Thursday, May 19, 2011

जागो हिंदू सेना की धमकी

साहब नुक्कड़ पर, अकेले ही यूरिया वाली चाय पी रहा था कि भगवा झंडा लहराते कुछ लोग पहुंच गये। चाय वाले से पूछा- "वो कमीना व्यंग्यकार दवे कहां मिलेगा, जो अपने लेखो मे भगवान शिव को पात्र बनाता है ।  भाई सोहन शर्मा ने बात संभालने की कोशिश की- "भाई, लेखो में तो शिव जी का कही अपमान नही करता।  खाली उनके माध्यम से व्यवस्था पर प्रहार करता है।" भगवा नेता भड़का- "वो मैं कुछ नही सुनूंगा। भगवान का नाम ही क्यों लिखता है। तुम तो ये बताओ,  है कहां वो।"  शर्मा जी ने बात टाली- "वो बाहर गया है, अगले हफ़्ते आयेगा।"  नेता जी ने धमकी दी- "बता देना उस धर्म द्रोही को। हमें जहां मिलेगा वहीं मारेंगे। और तो और मर कर नर्क जायेगा, तो शिव जी उस को छोड़ेंगे नही।"

भगवा पार्टी के जाते ही, थर थर कांपता मैं घर पहुंचा। श्रीमती को सारी बात बताई। श्रीमती ने गंभीरता से विचार किया, बोलीं- "भगवा पार्टी से तो कोई डर नही। पर भगवान वाला मामला गंभीर है।" मैं सकपकाया- "वाह, भगवान तो मरने के बाद सजा देंगे। पर ये तो अभी पीटने खोज रहे हैं।" श्रीमती जी ने तर्क दिया-  "आप अपनी जिम्मेदारियो तक से तो भाग जाते हो। तो ये क्या खाक तुम्हे पकड़ पायेंगे।" मैने कलप कर कहा- "इस आड़े वक्त में भी आप हमें जली कटी सुनाने से बाज नही आ रही।" श्रीमती ने विषय बदला- "वो छोड़िये, तत्काल शिव जी के पैर पकड़ अपना परलोक तो सुधारिये। तब तक मै भैया से कह कर भगवा पार्टी मामला निपटाती हूं।

छुपते छुपाते मै शिव मंदिर पहुंचा। पहुंचते ही प्रभु के पैर पकड़ लिये। गिड़गिड़ाने लगा- "प्रभु मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई, मुझे माफ़ कर दीजिये। आधे घंटे तक रोने गाने पर भी जब प्रभु प्रकट न हुये। तो मैने पैतरा बदला- " हे महादेव, मैने तो केवल कुछ लेखो में आपके माध्यम से जनता को संदेश दिया है। इस पर आप मुझसे इतने खफ़ा हैं और जागो हिंदू वाले मुझे मारने खोज रहे हैं। जिन दिनकर जी ने संस्कृति के चार अध्याय नामक पुस्तक में। आपके बारे में विभिन्न श्लोको के द्वारा तमाम उदाहरण दिये हैं। उनको राष्ट्र कवि माना जाता है। कालिदास जी  के ग्रंथ कुमार संभव में तो आपके वैवाहिक  संबंधो का जीवंत चित्रण है। उनका तो ये जागो हिंदू वाले  कालिदास समारोह मनाते हैं, महाकवि बुलाते हैं।" लेकिन प्रभु फ़िर भी प्रकट नही हुये। मैने रणनीती बदली और  दोहे का सहारा लिया।

दिनकर अच्छा, कालीदास है प्यारा
फ़िर कहो प्रभु अपराध हमारा

इस दोहे को सुन भी प्रभु प्रकट न हुये।  मैने फ़िर उनको याद दिलाई- हे देवाधिदेव महादेव, गीता तक में शरण मे आने पर सारी गलतिया माफ़ कर देने की बात कही गयी है ।
सर्व धर्मान परित्यज्य मामेकं शरणं व्रजः
अहं त्वा सर्व पापेभ्यो मोक्षिष्यामी मा शुचः

लेकिन साहब इस पर भी काम न बना। तो मैने प्रभु को उनके अराध्य प्रभु श्री राम का हवाला दिया

प्रनतपाल रघुनायक करूना सिंधु खरारी ।

गएं शरण प्रभु राखिहैं तव अपराध बिसारी ॥


इतनी सारी दलीले,  रेफ़रेंस से  प्रभु को प्रकट होना पड़ा। बोले- " अरे भाई मैं कोई नाराज नही हूं। क्या तेरे जैसे तुच्छ आदमी के लिखने से मेरा अपमान हो जायेगा। याद रख देवता मान अपमान से परे होते हैं। मनुष्य  खाली उनसे प्रेरणा लेकर उनकी निष्काम भक्ति कर। उनकी दी हुई शिक्षा को ग्रहण कर, जीवन म्रुत्यू के चक्र से बाहर निकल सकता है।  धर्म धारण करने की वस्तु है। अर्थात धर्म को ग्रहण कर तदानुसार आचरण करना ही सत्य है । धर्म की व्याख्या हर एक व्यक्ति अपनी आस्था और समझ के  अनुसार करता है ।"

फ़िर प्रभु ने सोचा- ’ये मै समझा किस गधे को रहा हूं। यदि  आदमी समझदार ही होता तो समझाने की नौबत ही क्यों आती।’ प्रभु ने पूछा- "ये तुझे किसने कहा कि मै तुझसे नाराज हूं।" अब मैने भगवा नेता को नर्क भेजने का प्लान बनाया- " प्रभु जागो हिंदु सेना का नेता  है। ये सेना बड़ा आतंक फ़ैलाती हैं।  वेलेन्टाईन डे पर पार्को मे जाकर प्रेमी प्रेमिकाओ को मारते हैं।" तभी मेरे अंदर का हिंदू बीच में बोल उठा "वैसे कुछ अच्छे काम भी करते हैं ये लोग। धर्मांतरण कराने वाले पादरियो को पीटते हैं देवी देवताओ के चित्रो का दुरूपयोग भी रोकते हैं प्रभु ।"


प्रभु ने कहा- "क्या किसी को रोकने से धर्म की रक्षा होती है।  धर्म की रक्षा धर्म की उन्नती से होती है। धर्म की उन्नती अच्छे आचरण से होती है, दानशीलता से होती है। धर्म शिक्षा के प्रचार प्रसार से होती है । क्या अमेरिका में किसी के कुरान जला देने से कुरान का महत्व कम हो गया। क्या उसमे दी हुई शिक्षा भी जल गयी?  नही न। क्या मेरा चित्र कपड़ो में लगाने से मेरा अपमान हो जायेगा?  नही हां। मेरे भक्तो की भावना आहत हो सकती है। पर इस पर शोर गुल मचाने से बाते और फ़ैलेगी आप चिढ़ते हो मालूम पड़ने से तो और भी लोग ऐसा करेंगे।" मैने कहा- "आपकी बात मै समझ गया प्रभु। पर वो भगवा नेता  तो नही समझा न। मुझे जहां देखेगा वही पीटेगा। प्रभु ने कहा- "बेटा उसको याद दिला देना कि तू तो पिट जायेगा,  पर तेरे पत्रकार भाई फ़िर उसको आसाराम बापू बना देंगे।"

प्रभु ने फ़िर कहा- "चलो मै आ ही गया हूं तो कोई वर मांगना हो तो मांग ले। मैं चीत्कार उठा-  "मुझे मेरी पत्नी की गुलामी से मुक्ती दिला दें प्रभु। झाड़ू पोछा  कर मैं थक गया हूं।" प्रभु मुस्कुराये और बोले- "बेटा तेरी पत्नी ने 101 सोमवार का व्रत कर, तेरे जैसा उत्तम पति पाया है। और तेरे पूर्व जन्मो के पाप तो तुझे भोगने ही हैं।  ये वर तुझे दे सकता हूं कि इन कामो बोझ को तू सह सके। और अपनी श्रीमती की तमाम जली कटी तू हंसते हंसते सुन ले।"  फ़िर तथास्तु कहते ही प्रभु अंतंरध्यान हो गये। और मै-  "रुकिये प्रभु रूकिये" पुकारते पुकारते बेहोश हो गया। आखें खुली तो मै बिस्तर के नीचे पड़ा था और श्रीमती  बड़बड़ा रही थी- "दिन में तो चैन से जीने नही देते। सपने में भी बड़बड़ा रहे हैं। कितनी बार कहा है ब्लाग लिखना बंद करो।  पर ये है कि मानते नही।

Tuesday, May 17, 2011

नुक्कड़ चर्चा - पेट्रोल की मूल्य बढ़ोतरी और भाई सोहन शर्मा का इस्तीफ़ा

नुक्कड़ पर यूरिया वाली चाय का दौर चल रहा था तभी भाई सोहन शर्मा कन्नी काट गुजरते नजर आये उन्हे घेर कर रोका गया और जनता ने चढ़ाई कर दी आपकी दादा गिरी नही चलेगी मूल्य बढ़ोतरी वापस लीजिये । शर्मा जी तत्काल प्रतिवाद किया इसमे मै कहां से बीच मे आ गया । जनता ने कहा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष हो की नही रेट कम करो वरना पीटेंगे  शर्मा जी गिड़गिड़ाये भाई ये सब निर्णय तो दिल्ली वाले नेता लेते हैं मै गरीब तो प्रदेश सम्मेलन मे भी पीछे बैठा रहता हूं । आसिफ़ भाई गुर्राये जब कोई निर्णय तेरे हाथ मे नही तो साले वोट मांगने क्यो आता है । मामला गर्माता देख मैने बीच बचाव किया यार आसिफ़ ये तो जिस पार्टी की नीतियो को पसंद करता है उसका प्रचार करता है यही तो लोकतंत्र है ।


मेरे हस्तक्षेप से मामला और गर्मा गया दीपक बोला अब शर्मा जी तुम बताना पड़ेगा कि कांग्रेस की कौन सी नीति पसंद करते हो जो वोट मांगने आये थे । शर्मा जी धीरे से बोले मेरी पार्टी धर्मनिरपेक्ष है गरीबो के हित मे काम करती है । आसिफ़ भाई फ़िर भड़क गये बोले ओसामा जी वाली धर्मनिरपेक्षता और मंहगाई बढ़ाने वाला गरीबो का खयाल अरे शर्मा जी तुमको तो बेशर्म जी कहना चाहिये थॊड़ी भी गैरत है तो इस्तीफ़ा दो तुरंत वरना जनता मार मार के भुर्ता बना देगी ।


शर्मा जी ने प्रतिवाद किया अरे भाई पेट्रोल का मूल्य सरकार के हाथ मे थोड़े ही है वो तो पेट्रोल कंपनियो के हाथ मे है । लोग फ़िर भड़क गये यदि ऐसा है तो चुनाव के पहले मूल्य क्यो नही बढ़ा नतीजे आने के बाद क्यो बढ़ गया बात साफ़ है शर्मा जी पेट्रोल कंपनिया भले नियंत्रण मे न हो लेकिन उनको चलाने वाले कांग्रेस के नियंत्रण मे ही हैं । शर्मा जी या तो आप महा मूर्ख हो जो ऐसी पार्टी मे हो और आपको पीटने से हमे कोई पाप न लगेगा और नही तो आपको इस्तीफ़ा देना ही पड़ेगा । शर्मा जी धर्म संकट मे पड़ गये एक तरफ़ पिटाई थी और दूसरी ओर कांग्रेस आई  । एक से शरीर मे तोड़ फ़ोड़ हो जाती और दूसरे से तो शरीर ही चलता था । शर्मा जी ने कातर निगाहो से मेरी ओर देखा और निगाहो ही निगाहो मे शाम की दावत का निमंत्रण भी दे दिया ।


मैने तुरंत घोषणा कर दी महा मूर्ख शर्मा जी नही आप लोग हो और इस्तीफ़े की इच्छा है तो भारत की नागरिकता से इस्तीफ़ा दे दो । आसिफ़ भाई बेहद गुस्से मे थे बोले दवे जी इस मामले मे लफ़्फ़ाजी नही चलेगी वरना आपके पिटने की नौबत भी आ सकती है । मैने कहा लफ़्फ़ाजी की बात ही नही है आप लोग तो खुश हो तभी तो सरकार ने रॆट बढ़ाया है सरकार चाहती तो मतदान के बाद भी बढ़ा सकती थी पर नही उसने देखा कि जनता उसकी महंगाई बढ़ाउ नीतियो को पसंद करती है कि नही है  मतगणना से साफ़ हो गया तीन राज्यों मे कांग्रेस की जीत हुयी । मतलब साफ़ था कांग्रेस की नीतिया सही हैं तो तत्काल जन भावना को स्वीकार कर कांग्रेस ने  रेट बढ़ा दिया।

दीपक बोला यार वो तो स्थानीय मुद्दो पर चुनाव हुये थे महंगाई तो राष्ट्रीय मुद्दा है । मैने कहा इस देश मे महंगाई कोई मुद्दा है ही नही तुम लोग वोट देते हो जात पात के नाम पर धर्म के नाम पर कोई गांधी नाम का चमचा है तो किसी को भगवा झंडा प्यारा है कोई यादव नरेश है तो कोई दलित रानी माया भक्त । भारत मे आदमी अपने हित को ध्यान रख वोट देता है देश हित मे नही । पांच रूपया रेट बढ़ गया तो शर्मा जी को मारने धर लिया जब २ लाख करोड़ का घोटाला हुआ तब क्यो नही मारने पकड़ा क्योंकि वो पैसा देश का जा रहा था और पेट्रोल का पैसा जेब से जा रहा है । जिस दिन नेता लोग देश बेच खायेंगे तब भी यदि हिंदु को बेच रहे होंगे तो दीपक खुश हो जायेगा मुसलमान खरीददार होगा तो आसिफ़ खुश हो जायेगा ।

तभी बीच मे गुप्ता जी बोल उठे हम ऐसे नही है । मैने कहा अकेले मे तुम ऐसे नही हो सब मिल जाओगे तो वैसे ही बन जाओगे । और ऐसे नही हो तो इस्तीफ़ा दो भारत की नागरिकता से और भाग जाओ और नही भाग सकते तो फ़ोकट मे मत चिल्लाओ । इतना सुन नुक्कड़ मे सन्नाटा छा गया और मै शर्मा जी को भीड़ से हटा कर दूर ले गया । शाम का प्रोग्राम तय करते समय मैने कहा यार शर्मा जी तुम कब ठीक ठाक नेता बन पाओगे मियां जब जब रेट बढ़े एक हफ़्ते के लिये गायब हो जाओ भारत की जनता है कितने दिन बात याद रखेगी