। अधिकांश मामला ब्लैक में ही होता है। उ तो अक्क्षुण रहेगा आफ़िशियल बच्चो के पास। एक संभावना यह भी बनती है कि आफ़िशियल बच्चे पांच गांव भी नही देंगे वाला दुर्योधनी स्टैंड लेकर बाप के सामने अड़ गये हों। खैर अब तिवारी जी का खून भारी संकट में है। कोर्टवा अड़ गया है, पुलिस भेज कर भी निकाले लेगा। वैसे आज कल पेनलेस इंजेक्शन आ गया है। खून देते टाईंम दिल में केतना भी दर्द हो, शरीर मे नही होगा। वैसे अब पुराना जमाना भी नही रहा, हर जगह मीडिया  आ गया है। पहले क्या था, जब हेरोईन का सैंपल जादू से पाउडर बन जाता था। तो तिवारी जी के खून के बदले गिरगिट का खून बन जाता। वैसे भी नेताओ का खून इंसानो से कमे मिलता है। माफ़ कीजियेगा, ये बात हम बेईमान नेताओ के विषय में कह रहे थे। ईमानदार नेताओ का खून तो सीधा गांधी या गोड़से (जो जिस विचारधारा का हो ) से मैच खाता होगा।

अब आ जाईये  इस बेटा के मामला में। वो भी गजब आईटम है। अरे भाई कांग्रेसी नेता है, भव्य इतिहास है ऐसे नेताओ का खिला पिला कर मामला सेटल कर लेने का। भाजपा टाईप थॊड़े के बंगारू टाईप फ़ंस गये। तो लगे हाय हाय करने कि हमारे खिलाफ़ साजिश हो गया। अरे भाई पईसा का लंबा आफ़र था। दस खोखे का मार्केट में खबर भी है। पर उ बेटवा है कि अड़ गया कि नहीं मै इसका बेटा बन कर ही रहूंगा। ले भाई, बेटा बन के मिलेगा क्या ? पईसा तो वैसे भी मिल रहा था। और वीर्य पुरूष का बेटा बनना आसान बात है क्या। हमारे यहां तो मुहावरा भी है। जैसा बाप वैसा बेटा। सभ्य समाज अपनी बेटियो को दस कोस दूर रखेगा। कि भाई वीर्य पुरूष का बेटा है। कही बाप की तरह खोंसू न हो। जो मिलेगा वही मन में सोचेगा। इतने साल बाद बाप मिला बेचारे को, वो भी कैसा लंपट। अरे भाई कांग्रेसी का बेटा होने का मतलब थोड़े है कि विरासत में मंत्री- उंत्री बन जाओगे। उसके लिये राहुल उर्फ़ पप्पू के टाईप चांदी का चमची मुंह में ले गांधिये परिवार में पैदा होने से काम होता है।

खैर साहब हिंदुस्तान है, यहां कुछ भी हो सकता। और ये नेता मंत्री भी न दूर- दर्शन देखना चाहिये। राष्ट्रीय चैनल है, अच्छा सलाह- उलाह देता है। कल ही आ रहा था- "जरा सी सावधानी, जिंदगी भर आसानी।" चलिये साहब जियादे बात करने का आदत तो हमको है नही। ये फ़ेस बुकिये हमको कोचक के खामखा उल्टा सीधा लिखवा देते हैं।कल को ये न हो कि दवे जी संसद का अपमान कर रहे हैं।



Wednesday, May 9, 2012

आओ मुसलमानो से बदला चुकाएं

सोशल मीडिया में आग उगलते घूम रहे लोगो की कमी नही है। ये लोग अलग अलग धर्मो से वास्ता रखते है और अपने धर्म के पूर्वजो पर हुये अत्याचार का बदला चुकाने इनकी भुजाये फ़ड़क रही होती है। लेकिन इनकी भुजाये चाहती है कि बाकियो की भी भुजाये फ़ड़के। ताकी अकेले बदला चुकाने का में होने वाला जोखिम बाकियो के साथ आ जाने से कम हो जाये। इसे एक तरह का इंश्योरेंस भी कहा जा सकता है। ऐसे लोग अमूमन भावुक होते है जिन्हे किसी संगठन विशेष के प्रोपोगेंडा अभियान ने उत्तेजित किया होता है। मेरे पिछले लेख में ऐसे ही एक सज्जन ने टिप्पणी की कि दवे जी आपकी मां बहनो से किसी ने बलात्कार किया हो। और उस बात को काफ़ी समय गुजर गया हो। तो क्या आप उसे भूल जायेंगे। एक दूसरे सज्जन ने टीपा कि जयचंद जैसे गद्दार आज भी है। असभ्य शब्दो मे इसे कहा जाये तो दवे जी हिंदु धर्म के गद्दार है लिखा गया था। तो चलिये आज इस मामले पर चर्चा कर ली ही जाये कि बदला कैसे चुकायें।

इतिहास का बदला मुसलमानो से चुकाने का खयाल कोई बुरा खयाल नही है। हजारो सालो का इतिहास बहुत से लोगो को बहुत से लोगो से बदला करने के लिये प्ररित करने में सक्षम है। और अगर कोई चाहता है कि मुसलमानो से बदला चुकाया जाये। तो फ़िर वही बदला चुकाने के हकदार वे दलित भी है। जिन पर उंची जाती के हिंदुओ ने सदियो तक छुआछूत से लेकर क्या क्या जुल्म नही ढाये। मुंशी प्रेमचंद से लेकर अदम गोंडवी  की अनुपम कृतियां आपको इस की झलके दिखा सकती हैं। या उनसे आप ये कहेंगे कि-" हे दलितो कहा सुना माफ़ करना ।"और मुसलमानो से कहेंगे कि- "रै मुसलमान हम कहा सुना माफ़ नही करेंगे।"

चलिये अब आगे भी चला जाये। दलित वाला मामला तो हिंदुओ का आपसी मामला है। और मुसलमान आपसी नही हैं। भला जिस "हिंदु का खून न खौले खून नही वो पानी है" वाला संगठन विशेष का नारा किस तरह भुलाया जा सकता है। अब देखना यह है कि जिन लोगो के उपर ये जुल्म हुये उनका क्या हुआ। आखिर उनका बदला ही न चुकाने के लिये खून खौल रहा है। उनका बना साहब ये कि उन्हे मुसलमान बना दिया गया तलवार की जोर पर। और जब आक्रमणकारी लौट जाते थे। तब उस समय के हमारे हिंदु ब्राह्मण जिनमे से किसी एक का वंशज मै भी हूं। उन्हे हिंदु धर्म में वापस लेने से मना कर देते थे। बने फ़ायदे के लिये कुछ जमींदार राजा व्यापारी भी। पर ऐसे लोगो को प्रतिशत बहुत कम है आखिर हजारो मे एक आदमी ही न अमीर हो सकता है।  जिस कश्मीर के लिये संगठन विशेष का नारा है "दूध मांगोगे तो खीर देंगे, कश्मीर मांगोगे तो चीर देंगे।" उसी कश्मीर में जब जबरदस्ती मुसलमान बनाये गये लोगो ने धर्म वापसी करना चाहा। तो आदरणीय राजपुरोहित जी नदी मे कूड गये। आपके उपर आक्रमणकारी कौन थे अरबी, तुर्क, मंगोल  और भारत के मुस्लमानो मे से कितने अपनी वंश रेखा उन से जोड़ सकते हैं। अब मेरे खून खौलाने वाले भाईयो क्या जिनके उपर हुये जुल्म का बदला भुंजाना है उन्ही को मारोगे। अरे भाई जरा हवाई जहाज का इंतजाम करो। चलते हैं तुर्की मंगोलिया अफ़गानिस्तान। वहा जाकर खून खौलायेंगे, आप लोग आत्मघाती हमलावर बन जाना। दवे जी  आपका साथ देने के लिये लव जिहाद कर आयेंगे एकाध सुंदरी से बियाह कर लेंगे। 

कई स्वयंभू राष्ट्रभक्त मांग रखते है कि मुसलमान यह माने कि उनके उनके पूर्वज हिंदु थे। अरे भाई क्यो मानेंगे?  हमी लोग तो मना कर दिये थे कि अब तुम हिंदु नही रहे मुसलमान हो गये हो। इतनी सदियो से जो इंसान जिस धर्म मे रच बस गया है उसको अपना धर्म निभाने दो, हम अपना निभायें। हम  गायें वंदे मातरम तो मुस्लिम गायें बंदा ए मातरम, झगड़ा खत्म। कभी तो मैं सोचता हूं कि कहीं ये संगठन विशेष वालो और मुसलमानो के संगठन विशेष वालो के पूर्वज एक ही तो नही थे। दोनो के लक्षण केतना मिलते जुलते है। दोनो विरोधी धर्म के खिलाफ़ दिन भर आग उगलते है। दुनो प्रोपोगेंडा के लिये एक से एक नायाब कहानिया गढ़ लाते है। वो पाकिस्तान में इस्लामिक राष्ट्र बनाने में भिड़े है। ये हिंदुस्तान में हिंदु राष्ट्र बनाने को कमर कसे हुये है। मजे की बात ये है ये दोनो एक दूसरे का हवाला दे, हमसे कहते कि लड़ने मरने तैयार हो जाओ। अरे भाई तुम लोग आपस में काहे नही लड़ मर जाते फ़ोकट हम लोगो का खून खौलाने में लगे रहते हो।

चलिये अब और आगे चले इस पर विचार करें। कि कैसे करोड़ो आदमियो के मुल्क में महज कुछ लाख हमलावर आकर इस तरह खून खराबा कर सकते थे। कर ऐसे सकते थे कि हम जात पात में,  राज्यो में बटे हुये थे। आपस में लड़ मर रहे थे। हम में से कुछ आपसी झगड़े के कारण दुश्मनो का साथ देते थे। आज आजादी के आंदोलन मे एक सूत्र भारतीयता से बंध हम एक है, मजबूत है। यदि हम फ़िर आपस में धर्म के नाम पर भाषा के नाम पर जात के नाम पर लड़ने लगें। तो फ़िर हमारे मुल्क के हालात वैसे ही हो जायेंगे जिसमे दुश्मन हमारा सीना चीर सकता है।

अरे भाई हिंदु हो तो ईश्वर से डरो, मुसलमान हो तो खुदा का खौफ़ करो। क्यो आने वाली नस्लो के लिये जहर की बुनियाद रखते हो। अपने घर से मच्छर, चीटी, काकरोच तो हम खत्म नही कर सकते । कैसे हिंदु मुसलमानो को खत्म कर लेगा या मुसलमान हिंदुओ को खत्म कर लेगा। और जब रहना साथ ही तो भाई बनकर रहने मे भलाई है कि दुश्मन बन कर। अभी भी तर्क दिये जा सकते हैं कि हम तो शांती से रहते हैं। सामने वाला फ़लां करता है, ढिकां करता है। तो भाई कानून व्यवस्था है कि नही देश मे। जो गलत कर रहा है उसकी रिपोर्ट की जा सकती है कि नही। आतंकवाद को अंजाम उसी कौम को सबसे अधिक उठाना पड़ता है जो इसमे शामिल हो। भरोसा नही तो पाकिस्तान को देख लें हमारे यहां आतंकवद एक्सपोर्ट करने का कारखाना आज उसे ही तबाह कर रहा है कि नही। और हां यह भी याद रहे इन नेताओ के भी पूर्वज एक ही है चाहे वो मुसलिम नेता हो या हिंदु नेता। इतिहास उठा कर देख लीजियेगा तब भी ये ऐश ही कर रहे थे और आज भी कर रहे हैं।